2 पारी 2 डबल सेंचुरी: रणजी के नए रन मशीन बने आयुष बदोनी, कोहली-गंभीर के क्लब में मारी एंट्री
दिल्ली के कप्तान आयुष बदोनी रणजी ट्रॉफी के नए रन मशीन बन गए हैं. उन्होंने इस सीजन अब तक खेले गए तीन मैचों में से दो में दोहरा शतक ठोका है और एक पारी में 85 रन बनाए हैं. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में वो अभी तक 4 डबल सेंचुरी जड़ चुके हैं.
रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन में दिल्ली के कप्तान आयुष बदोनी बल्ले से तबाही मचा रहे हैं. ये कहना गलत नहीं होगा कि रेड बॉल क्रिकेट में वो फिलहाल 'रेड हॉट' फॉर्म में हैं. बदोनी ने लगातार दूसरी डबल सेंचुरी जड़कर सनसनी मचा दी है. दाएं हाथ के बल्लेबाज ने रांची के JSCA स्टेडियम में झारखंड के खिलाफ मैच में महज 216 गेंदों पर दोहरा शतक ठोक दिया. झारखंड के गेंदबाजों की जबरदस्त धुनाई करते हुए बदोनी ने 28 चौके और 3 छक्के जड़े.
झारखंड बनाम दिल्ली मैच का आज दूसरा दिन है. पहले दिन का खेल खत्म होने तक दिल्ली ने 5 विकेट खोकर 309 रन बनाए थे. आयुष बदोनी ने 100 रनों का आंकड़ा पार कर लिया था, लेकिन वो जिस फॉर्म से गुजर रहे हैं, उसमें वो इतने में रुकने वाले नहीं थे. दूसरे दिन उन्होंने 116 के निजी स्कोर से खेलना शुरू किया और 216 गेंदों पर दोहरा शतक जड़ दिया.
कोहली-गंभीर के क्लब में बदोनी की एंट्री
रणजी ट्रॉफी के इस सीजन की शुरुआत से ही आयुष बदोनी धमाकेदार फॉर्म में हैं. दिल्ली के कप्तान ने बंगाल के खिलाफ पहले मैच में 85 रनों की पारी खेली थी. वो शतक से चूक गए, लेकिन इसकी कसर अगली दो पारियों में पूरी कर ली. उन्होंने गुजरात के खिलाफ दूसरे मैच में 217 रनों की पारी खेली और अब झारखंड के खिलाफ भी दोहरा शतक जड़ दिया है. वैसे तो भारत के कई बल्लेबाज फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लगातार दो डबल सेंचुरी जड़ने का कारनामा कर चुके हैं, लेकिन आयुष बदोनी ने इस मामले में अपने दो आइडल विराट कोहली और गौतम गंभीर के क्लब में एंट्री मार ली है, जिसे जानकर वो निश्चित तौर पर खुश होंगे.
बता दें कि आयुष बदोनी 21वें ऐसे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लगातार दो बार दोहरा शतक जड़ा है. हालांकि, आज तक किसी भारतीय ने तीन बार ये कारनामा नहीं किया है.
आयुष बदोनी का फर्स्ट क्लास करियर
आयुष बदोनी ने अपने फर्स्ट क्लास करियर में अब तक कुल 27 मैच खेले हैं. इन मैचों की 42 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 2426 रन बनाए हैं. रेड बॉल फॉर्मेट में उनका बल्लेबाजी औसत 63.84 का है जो कि वाकई में बेहद शानदार है.आयुष बदोनी ने अपने इस छोटे से करियर में अब तक 6 शानदार शतक और 11 अर्धशतक जड़े हैं. सबसे हैरानी की बात यह है कि इस खिलाड़ी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अब तक 4 दोहरे शतक भी ठोक दिए हैं.
यह भी पढ़ें: आकाश चोपड़ा के दावे में कितना दम? किसी भी IPL टीम को हरा सकती है भारत के इस राज्य की प्लेइंग XI