साउथ अफ्रीका के ऊंचे कद के क्रिकेटर मार्को यानसेन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने ऑलराउंड खेल से सबका दिल जीत लिया. उन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 85 रन बनाए. इसके बाद कंगारू टीम पर अपनी गेंदबाजी से कहर बरपा दिया. यानसेन ने पहली पारी में 5 विकेट लेकर कंगारू टीम को 99 रनों पर समेटने में अहम भूमिका निभाई. ऑस्ट्रेलिया को 21 साल के बाद टेस्ट क्रिकेट में विदेशी मैदान पर फॉलोऑन खेलना पड़ गया. इससे पहले वह 2005 में इंग्लैंड के खिलाफ ट्रेंटब्रिज टेस्ट में फॉलोऑन का सामना किया था और मैच हारा था.
यानसेन की ऑलराउंड क्षमता को देखते हुए दिग्गज तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने उनकी तारीफ की है. स्टेन ने यानसेन को मौजूदा समय में दुनिया का बेस्ट क्रिकेटर बताया. स्टेन ने सोशल मीडिया पर लिखा, '' मार्को यानसेन इस समय दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर हैं.'' यानसेन अगर पहली पारी में 85 रन नहीं बना पाते तो अफ्रीक टीम 425 रनों तक नहीं पहुंच पाती. उनके अलावा टीम के कप्तान तेम्बा बावुमा ने 179 और साइमन हार्मर ने 82 रनों की अहम पारी खेली.
Marco Jansen is currently the best cricketer in the world.
— Dale Steyn (@DaleSteyn62) October 21, 2026
यानसेन ने रचा इतिहास
6 फीट 8 इंच लंबे यानसेन जब बल्लेबाजी करने आए, उस समय साउथ अफ्रीका का स्कोर 6 विकेट पर 110 रन था. उन्होंने यहां से कप्तान बावुमा का साथ दिया और टीम मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला. बावुमा और यानसेन ने सातवें विकेट के लिए 132 रनों की साझेदारी की. यह 1896 के बाद साउथ अफ्रीका के लिए सातवें विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है. यह रिकॉर्ड यानसेन और बावुमा के नाम दर्ज हो गया.
गेंदबाजी में भी किया कमाल
बल्लेबाजी में जोरदार प्रदर्शन करने के बाद यानसेन गेंदबाजी में भी पीछे नहीं रहे. उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया. यानसेन ने 11 ओवर में 33 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए. उन्होंने ट्रैविस हेड, स्कॉट बोलैंड, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी और ब्यू वेबस्टर का शिकार किया. उनकी कहर बरपाती गेंदों के कारण ही ऑस्ट्रेलियाई टीम 99 रन पर सिमट गई.
ऑस्ट्रेलिया पर हार का खतरा
कंगारू टीम ने डरबन टेस्ट में शानदार जीत हासिल की थी. उस मैच में जीत के बाद ऑस्ट्रेलियाई ओपनर ट्रैविस हेड ने इंस्टाग्राम पर तेम्बा बावुमा का एक फनी मीम शेयर किया था. साउथ अफ्रीका टीम को यह अच्छा नहीं लगा और उसने दूसरे टेस्ट में ही जोरदार प्रहार किया. साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को फॉलोऑन के लिए बुलाया. कंगारू टीम अब टेस्ट क्रिकेट में फॉलोऑन मिलने के बाद कभी भी नहीं जीत पाई है. 40 मुकाबलों में उसे 29 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. 11 टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त हुए. अब देखना है कि इस मैच में क्या होता है.