रोमांच की सारी हदें पार... ईशा सिंह के हाथ से कैसे फिसला गोल्ड मेडल? 25 मीटर पिस्टल फाइनल में हुआ गजब ड्रामा
एशियन गेम्स 2026 में ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता. चीन की शियाओ जियारुइक्सुआ ने गोल्ड और नॉर्थ कोरिया की किम ह्योन सुक ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया.
एशियन गेम्स 2026 में भारत की स्टार शूटर ईशा सिंह ने महिलाओं के 25 मीटर पिस्टल फाइनल में सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन कर दिया. सोमवार को हुए रोमांचक फाइनल में ईशा और चीन की शियाओ जियारुइक्सुआ के बीच गोल्ड के लिए जबरदस्त शूट-ऑफ हुआ. ईशा ने कुल 38 अंक हासिल किए, लेकिन दूसरे शूट-ऑफ में मामूली अंतर से गोल्ड से चूक गईं. चीन की शियाओ जियारुइक्सुआ ने बेहद करीबी मुकाबले में गोल्ड मेडल अपने नाम किया. नियमित फाइनल और पहले शूट-ऑफ के बाद दोनों निशानेबाज 38-38 अंकों पर बराबर थीं.
निर्णायक शूट-ऑफ में शियाओ ने तीन निशाने लगाए, जबकि ईशा दो निशाने ही साध सकीं. इसी के साथ ईशा को सिल्वर से संतोष करना पड़ा. ईशा सिंह ने फाइनल की शुरुआत बेहद शानदार अंदाज में की. उन्होंने शुरुआती सीरीज में पांचों निशाने सटीक लगाए और तुरंत बढ़त हासिल कर ली. इसके बाद दूसरी सीरीज में चार हिट लगाए और 10 शॉट के बाद भी वह टॉप पर बनी रहीं. तीसरी सीरीज में ईशा तीन हिट ही कर पाईं और दूसरे स्थान पर खिसक गईं. इसी दौरान शियाओ ने बढ़त बनाते हुए 13 अंक हासिल कर लिए. हालांकि ईशा ने दबाव में शानदार वापसी की और अगली सीरीज में चार हिट लगाकर 20 शॉट के बाद शियाओ के साथ 16-16 की बराबरी कर ली.
25 मीटर पिस्टल फाइनल में हुआ गजब ड्रामा
25 शॉट के बाद ईशा सिंह और शियाओ जियारुइक्सुआ दोनों के 20-20 अंक थे, जबकि नॉर्थ कोरिया की किम ह्योन सुक भी टॉप ग्रुप में शामिल हो गईं. अगली सीरीज में ईशा तीसरे स्थान पर पहुंच गईं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और इसके बाद पांचों निशाने लगाकर शानदार वापसी की और खुद के लिए मेडल पक्का कर लिया. 40 शॉट के बाद शियाओ और किम 32-32 अंकों पर थीं, जबकि ईशा 31 अंक पर थीं. इसके बाद सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल के लिए ईशा और किम के बीच शूट-ऑफ हुआ. दोनों ने शुरुआती दो शूट-ऑफ सीरीज में तीन-तीन हिट लगाए, लेकिन निर्णायक राउंड में ईशा ने तीन निशाने लगाए, जबकि किम सिर्फ दो हिट कर सकीं. इस शानदार प्रदर्शन के साथ ईशा ने सिल्वर मेडल पक्का कर लिया.
ईशा सिंह के हाथ से फिसला गोल्ड मेडल
सिल्वर पक्का करने के बाद ईशा का सामना गोल्ड मेडल के लिए शियाओ से हुआ. नियमित फाइनल और पहले शूट-ऑफ के बाद दोनों के खाते में 38-38 अंक थे, इसलिए एक और पांच-शॉट शूट-ऑफ कराया गया. निर्णायक मुकाबले में शियाओ ने तीन निशाने लगाए और ईशा दो निशाने ही साध सकीं. इस तरह चीन की शूटर ने गोल्ड जीत लिया और ईशा सिंह ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया. ईशा सिंह का यह सिल्वर मेडल एशियन गेम्स 2026 में भारत का 39वां मेडल है. भारत के खाते में अब तक 4 गोल्ड, 17 सिल्वर और 18 ब्रॉन्ज, यानी कुल 39 पदक हो चुके हैं.