मैदान पर हादसा: बाउंड्री पर बोर्ड से टकराया ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर, सिर में चोट से ब्रेन डैमेज
Jake Weatherald Injury: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर जेक वेदराल्ड शेफील्ड शील्ड मैच के दौरान बाउंड्री फेंस से टकराने के कारण सिर में चोट का शिकार हो गए. देर से लक्षण दिखने के बाद उन्हें मैच से बाहर कर मैथ्यू गिल्क्स को सब्स्टीट्यूट बनाया गया है.
Jake Weatherald Injury: क्रिकेट मैदान पर एक बड़ा हादसा देखने को मिला है. ऑस्ट्रेलिया के ओपनर बल्लेबाज जेक वेदराल्ड शेफील्ड शील्ट ट्रॉफी के एक मुकाबले में फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए. इस चोट के बाद उन्होंने फील्डिंग और बैटिंग भी की, लेकिन धीरे-धीरे उनकी हालत गंभीर हो गई. उनका मेडिकल टेस्ट हुआ और फिर उन्हें मुकाबले से बाहर कर दिया गया. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस घटना का वीडियो भी जारी किया है.
विक्टोरिया की पहली पारी के 24वें ओवर में जब ऑली पीक ने कवर की दिशा में शॉट खेला, तो वेदराल्ड बाउंड्री रोकने के लिए फिसल गए. इस दौरान नियंत्रण खोने से उनका सिर बाउंड्री के पास लगे मेटल विज्ञापन बोर्ड से जा टकराया. मैदान पर मौजूद साथी खिलाड़ी ने तुरंत उन्हें संभाला और उस समय वे सामान्य नजर आ रहे थे.
अचानक कैसे बिगड़ी वेदराल्ड की हालत?
बुधवार को मेलबर्न के जंक्शन ओवल मैदान पर हुए इस हादसे के बाद वेदरअल्ड ने पूरे दिन फील्डिंग जारी रखी और पहली पारी में बल्लेबाजी के लिए भी मैदान में उतरे.हालांकि, रात में उनके सिर की चोट के लक्षण गंभीर हो गए. अगली सुबह मेडिकल जांच के बाद उन्हें मैच से बाहर कर दिया गया और मैथ्यू गिल्क्स को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के रूप में टीम में शामिल किया गया.
कन्कशन और रिकवरी नियम क्या हैं?
कन्कशन के नियमों के मुताबिक, सिर में चोट लगने पर खिलाड़ी का तुरंत मेडिकल परीक्षण किया जाता है और स्थिति गंभीर पाए जाने पर उसे मैच से हटा दिया जाता है. नियमों के तहत खिलाड़ी को पूरी तरह ठीक होने के बाद ही डॉक्टर की देखरेख में अभ्यास शुरू करने की इजाजत मिलती है. पूर्ण रिकवरी के बाद कम से कम 14 दिन लक्षण-मुक्त रहने और चोट के कम से कम 21 दिन बाद ही डॉक्टर की अनुमति से खिलाड़ी प्रतिस्पर्धी मैच में वापसी कर सकता है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान की गजब नौटंकी: IPL के समय में कराएगा PSL, लगातार तीसरे साल होगा फ्लॉप, शेड्यूल किया जारी
सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी की क्या भूमिका रहेगी?
कन्कशन सब्स्टीट्यूट मैथ्यू गिल्क्स पहली पारी में बल्लेबाजी नहीं कर सकेंगे, क्योंकि वेदराल्ड मैच से बाहर होने से पहले ही शून्य पर आउट हो चुके थे. हालांकि, गिल्क्स साउथ ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध रहेंगे. मैच की बात करें तो विक्टोरिया ने पहली पारी में 244 रन बनाए, जिसके जवाब में पहले दिन का खेल खत्म होने तक साउथ ऑस्ट्रेलिया ने 1 विकेट पर 4 रन बना लिए थे और वह पहली पारी के आधार पर अभी 240 रन पीछे है.
ये भी पढ़ें: रबाडा OUT, नॉर्खिया IN: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट के लिए साउथ अफ्रीका की टीम में कौन-कौन? देखें प्लेइंग-11
ऑस्ट्रेलियाई टीम में वापसी पर नजर
31 साल के वेदराल्ड इस समय ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम से बाहर हैं और अपनी घरेलू टीम साउथ ऑस्ट्रेलिया के जरिए राष्ट्रीय टीम में वापसी की राह तलाश रहे हैं. शेफील्ड शील्ड से ठीक पहले वनडे कप में उन्होंने साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए 92 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी. वेदाराल्ड घरेलू क्रिकेट में अपने लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट टीम में अपनी जगह दोबारा हासिल करने की कोशिश में लगे हैं.