7 चौके, 7 छक्के और रनों का तूफान... ड्रॉप होने के बाद श्रेयंका पाटिल का रौद्र रूप, वापसी का ठोका दावा
भारतीय महिला टीम की युवा स्टार श्रेयंका पाटिल को फैंस एक शानदार स्पिनर के रूप में जानते हैं. लेकिन अब उन्होंने बल्ले से रनों का तांडव कर खलबली मचा दी है. श्रेयंका ने टी20 ट्रॉफी लीग में महज 20 गेंद में फिफ्टी ठोकी.
भारतीय महिला टीम की युवा ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल के करियर में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. एशियन गेम्स के बाद उन्हें टीम से ड्रॉप किया गया. श्रेयंका को जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की घरेलू सीरीज से ड्रॉप किया गया और फिर दक्षिण अफ्रीका के आगामी मल्टी-फॉर्मेट दौरे के लिए भी उन्हें नहीं चुना गया. श्रेयंका की पहचान एक बेहतरीन स्पिनर के रूप में बनी हुई है, लेकिन उन्होंने कर्नाटक की सीनियर महिला T20 ट्रॉफी सुपर लीग में दिल्ली के खिलाफ बल्ले से गदर काट दिया.
श्रेयंका पाटिल ने दिल्ली के खिलाफ महज 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और सीनियर टीम में वापसी का दावा ठोक दिया है. तेज तर्रार फिफ्टी के बाद भी श्रेयंका की तूफानी पारी नहीं थमी. उन्होंने 7 छक्के और इतने ही चौकों की बदौलत महज 29 गेंद में 71 रन की पारी को अंजाम दिया. श्रेयंका तब बल्लेबाजी करने आईं जब कर्नाटक की टीम मुश्किल स्थिति में थी. टीम ने 12.1 ओवर में महज 84 के स्कोर पर अपने 5 विकेट खो दिए थे, लेकिन श्रेयंका ने क्रीज पर आते ही मैच तराजू पर रख दिया.
कर्नाटक को मिली हार
श्रेयंका की पारी की बदौलत कर्नाटक की टीम ने बोर्ड पर 175 रन टांग दिए थे. लेकिन जब दिल्ली बैटिंग करने उतरी तो श्रेयंकी की मेहनत पर पानी फिर गया. दिल्ली की टीम ने महज 17 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर मुकाबले को अपने नाम कर लिया. हालांकि, 23 साल की युवा श्रेयंका इस टूर्नामेंट में गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन करती दिख रही हैं. उन्होंने अभी तक 9 मैचों में सबसे ज्यादा 20 विकेट लिए हैं. हालांकि, दिल्ली के खिलाफ मुकाबले में महंगी साबित हुईं. उन्होंने 45 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए.
ये भी पढे़ं... टीम इंडिया पर ICC ने ठोका जुर्माना, न्यूजीलैंड के खिलाफ 5वें ODI में श्रेयस अय्यर एंड कंपनी से हुई गलती
सीनियर टीम में हो सकती है वापसी
श्रेयंका के लिए अभी ओर भी मौके हैं. उन्हें इंग्लैंड 'ए' के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज के लिए भारत 'ए' की तीनों स्क्वॉड में चुना गया है. अगर श्रेयंका यहां भी शानदार प्रदर्शन करती हैं, तो जल्द ही उनकी सीनियर टीम में वापसी हो सकती है. इंग्लैंड ए के खिलाफ सीरीज 30 नवंबर से शुरू हो रही है. ये सीरीज श्रेयंका के लिए काफी अहम होगी, क्योंकि दिसंबर में भारतीय महिला टीम को साउथ अफ्रीका का दौरा करना है. देखना होगा कि इस टूर पर उनका नाम देखने को मिलता है या नहीं.