पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने अपना नाम रिकॉर्ड बुक में दर्ज करा लिया है. रावल्पिंडी क्रिकेट स्टेडियम में रविवार (18 अक्टूबर) को श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही ODI ट्राई-सीरीज के पहले ही मैच में बाबर ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 16000 रन पूरे कर लिए हैं. लाहौर के इस दाएं हाथ के बल्लेबाज को इस ऐतिहासिक आंकड़े तक पहुंचने के लिए महज 7 रनों की दरकार थी, जिसे उन्होंने पाकिस्तानी पारी के 5वें ओवर की छठी गेंद पर हासिल कर लिया.
बाबर आजम पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए 16000 या उससे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने वाले केवल पांचवें क्रिकेटर बन गए हैं. रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ ODI ट्राई-सीरीज का यह मैच बाबर आजम का 355वां इंटरनेशनल मैच है. अब बाबर आजम के नाम 16,038 रन दर्ज हो गए हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड पूर्व कप्तान इंजमाम-उल-हक के नाम है. इंजमाम-उल-हक ने 1991 से 2007 तक सभी फॉर्मेट में 495 मैच खेले और 20,541 रन बनाए. उनके बाद यूनिस खान, मोहम्मद यूसुफ और जावेद मियांदाद का नंबर आता है.
1. इंजमाम उल हक - 495 मैचों में 20541 रन
2. यूनिस खान - 408 मैचों में 17790 रन
3. मोहम्मद यूसुफ - 374 मैचों में 17134 रन
4. जावेद मियांदाद - 357 मैचों में 16213 रन
5. बाबर आजम - 355 मैचों में 16038 रन
टेस्ट क्रिकेट - 66 मैचों में 4771 रन
वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट - 144 मैचों में 6633 रन
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट - 145 मैचों में 4596 रन
इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल रन - 355 मैचों में 16038 रन
यूनिस खान ने अपने इंटरनेशनल करियर का समापन 17790 रनों के साथ किया, जबकि मोहम्मद यूसुफ ने सभी फॉर्मेट में 374 मैच खेलकर कुल 17134 रन बनाए. वहीं, जावेद मियांदाद ने 1975 से 1996 तक टेस्ट और ODI मैचों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया और 357 मैचों में 16213 रन बनाए. बाबर आजम ने 66 टेस्ट मैचों में 4771 रन, 145 T20I मैचों में 4596 रन और 144 ODI मैचों में 6671 रन बनाए हैं. बाबर आजम T20I क्रिकेट में अब तक के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं, जबकि ODI क्रिकेट में पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले क्रिकेटर्स की लिस्ट में वे नौवें स्थान पर हैं. इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है. सचिन तेंदुलकर ने 1989 से 2013 तक इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा 34357 रन बनाए हैं.