India vs West Indies T20 Series: भारत और वेस्टइंडीज के बीच धमाकेदार टी20 सीरीज का अंत निराशाजनक तरीके से हुआ. बेंगलुरु में बारिश विलेन बनी और मैच रद्द कर दिया गया. 5 मैचों की सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुई. जब भी इस शृंखला का जिक्र होगा, तो शाई होप का नाम सबसे पहले लिया जाएगा. वनडे सीरीज में धमाल मचाने के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान ने T20I में भी तहलका मचाया और अपनी टीम को दो मैच जिताने में सबसे अहम भूमिका निभाई. शाई होप ने 4 पारियों में 130.50 की औसत और 190.51 के स्ट्राइक रेट से 261 रन बनाए. इस शृंखला में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में वो टॉप पर रहे. दूसरे नंबर पर शेरफेन रदरफोर्ड (221) और तीसरे पर श्रेयस अय्यर (181) हैं.
बेंगलुरु में भले ही बारिश ने मजा खराब कर दिया, लेकिन इस पूरी सीरीज के दौरान क्रिकेट फैंस का जबरदस्त मनोरंजन हुआ. हालांकि, दोनों टीमों के गेंदबाज इस शृंखला को याद नहीं करना चाहेंगे, क्योंकि सभी बॉलरों की खूब पिटाई हुई. छक्कों की बरसात हुई और ऐसा लगा कि रन बन नहीं बल्कि बह रहे थे.
भारत बनाम वेस्टइंडीज सीरीज में कुल मिलाकर 10.98 के रन रेट से गेंदबाजों की पिटाई की. T20I के इतिहास में किसी पूर्ण सदस्य टीमों ने पहले ऐसा नहीं किया था. भारत-वेस्टइंडीज ने इस मामले में भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज का रिकॉर्ड तोड़ा, जो शृंखला इसी साल की शुरुआत में खेली गई थी. उस सीरीज में 10.57 का रन रेट था.
FM टीमों के बीच द्विपक्षीय T20I सीरीज में सबसे अधिक रन-रेट
10.98 - भारत बनाम वेस्टइंडीज, 2026
10.57 - भारत बनाम न्यूजीलैंड, 2026
9.63 - वेस्टइंडीज बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2025
9.36 - इंग्लैंड बनाम भारत, 2026
9.21 - वेस्टइंडीज बनाम इंग्लैंड, 2023/24
भारत-वेस्टइंडीज टी20 सीरीज में कुल 105 छक्के लगे. किसी एक टी20 सीरीज में सबसे अधिक छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटने से बाल-बाल बच गया. 2023 में इंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज टी20 सीरीज में 120 छक्के लगे थे. अगर बेंगलुरु में आखिरी मुकाबला रद्द नहीं होता तो ये वर्ल्ड रिकॉर्ड आसानी से टूट सकता था.
पूर्ण सदस्य देशों के बीच द्विपक्षीय T20I सीरीज में सबसे ज्यादा छक्के (गेंद/छक्का)
120 - वेस्टइंडीज में इंग्लैंड, 2023/24 (9.63)
117 - वेस्टइंडीज में ऑस्ट्रेलिया, 2025 (9.61)
116 - भारत में न्यूजीलैंड, 2026 (9.52)
105 - भारत में वेस्टइंडीज, 2026 (9.19)
96 - भारत में वेस्टइंडीज, 2019 (14.92)
96 - वेस्टइंडीज में इंग्लैंड, 2021/22 (12.34)
भारत दौरे पर आकर रनों की बरसात करने वाले स्टार बल्लेबाज शाई होप को शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' चुना गया. दाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज ने इस शृंखला में 4 पारियों में 190.51 के स्ट्राइक रेट से 261 रन बनाए. इस दौरान उन्होंने 20 छक्के और 17 चौके जड़े. सबसे अधिक रनों के साथ-साथ सबसे ज्यादा सिक्स के मामले में भी वो नंबर-1 पर रहे.