WWE में पसरा मातम, 38 साल के ब्रॉनसन रीड का निधन, पीछे छोड़ गए गर्भवती पत्नी और बेटी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
WWE सुपरस्टार ब्रॉनसन रीड का 38 साल की उम्र में निधन हो गया है. ब्रॉनसन रीड की मौत की वजह मेडिकल जटिलताएं बताई गई हैं.
WWE की दुनिया से एक बेहद बुरी खबर सामने आई है. WWE ने बताया कि रेसलर ब्रॉनसन रीड का 38 साल की उम्र में निधन हो गया है. ब्रॉनसन रीड का असली नाम जर्मेन हेली है और उन्हें रिंग में 'ब्रॉनसन रीड' के नाम से ज्यादा जाना जाता था. ब्रॉनसन रीड के परिवार में उनकी पत्नी पेज और उनकी बेटी हैं. ब्रॉनसन रीड की पत्नी उनके दूसरे बच्चे की मां बनने वाली हैं.
WWE ने ब्रॉनसन रीड को एक असाधारण व्यक्ति बताया है और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है. यह घटना सऊदी अरब में उन्हें चोट लगने के कुछ हफ्तों बाद हुई है. एक्स पर जारी एक बयान में कंपनी ने कहा, 'WWE को यह बताते हुए गहरा दुख हो रहा है कि जर्मेन हेली, जिन्हें WWE फैंस 'ब्रॉनसन रीड' के नाम से जानते हैं, उनका आज निधन हो गया है. WWE में जर्मेन एक असाधारण व्यक्तित्व थे, लेकिन इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि वे एक बेहतरीन इंसान, अपने परिवार को समर्पित व्यक्ति और सबके चहेते साथी थे.'
WWE में पसरा मातम
सऊदी अरब में 'क्राउन ज्वेल 2026' के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के कुछ हफ्तों बाद ही इस ऑस्ट्रेलियाई स्टार का निधन हो गया. ब्रॉनसन रीड आखिरी बार 7 नवंबर को 'क्राउन ज्वेल 2026' के दौरान WWE प्रोग्रामिंग में नजर आए थे. इस इवेंट के दौरान, उन्होंने ब्रॉन ब्रेकर और ऑस्टिन थ्योरी बनाम पेंटा और जेवॉन इवांस के बीच हो रहे 'वर्ल्ड टैग टीम चैंपियनशिप' मैच में एंट्री की थी.
38 साल के ब्रॉनसन रीड का निधन
इस दौरान, ब्रॉनसन रीड का सामना ओबा फेमी से हुआ, जिन्होंने उन्हें एंट्रेंस स्टेज से नीचे एक टेबल पर फेंक दिया. 'फाइटफुल' के रेसलिंग पत्रकार शॉन रॉस सैप ने सबसे पहले रिपोर्ट दी थी कि इस घटना के दौरान ब्रॉनसन रीड को चोट लग गई थी. इस चोट के कारण, इवेंट के बाद जब बाकी WWE रेसलर्स अमेरिका लौट गए, तो ब्रॉनसन रीड को सऊदी अरब में ही रुकना पड़ा.
ब्रॉनसन रीड की किडनी में चोट आई
ब्रॉनसन रीड की पसलियां टूट गई थीं और उनकी किडनी में भी चोट आई थी. अल्वारेज ने बाद में बताया कि घर लौटने और रिकवरी जारी रखने से पहले, रेसलर की सर्जरी हुई थी. 'रेसलिंग ऑब्जर्वर न्यूजलेटर' के डेव मेल्टजर ने भी बताया कि ब्रॉनसन रीड को ये चोटें स्टेज से गिरने के दौरान लगी थीं. WWE ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्हें किस तरह की चोटें आई थीं, और क्या इन्हीं चोटों या मेडिकल जटिलताओं के कारण उनकी मृत्यु हुई है.
2019 में पहली बार WWE जॉइन किया
ऑस्ट्रेलिया में जन्मे ब्रॉनसन रीड ने 'जोनाह रॉक', 'जोनाह' (JONAH) और 'जे-रॉक' (J-Rock) जैसे नामों से अपना अंतरराष्ट्रीय रेसलिंग करियर बनाया था. बाद में, वे WWE के सबसे चर्चित हैवीवेट रेसलर्स में से एक बन गए. उन्होंने 2019 में पहली बार WWE जॉइन किया और अपने शुरुआती दौर में NXT नॉर्थ अमेरिकन चैंपियनशिप जीती. साल 2021 में कंपनी छोड़ने के बाद, उन्होंने न्यू जापान प्रो-रेसलिंग और इम्पैक्ट रेसलिंग के लिए मुकाबले लड़े, और फिर 2022 में WWE में वापसी की.
ब्रॉनसन रीड ने रोमन रेंस और सेठ रॉलिन्स जैसे बड़े स्टार्स को हराया और 2024 का 'आंद्रे द जायंट मेमोरियल बैटल रॉयल' जीता. उनका खतरनाक 'सुनामी स्प्लैश' WWE के सबसे मशहूर फिनिशिंग मूव्स में से एक बन गया. साल 2025 से ब्रॉनसन रीड 'द विजन' नाम के एक ग्रुप का हिस्सा थे. इस ग्रुप में ब्रॉन ब्रेकर, ऑस्टिन थ्योरी, लोगन पॉल, पॉल हेमन, मैक्सिन डुप्री और पहले सेठ रॉलिन्स भी शामिल थे.