SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राइजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की तिकड़ी का धमाका, ब्रॉन्ज जीतकर रचा इतिहास

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने शूटिंग के महिला स्कीट टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता है. राइजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की तिकड़ी ने भारत को ब्रॉन्ज दिलाया.

Written By Tarun Verma
Published: Sep 23, 2026, 09:17 AM IST | Updated: Sep 23, 2026, 10:51 AM IST
Image Credit: India Wins Bronze in Womens Skeet Team Event
Join

एशियन गेम्स 2026 में बुधवार को रायजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की भारतीय महिला स्कीट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है. इसके साथ ही भारत के मेडल की कुल संख्या 8 हो गई. भारतीय महिला स्कीट टीम ने कुल 331 अंक हासिल करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया. रायजा ढिल्लों और परिनाज धालीवाल ने 125 में से 111-111 अंक हासिल किए, जबकि माहेश्वरी चौहान ने 109 अंक का योगदान दिया. तीनों निशानेबाजों के संयुक्त प्रदर्शन ने भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाया.

महिला स्कीट टीम इवेंट में चीन ने 346 अंकों के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि कजाकिस्तान ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया. भारत की टीम ने 331 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया. इस ब्रॉन्ज मेडल के साथ ही एशियन गेम्स 2026 में शूटिंग से भारत के पदकों की संख्या 6 हो गई है. भारतीय निशानेबाज लगातार अलग-अलग इवेंट में मजबूत प्रदर्शन कर रहे हैं और मेडल टैली में भारत के लिए अहम योगदान दे रहे हैं.

रोइंग में बलराज ने किया कमाल

रोइंग में बलराज पंवार ने पुरुषों की सिंगल स्कल्स स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई. उन्होंने अपनी हीट में 6:52.84 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया. दोनों हीट के कुल परिणाम में वह चौथे स्थान पर रहे और Final A के लिए क्वालीफाई किया. पुरुषों की डबल स्कल्स स्पर्धा में सतनाम सिंह और सलमान खान की भारतीय जोड़ी ने भी फाइनल में जगह बनाई. दोनों ने अपनी हीट में 6:15.63 सेकंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया. दोनों हीट के संयुक्त नतीजे में भारतीय जोड़ी चौथे स्थान पर रही.

कैनो स्प्रिंट में भारत को सफलता

कैनो स्प्रिंट में भारत के हर्षवर्धन शक्तावत, वरिंदर सिंह, एल नाओचा सिंह ओइनाम और अरुण सिंह ने पुरुषों की कयाक फोर 500 मीटर स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई. भारतीय टीम ने हीट-1 में 1:29.447 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया. महिलाओं की कैनो सिंगल 200 मीटर हीट में मेघा प्रदीप पांचवें स्थान पर रहीं और सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया. वहीं पार्वती गीता और फाइरेम्बाम सोनिया देवी ने भी महिला कयाक डबल 500 मीटर स्पर्धा में आगे का टिकट हासिल किया.

टेबल टेनिस में भारत का प्रदर्शन

टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स राउंड-2 में हरमीत देसाई और यशस्विनी घोरपड़े की भारतीय जोड़ी ने मालदीव के मोहम्मद इस्माइल और फातिमथ अली को हराकर अगले दौर में जगह बनाई. इसके अलावा मानुष शाह और दीया चितले ने श्रीलंका के चानुल कुलप्पुवावडु और बिमांडी स्वर्णा को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया. स्विमिंग में बेनिक्टन बेनिस्टन पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई हीट में चौथे स्थान पर रहे और कुल मिलाकर 13वें स्थान पर रहे. वहीं, साजन प्रकाश ने इस इवेंट में शुरुआत नहीं की. दोनों ही फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES