U19 Asia Cup 2026: मैदान पर खिताबी जंग, मन में 'सीता-राम', आर्यवीर सहवाग की बात सुनकर भावुक हुए वीरू
ACC मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 का खिताब जीतने के बाद आर्यवीर सहवाग ने फाइनल मुकाबले के तनाव को लेकर बड़ा खुलासा किया है. आर्यवीर सहवाग घबराहट में 'सीता-राम' का जाप कर रहे थे.
अंडर-19 एशिया कप 2026 टूर्नामेंट में भारत की जीत के बाद भारत के पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने सोशल मीडिया पर अपना एक वीडियो शेयर किया है. वीरेंद्र सहवाग इस वीडियो में अपने बेटे आर्यवीर सहवाग के साथ बातचीत करते नजर आ रहे हैं. बातचीत के दौरान आर्यवीर सहवाग ने अपने पिता को बताया कि अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मैच में वह कितने नर्वस थे. आर्यवीर सहवाग ने कहा कि जैसे-जैसे तनाव बढ़ता गया, वह लगातार 'सीता-राम, सीता-राम' का जाप करते रहे.
आर्यवीर सहवाग और उनके पिता पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग का यह दिल छू लेने वाला वीडियो कॉल सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. बता दें कि शनिवार को ओमान में खेले गए ACC मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आर्यवीर सहवाग ने 61 गेंदों पर 58 रनों की पारी खेली थी. इस मैच में जीत तब पक्की हुई जब मोहित उल्वा ने आखिरी गेंद पर चौका जड़ा. आर्यवीर सहवाग ने ACC मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 टूर्नामेंट के पांच मैचों में 90.25 की औसत और 95 से अधिक के स्ट्राइक रेट से कुल 361 रन बनाए, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल थे. उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया.
आर्यवीर सहवाग ने क्या कहा?
आर्यवीर सहवाग ने अपने पिता वीरेंद्र सहवाग को मैच के तनावपूर्ण पलों के बारे में बताते हुए कहा, 'पापा, मैं बहुत नर्वस था. बस 'सीता-राम, सीता-राम' का जाप कर रहा था!' इस वीडियो को शेयर करते हुए वीरेंद्र ने लिखा कि ऐसे पल अवॉर्ड, रन और ट्रॉफी से कहीं बढ़कर होते हैं. वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, 'टूर्नामेंट का 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' बनने से लेकर फाइनल के उन रोमांचक पलों को याद करने तक बेटे आर्यवीर सहवाग के साथ एक बहुत ही खास बातचीत. कुछ पल अवॉर्ड, रन और ट्रॉफियों से भी बड़े होते हैं. ये ऐसी यादें हैं जिन्हें एक पिता हमेशा संजोकर रखता है. तुम हमेशा जमीन से जुड़े रहो और अपनी मेहनत और टैलेंट से आसमान की ऊंचाइयों को छुओ.'
'सीता-राम' का जाप किया
आर्यवीर सहवाग ने इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 16 छक्के लगाकर अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाया. साथ ही, सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मैचों में अर्धशतक जड़कर उन्होंने खुद को एक 'बड़े मैचों का खिलाड़ी' साबित किया. इंस्टाग्राम क्लिप में देखा जा सकता है कि मैच के बाद आर्यवीर अपने पिता को बता रहे थे कि आखिरी ओवर के दौरान वह कितने घबराए हुए थे, जब भारत को जीत के लिए 8 रनों की जरूरत थी और हाथ में सिर्फ एक विकेट बचा था. घबराहट और तनाव के उन पलों में, 'सीताराम-सीताराम' के जाप ने उन्हें शांत किया. उन्होंने मजाक में यह भी बताया कि जब वह बल्लेबाजी कर रहे थे, तो पाकिस्तानी समर्थक 'सहवाग-सहवाग' के नारे लगा रहे थे.