SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मैदान पर दिल दहला देने वाला हादसा: मैच के दौरान छाती पर लगा घुटना, 30 साल के फुटबॉलर की हो गई मौत

स्पेन की सेकंड डिवीजन की टीम सीडी टेनेरिफ के फुटबॉलर जीसस डी मिगुएल की मैदान पर दुर्घटना के बाद जान चली गई. मैदान पर उन्हें धक्का देने वाले गोलकीपर को रेड कार्ड दिखाया गया. सोशल मीडिया पर उनके गिरने का वीडियो वायरल हो गया है.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 03, 2026, 04:16 PM IST | Updated: Nov 03, 2026, 06:20 PM IST
Image Credit: जीसस डी मिगुएल. Social Media
Join

फुटबॉल फैंस के लिए मंगलवार (3 नवंबर) की सुबह बुरी खबर लेकर आई. स्पैनिश फुटबॉल के सेकंड डिवीजन की टीम सीडी टेनेरिफ के फुटबॉलर जीसस डी मिगुएल की अचानक ही मौत हो गई. उनके निधन से फुटबॉल जगत में शोक की लहर दौड़ गई. एफसी एंडोरा के खिलाफ मैच के दौरान विपक्षी टीम के गोलकीपर जीसस ओवोनो से टक्कर के बाद मिगुएल मैदान पर गिर गए. सीपीआर देकर उन्हें होश में तो मैदान पर लाया गया, लेकिन अस्पताल में कार्डियक अरेस्ट के कारण उनकी मौत हो गई.

टेनेरिफ ने बयान जारी करके मिगुएल की मौत की पुष्टि कर दी है. क्लब ने कहा एस्टाडियो हेलियोडोरो रोड्रिगेज लोपेज में हुई घटना के एक दिन बाद मंगलवार की सुबह मिगुएल का निधन हो गया. टेनेरिफ और एंडोरा के बीच मैच के आखिरी समय में यह घटना हुई. उस समय मुकाबला 2-2 की बराबरी पर था. मिगुएल एक लंबी बॉल का पीछा कर रहे थे और अचानक से उन्हें रोकने के लिए एंडोरा के गोलकीपर ओवोनो पेनल्टी एरिया से बाहर निकल गए. आगे की ओर दौड़कर उन्होंने मिगुएल को रोकने का प्रयास किया. दोनों की टक्कर हुई और ओवोनो का घुटना मिगुएल के सीने से जा लगा. वह इसके बाद पिच पर ही बेहोश हो गए.

मैदान पर दिया गया था सीपीआर

टीम के मेडिकल स्टाफ मिगुएल को देखने के लिए दौड़कर मैदान पर गए. उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ था और मेडिकल स्टाफ ने सीपीआर देकर उन्हें होश में लाया. इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें हॉस्पिटल भेजा गया. मैच को स्टॉपेज टाइम में सात मिनट बाद ही रोक दिया गया. ओवोनो को सीधा रेड कार्ड दिखाया गया. मिगुएल को दूसरी सांता क्रूज के नुएस्ट्रा डे कैंडेलारिया यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल के इंटेंसिव केयर यूनिट (आईसीयू) में भर्ती कराया गया. क्लब टेनेरिफ ने शुरू में उनकी हालत को ठीक बताया था. क्लब ने मंगलवार की सुबह उनकी मौत की खबर देने से पहले न्यूरोलॉजिकल हालत में गिरावट की सूचना दी थी. इसके कुछ ही देर बाद निधन की खबर भी आ गई.

 

 

क्लब ने निधन पर क्या कहा?

क्लब ने मौत की खबर देते हुए कहा, ''हम इस पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन सीडी टेनेरिफ की ओर से हम जेस डी मिगुएल अलामेडा के दुखद निधन की सूचना देते हैं. हमारे पास सांत्वना के कोई शब्द नहीं हैं. ऐसा कुछ भी नहीं है जो इस दुख से भरी भावना को कम कर सके. हम उनके दुखी परिवार, उनके प्रियजनों और उन सभी टिनरफेइज्मो के साथ खड़े हैं, जो इस निधन पर रो रहे हैं.''

ये भी पढ़ें: हार्दिक पांड्या के लिए अर्शदीप सिंह और ये खिलाड़ी 'कुर्बान', मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स की डील फाइनल?

2015 में शुरू हुआ था सीनियर करियर

मिगुएल ने 2025 में लेगानेस बी के साथ अपने सीनियर फुटबॉल सफर की शुरुआत की थी. अपने करियर के दौरान वह आठ दूसरे स्पेनिश क्लबों की ओर से भी खेलें. वह पिछले साल ही टेनेरिफ में शामिल हुए थे और 2026 में दूसरे डिवीजन में लौटने वाली टीम का हिस्सा थे. क्लब ने कहा कि मिगुएल के परिवार ने सपोर्ट के मैसेज के लिए सभी को धन्यवाद कहा है और दुख की इस घड़ी में निजता का सम्मान करने की अपील की है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES