App

आंख दिखाते देखा, अब साथ में जश्न मनाते देखेंगे! एक ही टीम में खेलेंगे मेसी-रोनाल्डो? जानें कैसे पूरा हो सकता है ये सपना

मेसी और रोनाल्डो करीब दो दशक से एक-दूसरे को चुनौती दे रहे हैं. दोनों ने कई रिकॉर्ड्स तोड़े और दुनिया को इस बहस में उलझाए रखा कि आखिर महानतम कौन है? अब यही दो दिग्गज पहली बार एक ही टीम की जर्सी में नजर आ सकते हैं.

आंख दिखाते देखा, अब साथ में जश्न मनाते देखेंगे! एक ही टीम में खेलेंगे मेसी-रोनाल्डो? जानें कैसे पूरा हो सकता है ये सपना
Image Credit: will messi and ronaldo play together

फुटबॉल की दुनिया के दो बड़े सितारे लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो को एक दूसरे के खिलाफ खेलते तो बहुत बार देख लिया, जरा सोचिए कि दोनों एक ही टीम में साथ खेले तो क्या नजारा होगा? इतना पढ़ते ही कई फुटबॉल फैंस के रोंगटे खड़े हो गए होंगे. मेसी और रोनाल्डो करीब दो दशक से एक-दूसरे को चुनौती दे रहे हैं. दोनों ने कई रिकॉर्ड्स तोड़े और दुनिया को इस बहस में उलझाए रखा कि आखिर महानतम कौन है? अब यही दो दिग्गज पहली बार एक ही टीम की जर्सी में नजर आ सकते हैं.

दरअसल, कार्लोस तेवेज अपने विदाई मुकाबले को यादगार बनाने की तैयारी में हैं. अर्जेंटीना के इस पूर्व स्टार ने मेसी और रोनाल्डो दोनों के साथ खेला है. रोनाल्डो के साथ उन्होंने मैनचेस्टर यूनाइटेड में समय बिताया, जबकि मेसी के साथ अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम में मैदान साझा किया. रिपोर्टों के मुताबिक, तेवेज दिसंबर 2026 में बोका जूनियर्स के मशहूर ला बॉम्बोनेरा स्टेडियम में होने वाले विदाई मुकाबले के लिए दोनों को आमंत्रित करना चाहते हैं. हालांकि, मेसी-रोनाल्डो की भागीदारी अभी आधिकारिक तौर पर तय नहीं हुई है.

साथ में खेलेंगे मेसी-रोनाल्डो?

टेवेज ने स्ट्रीमिंग चैनल 'ओल्गा' पर वो कहा जिससे करोड़ों फुटबॉल फैंस की धड़कनें थम गई होंगी. उन्होंने कहा कि हम उन्हें एक साथ लाएंगे. उन्होंने उस महा मिलन की संभावना जताई है जिसकी कल्पना फ़ुटबॉल प्रशंसक लंबे समय से करते आ रहे हैं, लेकिन क्लब स्तर पर कभी देखा नहीं है. टेवेज को लगता है कि ऐसा होने की असल संभावना है. वो वॉट्सऐप के जरिए मेसी और रोनाल्डो, दोनों के संपर्क में हैं और उन्हें भरोसा है कि वह पुर्तगाल के इस सुपरस्टार को अर्जेंटीना आने के लिए मना लेंगे. टेवेज ने यहां तक कह दिया कि वो खुद जाकर रोनाल्डो को यहां ले आएंगे.

मेसी और रोनाल्डो ने अपने करियर का ज्यादातर समय वर्ल्ड फ़ुटबॉल के टॉप पर एक-दूसरे के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी के तौर पर बिताया है. व्यक्तिगत सम्मान के लिए उनके बीच की टक्कर, खासकर ला लीगा में उनके समय के दौरान, इस खेल की सबसे यादगार प्रतिद्वंद्विताओं में से एक रही है. फिर भी, वे कभी एक ही क्लब के लिए साथ नहीं खेले. दोनों आखिरी बार तीन साल पहले एक ही पिच पर साथ दिखे थे, जब सऊदी अरब में प्री-सीजन फ्रेंडली मैच में मेसी की टीम पेरिस सेंट-जर्मेन ने रियाद ऑल-स्टार्स XI को 5-4 से हराया था.

इसलिए, यह मिलन एक सपने का सच होने जैसा होगा, जिसमें टेवेज अपने विदाई समारोह को एक जश्न में बदलना चाहेंगे, जिसमें अब तक के दो सबसे महान खिलाड़ी शामिल होंगे.

मेसी ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से लिया संन्यास

39 साल के दिग्गज लियोनेल मेसी के नाम 8 बैलन डी'ओर अवॉर्ड हैं. उन्होंने 31 अगस्त को इंटरनेशनल फुटबॉल से रिटायरमेंट का ऐलान किया. वो अर्जेंटीना को लगातार दूसरी बार वर्ल्ड चैंपियन बनाने के बेहद करीब आए थे, लेकिन फाइनल में स्पेन ने उनका सपना तोड़ दिया.क्लब के लिए उनका प्रदर्शन शानदार रहा है. हाल ही में MLS मैच में इंटर मियामी के लिए खेलते हुए उन्होंने चार गोल किए और एक असिस्ट भी दिया.

रोनाल्डो की नजर 1000 गोल पर

41 साल के स्टार फुटबॉलर रोनाल्डो ने 5 बार बैलन डी'ओर जीता है. पुर्तगाल के कप्तान 1,000 करियर गोल के शानदार माइलस्टोन तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं. सऊदी प्रो लीग में अल-नसर के लिए खेलते हुए उन्हें इसके लिए अभी 22 और गोल करने की जरूरत है. रोनाल्डो ने अपने शानदार करियर में कई बड़े कारनामे किए, लेकिन उनका वर्ल्ड कप जीतने का सपना अधूरा रह गया. 2026 में पुर्तगाल की टीम राउंड ऑफ 16 में स्पेन से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई. रोनाल्डो ने वर्ल्ड कप के बीच ये ऐलान किया था कि ये विश्व कप उनका आखिरी है.

 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More