Asian Para Games 2026: 17 गोल्ड, 22 सिल्वर और 34 ब्रॉन्ज... शीतल देवी का सोने पर निशाना, भारत मेडल टैली में 5वें नंबर पर, अभी तक कुल 73 मेडल
शीतल देवी ने पैरा एशियन गेम्स 2026 में महिला कंपाउंड तीरंदाजी में गोल्ड मेडल जीतकर भारत का मान बढ़ाया है. भारत के खाते में अभी तक कुल 73 मेडल दर्ज हो गए हैं.
भारतीय पैरा-आर्चर शीतल देवी ने पैरा एशियन गेम्स में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को महिलाओं के कंपाउंड पैरा-आर्चरी इवेंट में गोल्ड मेडल जीता है. गोल्ड मेडल मैच में शीतल ने सिंगापुर की नूर अलीम स्याहिदा को 142-139 से हराया. यह मुकाबला काफी कड़ा था, जिसमें 10 तीर चलने के बाद दोनों का स्कोर 95-95 से बराबर हो गया था. इसके बाद, शीतल ने अपने आखिरी पांच शॉट्स में दो बार 10 और तीन बार 9 स्कोर करके अपनी प्रतिद्वंद्वी पर बढ़त बना ली.
दूसरी ओर, नूर ने चार बार 9 और एक बार 8 स्कोर किया, जिससे शीतल ने 3 अंकों के अंतर से जीत हासिल की. इससे पहले, शीतल देवी और तोमन कुमार ने एशियन पैरा गेम्स में कंपाउंड मिक्स्ड टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता. उन्होंने इंडोनेशिया की थियोडोरा ऑडी आयुडिया फेरेली और केन स्वागुमिलंग को 151-148 से हराकर इस टूर्नामेंट में भारत के लिए आर्चरी का पहला गोल्ड मेडल हासिल किया.
एशियन गेम्स 2026 में भारत का शानदार प्रदर्शन
फाइनल में भारतीय जोड़ी ने मजबूत शुरुआत की और पहले राउंड के बाद 38-37 की मामूली बढ़त बना ली. दूसरे राउंड में 39 का स्कोर करके उन्होंने अपनी बढ़त को 77-73 तक पहुंचा दिया. तीसरे राउंड में शीतल और टोमन ने 36 का स्कोर किया, लेकिन वे 3 अंकों की अपनी बढ़त बनाए रखने में कामयाब रहे. इसके बाद, इस जोड़ी ने चौथे राउंड में 38 का स्कोर किया और इंडोनेशियाई जोड़ी को 151-148 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया.
शीतल देवी का कमाल जारी
शीतल ने पैरा एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत सिल्वर मेडल के साथ की थी. बुधवार को महिलाओं के कंपाउंड डबल्स इवेंट में उन्होंने पायल नाग के साथ मिलकर सिल्वर मेडल जीता, जहां फाइनल में उन्हें चीन की ज्यूकिंग जू और जिंग झाओ से हार का सामना करना पड़ा. रैंकिंग राउंड में टॉप पर रहने वाली इस भारतीय जोड़ी को गोल्ड मेडल मैच में चीनी जोड़ी ने 141-150 से हरा दिया, जिसके चलते उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा.
भारत के पदकों की कुल संख्या 73
यह इन खेलों में पैरा-आर्चरी में भारत का पहला मेडल था. इसके अलावा, पैरा टेबल-टेनिस की मिक्स्ड डबल्स XD7 स्पर्धा में, भाविना पटेल और शुभम वाधवा ने दक्षिण कोरिया की जोड़ी (येओंगजिन और मिग्यू) से 1-3 (6-11, 11-8, 5-11, 8-11) से हारने के बाद ब्रॉन्ज मेडल जीता. इसके साथ ही, भारत के पदकों की कुल संख्या 73 हो गई है, जिसमें 17 गोल्ड, 22 सिल्वर और 34 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं.