हॉकी में डबल गोल्ड: महिलाओं के बाद पुरुष टीम ने स्वर्ण पर किया कब्जा, ओलंपिक का मिला डायरेक्ट टिकट
एशियन गेम्स 2026 में भारतीय हॉकी के लिए दोहरी खुशी आई है. महिला टीम द्वारा गोल्ड मेडल जीतने के 24 घंटे बाद ही पुरुष टीम ने भी स्वर्ण पर कब्जा कर लिया. दोनों ही टीमें ओलंपिक 2028 के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं.
भारत ने एशियन गेम्स 2026 में एक और गोल्ड मेडल जीत लिया है. महिला हॉकी टीम के बाद पुरुष हॉकी टीम भी चैंपियन बन गई. उसने शनिवार (3 अक्टूबर) को फाइनल में मलेशिया को 5-1 से परास्त कर दिया. इस जीत के साथ ही भारत ने ओलंपिक 2028 में डायरेक्ट एंट्री मार ली है. महिला टीम ने इससे पहले शुक्रवार को चीन के खिलाफ फाइनल जीतने में सफल रही थी. उसने 44 साल बाद एशियाई खेलों में गोल्ड जीता था. भारत के अब एशियन गेम्स 2026 में कुल 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 35 ब्रॉन्ज हो गए हैं. 85 पदकों के साथ भारत अब चौथे स्थान पर पहुंच गया है. उसने उज्बेकिस्तान को पीछे छोड़ दिया.
भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 2023 में हांग्झो एशियन गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीती थी. पहली बार भारत ने बैक टू बैक गोल्ड जीता है. साथ ही साथ भारतीय हॉकी इतिहास में यह पहला मौका है जब महिला और पुरुष दोनों टीमों ने गोल्ड मेडल पर कब्जा किया है. मलेशिया को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा. वह अब तक एक बार भी गोल्ड नहीं जीत पाई. पाकिस्तान ने कोरिया को हराकर ब्रॉन्ज जीता है.
हरमनप्रीत और मनप्रीत ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इतिहास रच दिया है. हरमन मेन्स हॉकी टीम को दो एशियन गेम्स गोल्ड मेडल दिलाने वाले पहले भारतीय कैप्टन बन गए हैं. उन्होंने आज फाइनल में मलेशिया पर 5-1 की जीत में दो गोल करके अहम किरदार निभाया. उनके अलावा पूर्व कप्तान मनप्रीत सिंह ने भी इतिहास रच दिया है. वह तीन एशियन गेम्स गोल्ड मेडल जीतने वाले अकेले भारतीय हॉकी खिलाड़ी बन गए हैं.
ये भी पढ़ें: Asian Games 2026: पाकिस्तानियों के हाथ में लगे मक्खन, फाइनल मैच में टपकाए कैच पर कैच, घटिया फील्डिंग से हुई जगहंसाई
कबड्डी, क्रिकेट के बाद हॉकी में डबल
एशियन गेम्स में भारत ने तीन खेलों में अनोखा कारनामा कर दिखाया. टीम इंडिया ने कबड्डी और क्रिकेट के बाद हॉकी में डबल गोल्ड जीते. इन तीनों खेलों में भारत की महिला और पुरुष टीमों ने स्वर्ण पर कब्जा किया.
भारत ने शुरू से अंत तक बनाए रखा दबाव
भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही मलेशिया पर दबाव बनाए रखा. 11वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए गोल करते हुए भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई. हालांकि, 14वें मिनट में मलेशिया के शैली सिल्वरियस ने फील्ड गोल दागकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. यहां से भारत ने पलटवार किया और मैच को जीतकर ही दम लिया. 23वें मिनट में जुगराज सिंह ने एक बेहतरीन पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए बढ़त को 2-1 कर दिया. हाफ टाइम के बाद 42वें मिनट में हार्दिक सिंह ने पेनाल्टी स्ट्रोक को शानदार तरीके से गोल में तब्दील किया. इसके बाद 54वें मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने एक फील्ड गोल दागा और अंततः 57वें मिनट में हरमनप्रीत सिंह ने अपना दूसरा गोल पेनाल्टी कॉर्नर से करते हुए मलेशिया की उम्मीदों को पूरी तरह खत्म कर दिया.
ये भी पढ़ें: भारत ने पाकिस्तान पर कर दी क्रिकेट वाली स्ट्राइक: एशियन गेम्स में चटाई धूल, टीम इंडिया ने गोल्ड मेडल पर किया कब्जा