'भारत का कप्तान बन सकता था, लेकिन...', ऋषभ पंत के खराब शॉट पर बरसे अश्विन, आंकड़ों से खोली पोल
रविचंद्रन अश्विन ने ऋषभ पंत के निडर और हाई-रिस्क बैटिंग स्टाइल पर सवाल उठाए हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट में पंत के गैर-जिम्मेदाराना शॉट पर आउट होने के बाद उन्हें लेकर बड़ी बहस छिड़ गई है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट में ऋषभ पंत का बल्ला पहली पारी में नहीं चला. वह पारी के अहम पड़ाव पर 23 रन बनाकर आउट हो गए. पंत के निडर रवैये ने उन्हें भारत के सबसे रोमांचक टेस्ट बल्लेबाजों में एक बनाया है. उनके हाई-रिस्क खेल ने टीम इंडिया को आज मुश्किलों में डाल दिया. इस विकेटकीपर बल्लेबाज के खराब शॉट पर पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने सवाल उठाए हैं और उनके खराब फैसलों पर निराशा जताई है.
न्यूजीलैंड की पहली पारी शनिवार (28 नवंबर) को मैच के दूसरे दिन 356 रनों पर सिमट गई. इसके बाद भारतीय टीम जब मैदान पर उतरी तो 59 रन पर तीन विकेट गिर गए थे. यहां पर बल्लेबाजी के लिए पंत आए और उनके ऊपर केएल राहुल के साथ पारी को संभालने की जिम्मेदारी थी. पंत 39 गेंद पर 23 रन बनाकर आउट हो गए. पंत ने तेज गेंदबाज जेकब डफी की गेंद पर क्रीज से बाहर निकलकर आक्रामक शॉट खेलने का प्रयास किया. गेंद हवा में लहराई और काइल जेमीसन ने मिडविकेट पर आसान कैच लपककर पंत को 23 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया.
पंत को क्यों नहीं मिली कप्तानी?
अश्विन का मानना है कि पंत में अपनी पीढ़ी के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में शामिल होने की क्षमता है, लेकिन गलत फैसलों की वजह से वह अपनी क्षमता को पूरी तरह साबित नहीं कर पाए हैं. अश्विन ने कहा, ''पंत के पास दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों में शामिल होने का हुनर है. अगर उन्होंने अपने खेल में सुधार किया होता और बेहतर फैसले लिए होतो तो वह टेस्ट में भारत के नियमित नंबर-4 बल्लेबाज हो सकते थे. वह देश की कप्तानी भी कर सकते थे, लेकिन उनके खराब फैसलों ने ही उन्हें पीछे रखा है.''
पंत पर अश्विन का निशाना
अश्विन ने आगे बताया कि पंत का क्रीज से बाहर आकर गेंद को मारने का प्रयास करना और वहीं कैच थमा देना अब एक पैटर्न बन चुका है. अश्विन ने पंत की तुलना ऑस्ट्रेलिया के महान विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट से करते हुए कहा कि लोगों को केवल मनोरंजन देखने के बजाय मैदान पर मिलने वाले नतीजों का विश्लेषण करना चाहिए. पंत ने अपने टेस्ट करियर में अब तक नौ शतक लगाए हैं और उनमें से केवल दो शतक में ही टीम को जीत मिली है. पांच शतकों में हार मिली और दो में मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ. अश्विन ने स्पष्ट किया कि 90 के करीब पहुंचकर आउट होना 'निस्वार्थ क्रिकेट' नहीं कहलाता है. कई बार यह केवल गैर-जिम्मेदाराना या बिना सोच-समझकर खेला गया शॉट होता है.
ये भी पढ़ें: 'ये MI नहीं है...', मुंबई इंडियंस की हालत से परेशान थे रोहित शर्मा, कप्तानी फिर से करने की बताई वजह
मैच का टर्निंग प्वॉइंट
भारत ने न्यूजीलैंड को 356 रन पर रोकने के बाद भारतीय टीम पहली पारी में मैच के दूसरे दिन मुश्किलों में फंस गई. टीम इंडिया के छह विकेट पर 116 रन हैं. वह अभी भी 240 रन पीछे है. ध्रुव जुरेल सात रन बनाकर नाबाद हैं. यशस्वी जायसवाल इस पारी में शून्य पर आउट हो गए. केएल राहुल 25, देवदत्त पडिक्कल 21, कप्तान शुभमन गिल 17 और ऋषभ पंत 23 रन बनाकर आउट हो गए. वॉशिंगटन सुंदर दिन के खेल के अंतिम गेंद पर आउट हो गए. सुंदर सिर्फ 10 रन बना पाए. पंत का आउट होना मैच का टर्निंग प्वॉइंट माना जा रहा है. इस विकेट के बाद टीम काफी दबाव में आ गई है. अब देखना है कि मैच के तीसरे दिन टीम इंडिया कितने रनों तक पहुंच पाती है.