बाबर का सत्ते पे सत्ता! 7 गए, 7 आए, अब 11 कौन? आखिरी टेस्ट से पहले किसे खिलाएं की गुत्थी में उलझे पाक कप्तान
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के आखिरी टेस्ट में पाकिस्तान की टीम इज्जत बचाने उतरेगी. हालांकि, ये आसान नहीं होगा क्योंकि 7 बदलाव के बाद टीम में हड़कंप मचा है. बाबर आजम के सामने सबसे बड़ी चुनौती 11 खिलड़ियों को चुनने की होगी, जो बर्मिंघम में इंग्लैंड से लड़ाई कर सकें.
England vs Pakistan 3rd Test: पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट बुधवार (9 सितंबर) से खेला जाएगा. बर्मिंघम के एजबेस्टन में होने जाने वाले इस मैच में बाबर आजम किन 11 खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतरेंगे, इसपर दुनियाभर के क्रिकेट फैंस की नजरें रहेंगी. इसके पीछे की बड़ी वजह ये है कि यहां सवाल किस खिलाड़ी को बाहर करने का नहीं, बल्कि किसको प्लेइंग इलेवन में खिलाने का है. जी हां, दूसरे टेस्ट में करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान टीम से हेड कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल सहित 7 खिलाड़ियों को घर भेज दिया गया. टीम में 7 नए खिलाड़ियों की एंट्री भी हुई, लेकिन उनमें से 5 ने तो टेस्ट में डेब्यू भी नहीं किया है.
तीसरे टेस्ट से पहले कहानी में नया ट्विस्ट भी सामने आया है. बर्मिंघम में होने वाले आखिरी टेस्ट से पहले पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा किया कि वो इस बड़े बदलाव से पूरी तरह वाकिफ नहीं थे. उन्होंने बताया कि 7 खिलाड़ियों को रिलीज करने के फैसले को लेकर उनसे सलाह नहीं ली गई थी और उन्हें भी इसकी जानकारी बाद में मिली. एक कप्तान के लिए इससे बड़ी परेशानी क्या होगी कि जिस टीम की कप्तानी करनी है, उसकी आधी तस्वीर ही उसके सामने अचानक बदल जाए?
बाबर आजम के सामने प्लेइंग XI की गुत्थी
अब बाबर आजम के सामने सिर्फ प्लेइंग-XI चुनने की चुनौती नहीं है. उन्हें नए खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम का माहौल भी तैयार करना है और ऐसी टीम उतारनी है, जो इंग्लैंड को कम से कम तीसरे टेस्ट में चुनौती दे सके. ये आसान नहीं होगा. एक तरफ इंग्लैंड की टीम लगातार दो जीत के बाद आत्मविश्वास से भरी हुई है. उनकी प्लेइंग इलेवन भी लगभग फिक्स हो चुकी है. दूसरी तरफ पाकिस्तान के सामने जीतने का सपना देखना तो दूर... पहले 11 खिलाड़ियों को मैदान पर उतारने की चुनौती है.
प्लेइंग इलेवन में 4 बदलाव तय
पाकिस्तान की परेशानियों का लेवल किस स्तर पर है, इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के आखिरी टेस्ट में प्लेइंग इलेवन में 4 बदलाव करना उनकी मजबूरी बन गई है. इनमें से कम से कम 2 खिलाड़ी टेस्ट में डेब्यू करेंगे. दूसरे टेस्ट में खेलने वाले मोहम्मद रिजवान, इमाम उल हक, अली उस्मान और खुर्रम शहजाद अब टीम का हिस्सा नहीं हैं.
विकेटकीपिंग की गुत्थी कौन सुलझाएगा, साद बैग या गाजी गोरी?
टीम के सीनियर विकेट कीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान भी 7 बाहर होने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं. कप्तान बाबर के पास विकेट कीपर के तौर पर मुहम्मद गाजी गोरी और साद बैग का विकल्प मौजूद है. देखना दिलचस्प होगा कि वो 4 ODI खेलने वाले गाजी पर भरोसा जताते हैं, या फिर साद बैग को डेब्यू करने का मौका देते हैं. 19 साल के साद बैग ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है. पिछले कायद-ए-आजम ट्रॉफी सीजन में उन्होंने 55 से ज्यादा की औसत से 1000 रन बनाए थे. लेकिन इंग्लैंड जैसी परिस्थितियों में पाकिस्तान शायद अनुभव को प्राथमिकता देगा. इसलिए गाजी गोरी का प्लेइंगXI में आना ज्यादा संभावित नजर आता है.
इमाम की जगह किसकी चमकेगी किस्मत?
खराब फॉर्म से गुजर रहे इमाम उल हक को भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है. PCB उनके चोट की भी जांच करेगा, जिसकी वजह से वो दूसरे टेस्ट में बल्लेबाजी करने नहीं उतरे थे. इमाम के बाहर होने से युवा बल्लेबाज सैम अयूब की किस्मत चमक सकती है. उन्हें प्लेइंग इलेवन में एंट्री मिल सकती है और वो अजान अवैस के साथ ओपनिंग कर सकते हैं. उन्होंने आखिरी बार पाकिस्तान के लिए टेस्ट जनवरी 2025 में खेला था. टेस्ट क्रिकेट में उनके आंकड़े अभी बहुत प्रभावशाली नहीं हैं. अयूब ने 14 पारियों में 26.00 की औसत से 364 रन बनाए हैं. लेकिन मौजूदा हालात में पाकिस्तान को सिर्फ आंकड़े नहीं, विकल्प भी देखने हैं. सैम अयूब बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी भी कर सकते हैं. ऐसे में टीम कॉम्बिनेशन में उनकी मौजूदगी उपयोगी हो सकती है.
5 अनकैप्ड खिलाड़ियों में से किसे टेस्ट डेब्यू का मौका मिलेगा?
पाकिस्तान टीम में एंट्री पाने वाले 7 खिलाड़ियों में से 5 अनकैप्ड हैं. इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी टेस्ट में मोहम्मद रिजवान की जगह गाजी गोरी को टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है. उनके अलावा युवा तेज गेंदबाज इमरान रंधावा की भी किस्मत चमक सकती है.
उबैद शाह का खेलना तय!
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के आखिरी टेस्ट में 20 साल के युवा तेज गेंदबाज उबैद शाह का भी खेलना लगभग तय माना जा रहा है. PCB के मुख्य चयनकर्ता आकिब जावेद ने भी उबैद को मौका देने की वकालत की है. उबैद तेज रफ्तार से गेंद डालने के लिए जाने जाते हैं और उन्हें लंबी रेस का घोड़ा माना जा रहा है. उबैद ने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में टेस्ट डेब्यू किया था, लेकिन एक टेस्ट में मौका देने के बाद उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो मैचों में जगह नहीं मिली. अगर वो खेलते हैं तो दुनियाभर के फैंस की नजर उनपर होगी.
पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग XI
अजान अवैस, सैम अयूब, शान मसूद, बाबर आजम (कप्तान), अब्दुल्ला शफीक, सऊद शकील, गाजी गोरी (विकेटकीपर), इमरान रंधावा, मोहम्मद अली, मोहम्मद अब्बास, उबैद शाह
बर्मिंघम में पाकिस्तान ने नहीं चखा है जीत का स्वाद
पाकिस्तान की टीम में उथल-पुथल मची है, लेकिन सीरीज में 2-0 की बढ़त लेने के बाद इंग्लैंड की टीम बिल्कुल रिलैक्स है. दोबारा कप्तानी का जिम्मा संभाल रहे जो रूट की नजर क्लीन स्वीप पर होगी. पाकिस्तान के लिए टेंशन की खबर ये भी है कि बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड का रिकॉर्ड बहुत शानदार रहा है. यहां खेले गए 57 टेस्ट मैचों में से 30 में उन्हें जीत मिली है. दूसरी तरफ पाकिस्तान ने इस मैदान पर अभी तक 8 टेस्ट खेले हैं, लेकिन कभी भी जीत नसीब नहीं हुई है. 5 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 3 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं.
इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग XI
बेन डकेट, एमिलियो गे, जॉर्डन कॉक्स, जो रूट (कप्तान), हैरी ब्रूक, डैन लॉरेंस, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), ओली रॉबिन्सन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग
अब तक हुए दो मैचों की बात करें तो लीड्स के हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट को इंग्लैंड ने एक पारी और 103 रनों से जीत लिया. इसके बाद लॉर्ड्स में भी पाकिस्तान ने सरेंडर कर दिया और जो रूट की अगुआई वाली टीम ने 194 रनों से बड़ी जीत दर्ज की.