)
वियतनाम के दा नांग में जारी पिकलबॉल वर्ल्ड कप में भारत ने शानदार शुरुआत की है. टूर्नामेंट के पहले दिन भारतीय टीम ने एंटीगुआ और बारबुडा, इजरायल और चेक गणराज्य के खिलाफ अपने तीनों लीग मुकाबले जीतकर लीग स्टेज का अंत बिना कोई मैच गंवाए किया. इस दमदार प्रदर्शन के साथ भारत ने मेडल टैली में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. वहीं, भारत ने अब तक 6 गोल्ड, 16 सिल्वर और 15 ब्रॉन्ज मेडल समेत कुल 37 मेडल अपने नाम किए हैं. इस प्रदर्शन के दम पर भारत टीम मेडल टैली में चौथे स्थान पर बना हुआ है.
हर्ष मेहता, अर्जुन सिंह, अनीश फ्रोइलन, अमन पटेल, पर्ल अमलसादीवाला, नाओमी अमलसादीवाला, आलिया इब्राहिम और मिहिका यादव वाली भारतीय प्रो टीम ने अपने शुरुआती दो मैचों में दबदबा बनाए रखा और एंटीगुआ और बारबुडा तथा इजराइल को 6-0 के स्कोर से हराया. लीग स्टेज का आखिरी मैच चेक गणराज्य के खिलाफ खेला गया, जिसमें भारत ने आसानी से 5-1 से जीत हासिल की. हर टाई में कुल 6 मैच थे, जिसमें महिला डबल्स, पुरुष डबल्स, मिक्स्ड डबल्स 1, मिक्स्ड डबल्स 2, महिला सिंगल्स और पुरुष सिंगल्स शामिल हैं. भारत अब शुक्रवार को राउंड ऑफ 32 में पुर्तगाल का सामना करेगा.
भारतीय टीम के कप्तान हर्ष मेहता ने कहा, 'टीम का मनोबल बहुत ऊंचा है. हमने पॉजिटिव एनर्जी और शानदार नतीजों के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत की है. टीम के सभी खिलाड़ी अच्छा खेल रहे हैं, जो सबसे जरूरी है और इसी वजह से अच्छे नतीजे मिल रहे हैं. हम कल होने वाले एलिमिनेशन राउंड के लिए मानसिक रूप से तैयारी कर रहे हैं.' IPA के ट्रेजरर आलाप शर्मा ने कहा, 'पिकलबॉल वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी के दौरान भारतीय दल का हिस्सा बनकर परेड में चलना बहुत रोमांचक अनुभव था. इंटरनेशनल लेवल पर खेलने से मैच से पहले थोड़ी घबराहट होना स्वाभाविक है, लेकिन असली चैंपियन वही होते हैं जो घबराहट से ऊपर उठकर अहम मौकों पर अच्छा प्रदर्शन करते हैं.'
IPA के ट्रेजरर आलाप शर्मा ने कहा, 'हमें खुशी है कि हमारे खिलाड़ी इस भावना को अपना रहे हैं. वे हिम्मत, जोश और पक्के इरादे के साथ खेल रहे हैं और ऐसी जीत हासिल कर रहे हैं, जिनसे देश का मान बढ़ता है. टीम इंडिया की कामयाबी उनके कमिटमेंट और उनके पीछे की सामूहिक कोशिशों का सबूत है. हम उम्मीद करते हैं कि वे आगे भी शानदार प्रदर्शन करते रहेंगे और पिकलबॉल के खेल में भारत की बढ़ती ताकत को दुनिया के सामने लाएंगे. इस सफर में हमारी मदद करने के लिए हमारे स्पॉन्सर्स - इलेक्ट्रो-रश, पिकल-बे, कॉस्मिक बिड़ला ग्रुप और लखनऊ लेपर्ड्स - का शुक्रिया.'
भारतीय सीनियर टीम ने भी पहले दिन शानदार प्रदर्शन किया और जर्मनी व नेपाल को 4-0 से हराया. इंडिया पिकलबॉल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सूर्यवीर सिंह की कप्तानी में टीम ने राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की की. इंडिया पिकलबॉल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट सूर्यवीर सिंह भुल्लर ने कहा, 'अब तक के सभी खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन और टीम इवेंट में पूरे दल द्वारा दिखाई गई भावना पर मुझे बहुत गर्व है. मेडल टैली में हम अभी चौथे स्थान पर हैं और हमें यकीन है कि अगर यही लय बनी रही, तो हम कुछ और स्थान ऊपर चढ़ेंगे.' इससे पहले इस इवेंट में भारत ने कुल 37 मेडल जीते थे, जिनमें 6 गोल्ड, 16 सिल्वर और 15 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे.