119 रन, 9 चौके और 9 छक्के... फिर भी हार गया ऑस्ट्रेलिया, मिचेल मार्श के नाम दर्ज हुआ सबसे अनचाहा रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने इंग्लैंड के खिलाफ सिडनी में खेले गए टी20 में 57 गेंदों पर 119 रनों की तूफानी पारी खेली. उनके शतक के बावजूद कंगारू टीम को जीत नहीं मिली और इंग्लैंड ने टी20 सीरीज को 3-1 की बढ़त हासिल कर लिया.
इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में सात रनों से जीत हासिल की. इसके साथ ही उसने पांच मैचों की सीरीज में 3-1 की बढ़त बना ली है. रविवार (29 नवंबर) को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर कंगारू टीम के कप्तान मिचेल मार्श ने तूफानी अंदाज में 57 गेंदों पर 119 रन बनाए. टीम के सामने 182 रनों का लक्ष्य था, लेकिन ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में सात विकेट पर 174 रन ही बना सका.
मैच में हार के बाद मार्श का ऐतिहासिक प्रयास बेकार चला गया. उनके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया. आईसीसी के फुल मेंबर (पूर्णकालिक सदस्य) देशों में टी20 इंटरनेशनल मैचों में लक्ष्य का पीछा करते हुए हारने वाली टीम के लिए किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया यह अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. हारे हुए मैच में सबसे बड़ी पारी खेलने के मामले में वह अपने ही देश के पूर्व ऑलराउंडर शेन वॉटसन और भारत के ऋतुराज गायकवाड़ से पीछे हैं.
वॉटसन और गायकवाड़ का क्या है रिकॉर्ड?
वॉटसन ने 2016 में भारत के खिलाफ सिडनी में नाबाद 124 रन और गायकवाड़ ने 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुवाहाटी में नाबाद 123 रन बनाए थे. हालांकि, वॉटसन और गायकवाड़ ने दोनों ने ही मैच की पहली पारी में ये स्कोर बनाया था. वहीं, नॉन फुल मेंबर देशों में हांगकांग के बाबर हयात ने 2016 में ओमान के खिलाफ दूसरी पारी में 60 गेंद पर 122 रन बनाए थे, लेकिन उनकी टीम को हार मिली थी.
ये भी पढ़ें: 'टेस्ट में वक्त खराब चल रहा...', खतरे में गौतम गंभीर की कोचिंग? दिनेश कार्तिक के बयान ने मचाई हलचल
मार्श ने लगाए 9 चौके और 9 छक्के
इंग्लैंड से मिले 182 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए मार्श के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाए. टीम का दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर तीसरे नंबर पर आए विकेटकीपर बल्लेबाज सैम हार्पर का रहा. उन्होंने 16 गेंद पर 18 रन बनाए. एक तरह कंगारू टीम विकेट गंवा रही थी तो दूसरी ओर मार्श ने अपनी पारी में नौ चौके और नौ छक्के उड़ाए. अंतिम ओवर में जीत के लिए छह गेंद पर 12 रन बनाए थे. मार्श स्ट्राइक पर थे. इंग्लैंड के युवा तेज गेंदबाज हेनरी क्रोकोम्बे ने मार्श को कैच आउट कराकर ऑस्ट्रेलिया की हार निश्चित कर दी.
ये भी पढ़ें: 300 का 'मैजिक नंबर' तय करेगा क्राइस्टचर्च टेस्ट का नतीजा! हेगले ओवल के आंकड़े देख खिल उठेंगे टीम इंडिया के चेहरे
सैम करन की फिफ्टी
इससे पहले इंग्लैंड ने 20 ओवर में सात विकेट पर 181 रन बनाए. सैम करन ने नाबाद 50 रनों की पारी खेली. उनके अलावा जेम्स कोल्स ने 33 रनों का योगदान दिया. जॉर्डन कॉक्स ने 23 और लियाम डॉसन ने नाबाद 23 रन बनाए. दोनों टीमों के बीच सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला दो दिसंबर को कैनबरा में खेला जाएगा.