SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

5 रन पर खो दिए 4 विकेट... फिर अफगानिस्तान के कैसे बनाए 221 रन? आखिरी 10 ओवर में 176 रनों का तूफान

शारजाह में अजमतुल्लाह उमरजई नाम का तूफान आया, जिसने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को बर्बाद कर दिया. उनकी ताबड़तोड़ शतकीय पारी के दम पर अफगानिस्तान ने आखिरी 10 ओवर में 176 रन बनाए, जबकि एक समय पर उनका स्कोर 5 रन पर 4 विकेट था.

Written By Ritesh Kumar
Published: Oct 30, 2026, 08:09 AM IST | Updated: Oct 30, 2026, 08:27 AM IST
Image Credit: 5 रन पर खो दिए 4 विकेट... फिर अफगानिस्तान के कैसे बनाए 221 रन? (AI Graphic)
Join

जिम्बाब्वे के खिलाफ गुरुवार (29 अक्टूबर) को खेले गए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच को अफगानिस्तान ने 19 रन से जीत लिया. 3 मैचों की सीरीज में अफगान ने 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है. गुरुवार को शारजाह में चमत्कार हुआ. जी हां, ऐसा हम इसलिए बोल रहे हैं क्योंकि पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान ने 4 ओवर में महज 5 रन बनाकर 4 विकेट गंवा दिए थे. ऐसा लगा कि ये टीम मुश्किल से 100 रनों का आंकड़ा क्रॉस कर पाएगी, लेकिन कहते हैं ना कि क्रिकेट एक ऐसा खेल है, जहां हर प्रेडिक्शन फेल है.

4 ओवर में 5 रन और 4 विकेट खोने के बावजूद अफगानिस्तान ने 20 ओवरों में 221 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. अफगानिस्तान की पारी पहले 10 ओवर में कछुए की रफ्तार से चली, लेकिन आखिरी 60 गेंदों पर रनों का ऐसा तूफान आया, जिसने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों को बर्बाद कर दिया. स्टार ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई ने अफगानिस्तान को संकट से निकालकर जिम्बाब्वे को मुसीबत में डाल दिया.

शारजाह में आया उमरजई नाम का तूफान

अजमतुल्लाह उमरजई जब क्रीज पर आए, तब टीम का स्कोर 5 रन पर 4 विकेट था. 9वें ओवर में अफगानिस्तान ने 5वां विकेट भी खो दिया और 10 ओवर से पहले ही आधी टीम पवेलियन लौट गई. 10 ओवर में अफगानिस्तान ने 5 विकेट खोकर 45 रन बनाए थे. उमरजई ने 19 गेंदों का सामना करते हुए 20 रन बनाए थे. इसके बाद शुरू हुआ अफगानिस्तान का असली खेल.

12 छक्के और 5 चौके की मदद से अजमतुल्लाह उमरजई ने 50 गेंदों पर 116 रनों की तूफानी पारी खेली. युवा बल्लेबाज एजाज अहमद अहमदजई ने भी उनका अच्छा साथ निभाया और 27 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली. दोनों के बीच 59 गेंदों पर 142 रनों की रिकॉर्डतोड़ पार्टनरशिप हुई. जिम्बाब्वे को जख्म देने में राशिद खान ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी और आखिरी ओवर में 4 छक्के जड़कर अफगानिस्तान का स्कोर 221 रन तक पहुंचा दिया. उमरजई के तूफान के दम पर अफगानिस्तान ने आखिरी 10 ओवर में 176 रन बनाए.

राशिद खान का ऐतिहासिक 'दोहरा शतक'

अफगानिस्तान के 221 रनों के जवाब में जिम्बाब्वे ने लड़ाई तो लड़ी, लेकिन 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 202 रन ही बना सके. कप्तान सिकंदर रजा ने 56 गेंदों पर 106 रनों की दमदार पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके. जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में एक विकेट लेते ही स्टार स्पिनर राशिद खान ने इतिहास रच दिया. वो टी20 इंटरनेशनल में 200 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं. राशिद ने तादिवानाशे मारुमानी को आउट कर ये बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है.

T20I में सबसे अधिक विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज

राशिद खान (अफगानिस्तान) - 200 विकेट
आदिल रशीद (इंग्लैंड) - 171 विकेट
एहसान खान (हांगकांग) - 165 विकेट
ईश सोढ़ी (न्यूजीलैंड) 165 विकेट
टिम साउदी (न्यूजीलैंड) - 126 विकेट

यह भी पढ़ें: T20I में विकेटों का दोहरा शतक पूरा, राशिद खान ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने दुनिया के पहले गेंदबाज

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES