SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पनामा, ब्राजील और उरुग्वे... भारतीय फुटबॉल टीम का सबसे बड़ा इम्तिहान, कहां मिलेंगे टिकट?

भारतीय फुटबॉल इतिहास का सबसे बड़ा मुकाबला कोलकाता में 3 अक्टूबर को होने वाला है. टीम इंडिया 5 बार की विश्व चैंपियन ब्राजील से भिड़ेगी. जानें टिकट बुकिंग, पनामा और उरुग्वे के खिलाफ मैचों का पूरा शेड्यूल.

Written By Rohit Raj
Published: Sep 04, 2026, 02:45 PM IST | Updated: Sep 04, 2026, 02:53 PM IST
Image Credit: भारतीय फुटबॉल टीम का शेड्यूल.
Join

फुटबॉल इतिहास की सबसे सफल पुरुष टीम और पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील भारत के दौरे पर आ रही है. अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF)ब्राजील के साथ-साथ पनामा और उरुग्वे जैसी मजबूत टीमों की भी मेजबानी करेगा. भारत कोलकाता के ऐतिहासिक विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन (VYBK/सॉल्ट लेक स्टेडियम) में ब्राजील से मैच खेलेगा. यह मुकाबला भारतीय फुटबॉल के इतिहास में अब तक के सबसे बड़े और सबसे ऐतिहासिक मैचों में से एक होने जा रहा है

साल 1992 में फीफा वर्ल्ड रैंकिंग की शुरुआत के बाद से यह पहली बार है जब भारतीय टीम इतने ऊंचे पायदान वाली टीम के खिलाफ मैदान पर उतरेगी. वर्तमान फीफा रैंकिंग में ब्राजील पांचवें स्थान पर काबिज है, जो भारत के लिए अब तक की सबसे कठिन और ऐतिहासिक चुनौती साबित होगी.

ब्राजील की टीम का भारत में क्रेज

ब्राजील के शानदार फुटबॉल इतिहास और विरासत ने दुनिया भर के खिलाड़ियों को प्रेरित किया है. इसमें भारत के लाखों जुनूनी समर्थक भी शामिल हैं. भारत को ब्राजील के बाहर ब्राजीलियाई प्रशंसकों के सबसे बड़े गढ़ों में से एक माना जाता है, खासकर कोलकाता और केरल में इसका जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है.

 

 

 

बेंगलुरु में किससे होगा भारत का मुकाबला?

इस व्यस्त अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल विंडो के दौरान, भारतीय सीनियर पुरुष फुटबॉल टीम फीफा इंटरनेशनल मैच विंडो के तहत 26 सितंबर को पनामा की मेजबानी करेगी. यह मुकाबला बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम को घरेलू दर्शकों का शानदार समर्थन मिलने की उम्मीद है. दुनिया में 44वें स्थान पर मौजूद पनामा की टीम भारतीय टीम के लिए एक बेहतरीन और उच्च स्तरीय परीक्षा साबित होगी. मध्य अमेरिकी देश पनामा ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में भी हिस्सा लिया है.

ब्राजील मैच के लिए भारत की क्या तैयारी है?

वर्ल्ड कप खेलने वाली पनामा की टीम के खिलाफ भारत का यह पहला फ्रेंडली मैच होगा. इस अंतरराष्ट्रीय सीजन में भारत की व्यस्तता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पनामा के खिलाफ बेंगलुरु में खेलने के ठीक एक हफ्ते बाद 3 अक्टूबर को भारत कोलकाता में पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील से मुकाबला करेगा.

ब्राजील के बाद किससे होगी भिड़ंत?

पनामा और ब्राजील के बाद भी भारतीय टीम की चुनौतियां समाप्त नहीं होंगी. भारत इसके बाद विश्व फुटबॉल की एक और दिग्गज टीम उरुग्वे से भिड़ेगा. उरुग्वे दो बार वर्ल्ड कप जीत चुकी है. यह हाई-प्रोफाइल फ्रेंडली मैच 6 अक्टूबर को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में खेला जाएगा. इस तरह भारतीय टीम 11 दिनों के भीतर तीन मजबूत वर्ल्ड कप खेलने वाली टीमों का सामना करेगी.

 

 

मुकाबले के टिकट कैसे बुक करें?

हाल ही में AIFF ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा, ''इंतजार खत्म हुआ. भारत बनाम ब्राजील के मुकाबले में मिलते हैं.'' इस हाई-प्रोफाइल फ्रेंडली मैच के टिकट अब ऑनलाइन बुकिंग के लिए डिस्ट्रिक्ट (District) ऐप पर लाइव हो चुके हैं. प्रशंसक इस ऐप के जरिए स्टेडियम में अपनी पसंदीदा स्टैंड की टिकट बुक कर सकते हैं. फिलहाल ब्राजील के मैच टिकट ही मिल रहे हैं. पनामा और उरुग्वे के खिलाफ मुकाबले के लिए टिकट कुछ दिनों बाद लाइव होंगे.

पनामा-ब्राजील और उरुग्वे से मैच के लिए भारतीय टीम:

गोलकीपर: अल्बिनो गोम्स, गुरप्रीत सिंह संधू, प्रभसुखन सिंह गिल, सोम कुमार.

डिफेंडर: अभिषेक सिंह टेकचम, आकाश मिश्रा, अनवर अली, बिजॉय वर्गीस, हिंगथनमाविया राल्टे, जय गुप्ता, प्रमवीर, रिकी मीतेई हाओबाम.

मिडफील्डर: अनिरुद्ध थापा, आशिक कुरुनियान, फारुख चौधरी, लालेंगमाविया राल्टे, मैकार्टन निक्सन, मोहम्मद सनन, रिकी शाबोंग, सहल अब्दुल समद.

फॉरवर्ड: एडमंड लालरिंडिका, इरफान यादवद, मनवीर सिंह, रहीम अली, रयान विलियम्स, विक्रम प्रताप सिंह.

हेड कोच: खालिद जमील.

नोट: चार खिलाड़ियों को रिजर्व के तौर पर रखा गया है. गोलकीपर ऋतिक तिवारी, डिफेंडर चिंगलेनसाना सिंह कोंशाम और रोशन सिंह नाओरेम और मिडफील्डर सुरेश सिंह वांगजाम को जरूरत पड़ने पर उन्हें टीम में शामिल किया जा सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES