SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

वेलिंगटन में आया तूफान: अभिषेक ने 35 गेंद पर ठोका शतक, वैभव सूर्यवंशी के साथ 43 गेंद पर जोड़े 133 रन, भारत सीरीज जीता

अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारियों की बदौलत भारत ने तीसरे टी20 मैच में न्यूजीलैंड को हरा दिया. इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली. टीम इंडिया ने 199 रन के टारगेट को 13.2 ओवर में ही हासिल कर लिया.

Written By Rohit Raj
Published: Oct 27, 2026, 04:10 PM IST | Updated: Oct 27, 2026, 04:51 PM IST
Image Credit: अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी. X/@BCCI
Join

दीपावली से पहले भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के वेलिंगटन में चौके-छक्कों की आतिशबाजी कर दी. विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने तबाही मचा दी. दोनों ने मिलकर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को बेरहमी से कूटा. अभिषेक ने अपने टी20 इंटरनेशल करियर का चौथा शतक लगाया. उनकी पारी की बदौलत ने भारत ने 13.2 ओवर में 4 विकेट पर 199 रन बनाकर मैच को जीत लिया. अभिषेक ने 113 और वैभव ने 45 रनों की पारी खेली. संजू सैमसन ने 18 रनों का योगदान दिया. कप्तान श्रेयस अय्यर 5 रन ही बना सके. तिलक वर्मा (नाबाद 1 रन) और नमन धीर (नाबाद 4 रन) ने मैच को फिनिश किया.

इससे पहले अय्यर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया.न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 198 रन बनाए थे. कीवी बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाए और लगातार भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. डेरिल मिचेल ने 52 गेंद पर 89 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए. उनके अलावा फिन एलन ने 25 गेंद पर 40 और बेवन जैकब्स ने 23 गेंद पर नाबाद 39 रन ठोके. ग्लेन फिलिप्स 17 रन बनाकर आउट हुए. भारत के लिए अर्शदीप सिंह, नीतीश कुमार रेड्डी और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट अपने नाम किया.

 

 

पहले ही ओवर में अभिषेक-वैभव ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

जब न्यूजीलैंड ने 198 रन बनाए तो क्रिकेट विशेषज्ञों को लगा कि एक बार फिर से कीवी टीम 20-25 रन पीछे रह गई. हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों को देखकर लगा कि 20-25 नहीं, बल्कि 60-70 रन पीछे रह गए थे. आज अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करने के लिए संजू सैमसन नहीं उतरे. संजू की जगह वैभव सूर्यवंशी क्रीज पर आए. अभिषेक और वैभव ने क्रीज पर उतरने के साथ ही तबाही मचानी शुरू कर दी. दोनों ने मिलकर जैकब डफी के पहले ही ओवर में 26 रन ठोक दिए. यह टी20 इंटरनेशनल में किसी पारी का संयुक्त रूप से सबसे महंगा ओवर साबित हुआ. इससे पहले मई 2023 में माल्टा के वरुण थामोथराम ने जिब्राल्टर के खिलाफ भी पारी के पहले ही ओवर में 26 रन दे दिए थे. अगर फुल मेंबर देशों की बात करें तो जैकब डफी का ओवर सबसे महंगा साबित हुआ. इससे पहले वेस्टइंडीज के केमार रोच ने 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में 24 रन दिए थे.

भारत ने बनाए सबसे 50 रन

अभिषेक और वैभव का तूफान पहले ही ओवर में नहीं थमा. दोनों बल्लेबाजों ने 2.2 ओवर में टीम को 50 रनों तक पहुंचा दिया. यह फुल मेंबर देशों में किसी टीम के टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज 50 रन है. इससे पहले न्यूजीलैंड ने 2009 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 2.4 ओवर में 50 रन पूरे किए थे. ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो पपुआ न्यू गिनी ने 2019 में वानुअतु और रोमानिया ने 2021 में सर्बिया के खिलाफ भी 2.2 ओवर में 50 रन ठोके थे.

T20I में सबसे तेज टीम 50 (ओवर के हिसाब से)

2.2 - पापुआ न्यू गिनी बनाम वानुअतु, पोर्ट मोरेस्बी, 2019
2.2 - रोमानिया बनाम सर्बिया, सोफिया, 2021
2.2 - भारत बनाम न्यूजीलैंड, वेलिंगटन, 2026
2.3 - फिलीपींस बनाम इंडोनेशिया, बाली, 2023
2.4 - न्यूजीलैंड बनाम स्कॉटलैंड, द ओवल, 2009
2.4 - न्यूजीलैंड बनाम इंग्लैंड, ऑकलैंड, 2019
2.4 - साउथ अफ्रीका बनाम वेस्टइंडीज, सेंचुरियन, 2023

सबसे तेज शतक भी भारत ने बनाए

भारत ने न सिर्फ सबसे तेज 50 रन बनाए, बल्कि सबसे तेज 100 रन का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. अभिषेक और वैभव ने मिलकर टीम इंडिया के 5 ओवर में भी 100 रन पूरे कर दिए. भारत ने इस मामले में रोमानिया का रिकॉर्ड तोड़ा. रोमानिया की टीम ने 2021 में सर्बिया के खिलाफ 5.2 ओवर में 100 रन पूरे किए थे. फुल मेंबर देशों की बात करें तो साउथ अफ्रीका ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 5.3 ओवर में 100 रन आंकड़ा छुआ था.

ये भी पढ़ें: आकाश चोपड़ा के दावे में कितना दम? किसी भी IPL टीम को हरा सकती है भारत के इस राज्य की प्लेइंग XI

अर्धशतक से चूके वैभव

वैभव और अभिषेक की जोड़ी आठवें ओवर में टूटी. मैथ्यू फिशर ने ओवर की पहली गेंद पर वैभव को डेरिल मिचेल के हाथों कैच कराया. वैभव ने 19 गेंद पर 45 रन बनाए. उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 236.84 का रहा. अभिषेक और वैभव ने पहले विकेट के लिए 43 गेंद पर 133 रनों की बड़ी साझेदारी की. 15 साल का यह क्रिकेटर न्यूजीलैंड में अपने पहले अर्धशतक से चूक गया.

 

 

अभिषेक का रिकॉर्ड चौथा शतक

अभिषेक ने वैभव के आउट होने के बाद भी विस्फोटक बल्लेबाजी जारी रखी और अपना शतक 35 गेंदों पर पूरा किया. यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का चौथा शतक है. वह 38 गेंद पर 113 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने अपनी पारी में 9 चौके और 11 छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक रेट 297.37 का रहा. अभिषेक टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा शतकों के मामले में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए. उन्होंने ऑस्ट्रिया के करणबीर सिंह, इंग्लैंड के फिल सॉल्ट और भारत के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव की बराबरी कर ली. अब अभिषेक से आगे ग्लेन मैक्सवेल और भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा हैं. मैक्सवेल और रोहित के नाम 5-5 शतक हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES