'प्रपोज करते समय बहुत नर्वस था...': सगाई के बाद अर्शदीप सिंह ने खोला दिल का राज, मंगेतर को दिया सफलता का श्रेय
भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज जीत में अहम भूमिका निभाई. उन्होंने पांचवें और निर्णायक मैच में बल्ले के साथ-साथ गेंद से कमाल किया. उ्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला.
भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज 3-1 से जीत ली है. उसने रविवार (15 नवंबर) को माउंट माउंगानुई में खेले गए पांचवें और आखिरी मैच में 22 रनों से जीत हासिल की. इस जीत में तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने अहम भूमिका निभाई और प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने में सफल रहे. उन्होंने मुकाबले के बाद अपनी मंगेतर समरीन कौर के बारे में बात की. अर्शदीप ने मैदान पर सही मानसिकता बनाए रखने और प्रदर्शन करने में उनकी मदद के बारे में बताया.
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 42.1 ओवर में 209 रन बनाए. इसमें अर्शदीप ने बल्ले से योगदान देते हुए महत्वपूर्ण 14 रन बनाए. इसके बाद गेंदबाजी में उन्होंने कमाल दिखाते हुए 30 रन देकर तीन विकेट झटक लिए. मैच के बाद पुरस्कार लेते समय अर्शदीप ने कहा, ''भगवान मेरे लिए बहुत दयालु रहे हैं. मुझे एक अच्छी पार्टनर मिली है. वह बहुत सपोर्टिव हैं और मुझे हमेशा सही मानसिकता में रहने में मदद करती हैं. इसका (शानदार प्रदर्शन) बहुत सारा श्रेय उन्हें भी जाता है. मैं मैदान पर जैसा हूं, वह काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि मैं मैदान पर बाहर कैसा काम कर रहा हूं. इसलिए यह काफी रोमांचक रहा है और मुझे काफी पसंद आ रहा है.''
सही लोकेशन ने किया अर्शदीप का काम आसान
अर्शदीप और समरीन ने 11 नवंबर को इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके सगाई की पुष्टि की थी. भारतीय तेज गेंदबाज ने माउंट माउंगानऊ के बीच पर समरीन को प्रपोज किया था. उन्होंने कहा कि उस समय वह काफी नर्वस थे, लेकिन इसे मौके को यादगार बनाने के लिए उनके पास एकदम सही प्लानिंग थी. अर्शदीप ने लोकेशन को लेकर कहा, ''ऐसा करने के लिए इससे बेहतर व्यू नहीं मिल सकता. मैं उस समय काफी टेंशन में था, लेकिन हां, व्यू ने मदद की और यह काफी अच्छा लग रहा है.''
सिराज के साथ बैटिंग पर क्या कहा?
सिराज के साथ टीम के लिए सिराज ने 10वें विकेट के लिए महत्वपूर्ण 26 रनों की साझेदारी की. यह काफी अहम साबित हुई और अंत में टीम को 22 रनों के अंतर से जीत मिली. सिराज और अर्शदीप ने 14-14 रन बनाए. अपनी साझेदारी को लेकर अर्शदीप ने कहा, ''जब हमने बैटिंग खत्म की थी, तब भी यह बात हुई थी. सिराज ने मुझसे कहा था कि ये रन काफी अहम होंगे. हमने पक्का किया कि किसी तरह 200 के ऊपर जाएं. यह हमारे दिमाग में थे. हमने वहां एक छोटा माइलस्टोन पार कर लिया था और बॉलिंग में बचाने के लिए हमारे पास कुछ रन थे.
ये भी पढ़ें: गौतम गंभीर की कोचिंग में विदेशी जमीन पर पहली सीरीज जीत, 7 साल और 11 सीरीज के बाद घर में हारा न्यूजीलैंड
अर्शदीप ने बल्लेबाजी को लेकर किया मजाक
अर्शदीप ने अपनी टीम के साथियों के मजे भी लिए. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज का कहना है कि टीम के अन्य खिलाड़ी उनकी बल्लेबाजी को कम आंकते हैं. उन्होंने कहा, ''मुझे बल्लेबाजी पसंद है. भले ही मैं 11 नंबर पर बैटिंग कर रहा हूं, मुझे इसमें मजा आता है. हमेशा अपने लिए जगह बनाने और गेंद को हिट करने की कोशिश करता हूं, लेकिन मेरी टीम के कुछ लोग कहते हैं कि मुझे बॉल से डर लगता है.'' अर्शदीप ने इस सीरीज के दौरान चार पारियों में गेंदबाजी की और कुल आठ विकेट हासिल किए. उनसे ज्यादा विकेट गुरनूर बरार और जैकब डफी ने लिए. दोनों ने नौ-नौ विकेट हासल किए. गुरनूर को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया.