नाथन लियोन का गेम ओवर? 15 साल के टेस्ट करियर में पहली बार हुए टीम से बाहर, ऑस्ट्रेलिया ने ढूंढा नया स्पिनर
ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट स्क्वॉड से प्रीमियम स्पिनर नाथन लियोन की छुट्टी हो गई है. उन्होंने 2011 में डेब्यू किया था और उसके बाद से कभी भी टीम से बाहर नहीं हुए. लेकिन अब सेलेक्टर्स ने 39 वर्षीय दिग्गज स्पिनर से आगे बढ़ने का बड़ा फैसला किया है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया ने टीम का ऐलान कर दिया है. चौंकाने वाली बात ये है कि 13 सदस्यीय स्क्वॉड में प्रीमियम स्पिनर नाथन लियोन को शामिल नहीं किया गया है. ऑस्ट्रेलिया के मुख्य स्पिनर के रूप में नाथन लियोन का 13 साल लंबा दौर खत्म हो गया है. स्टार स्पिनर ने 2011 में टेस्ट डेब्यू किया था. इसके बाद से वो कभी भी टेस्ट टीम से आउट नहीं हुए थे. हालांकि, अब उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है.
ऑस्ट्रेलिया ने 39 वर्षीय अनुभवी स्पिनर को बाहर कर 29 साल के ऑफ स्पिनर कोरी रोकिचिओली को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल करने का फैसला किया है. नाथन लियोन के अलावा लंबे समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन की भी टीम से छुट्टी हो गई है.
नाथन लियोन का गेम ओवर?
39 साल के नाथन लियोन पिछले 13 सालों से ऑस्ट्रेलिया के लिए बतौर मुख्य स्पिनर खेले हैं. हालांकि, पिछले कुछ समय से उन्हें इस फॉर्मेट में ज्यादा सफलता नहीं मिली है. दाएं हाथ के दिग्गज ऑफ स्पिनर ने टेस्ट क्रिकेट में 145 मैचों में 30.34 की औसत से 577 विकेट चटकाए हैं. टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक विकेट लेने वालों की सूची में लियोन छठे स्थान पर हैं.
बड़ा सवाल ये है कि क्या अब नाथन लियोन की टेस्ट टीम में वापसी होगी या फिर 39 वर्षीय स्पिनर का गेम ओवर हो चुका है? ऑस्ट्रेलियाई टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी. इसके बाद कंगारू भारत का दौरा करेंगे, जहां 5 टेस्ट मैच खेले जाने हैं. भारत की पिचों पर स्पिनरों का बोलबाला रहता है. तो क्या उस दौरे पर नाथन लियोन वापसी करेंगे या फिर सेलेक्टर्स ने उनसे आगे बढ़ने का मन बना लिया है?
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता ने क्या कहा?
इस बारे में बात करते हुए, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली सामने आए और उन्होंने लियोन के साथ हुई उन बातचीत का जिक्र किया, जो टेस्ट टीम से उनके बाहर होने के समय हुई थीं.
चीफ सेलेक्टर जॉर्ज बेली ने कहा, ''यह एक चुनौतीपूर्ण बातचीत थी. पैनल के नजरिए से इस बातचीत का मुख्य बिंदु यह था कि हमें उम्मीद है कि यह उनके करियर का अंत नहीं है. हमें आगे एक रास्ता दिखाई देता है. मुझे लगता है कि भारत के दौरे जैसे मौकों पर, उनके अनुभव और कौशल के दम पर वे अभी भी टीम के लिए बहुत उपयोगी साबित हो सकते हैं. लेकिन जाहिर है, उनके लिए यह एक मुश्किल बातचीत थी और मुझे लगता है कि वे इस पर सोचने के लिए थोड़ा समय ले रहे हैं. फिर भी, हमारी तरफ से तो यही उम्मीद है कि यह उनके करियर का अंत नहीं है.''
भारत में कैसा है नाथन लियोन का रिकॉर्ड?
2013 से लेकर 2023 के बीच नाथन लियोन ने भारत की सरजमीं पर 11 टेस्ट खेले हैं. 19 पारियों में गेंदबाजी करते हुए उन्होंने 27.35 की औसत से 56 विकेट चटकाए हैं. भारत में उनका बेस्ट प्रदर्शन 50 रन देकर 8 विकेट है.
जब ऑस्ट्रेलिया पुरुष क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर जॉर्ज बेली से पूछा गया कि क्या अगले साल होने वाली बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में नाथन लियोन के खेलने की कोई संभावना है तो उन्होंने इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा कि वहां उनके रिकॉर्ड, अनुभव और ये जानते हुए कि वहां पांच टेस्ट मैच खेले जाने हैं, वो निश्चित तौर से प्लान का हिस्सा होंगे. हमने फिलहाल उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट स्क्वॉड से बाहर करने का संदेश दिया है और ये भी कहा है कि जल्दबाजी में कोई फैसला ना लें.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया का स्क्वॉड
पैट कमिंस (कप्तान), स्कॉट बोलैंड, एलेक्स कैरी, जैक क्लेटन, कैमरन ग्रीन, जोश हेजलवुड, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, माइकल नेसर, मैट रेनशॉ, कोरी रोचिसिओली, स्टीव स्मिथ, मिशेल स्टार्क