SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हॉकी के मैदान पर भारत की दबंगई: बांग्लादेश को 13-0 से दी करारी मात, हरमनप्रीत ब्रिगेड का एकतरफा राज

भारतीय हॉकी टीम ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के उद्घाटन मैच में धमाल मचा दिया. उसने बांग्लादेश को करारी शिकस्त दी. टीम इंडिया के लिए मनदीप सिंह ने हैट्रिक गोल दागकर देश को जीत दिलाई.

Written By Rohit Raj
Published: Oct 27, 2026, 11:21 PM IST | Updated: Oct 27, 2026, 11:25 PM IST
Image Credit: भारतीय हॉकी टीम. X/@TheHockeyIndia
Join

भारतीय हॉकी टीम ने एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में शानदार आगाज किया है. मंगलवार (27 अक्टूबर) को बांग्लादेश के खिलाफ ओलिंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में टीम इंडिया ने 13-0 से जीत हासिल की. भारत की जीत में मनदीप सिंह ने हैट्रिक गोल किया. कप्तान हरमनप्रीत सिंह, दिलप्रीत सिंह और हार्दिक सिंह ने दो-दो गोल करके टीम के लिए योगदान दिया. भारत अब 29 अक्टूबर को चीन के खिलाफ इसी मैदान पर खेलेगा.

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के मैच 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक मोहाली और जालंधर में खेले जाएंगे.  भारत के अलावा इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश, मलेशिया, जापान, चीन और साउथ अफ्रीका की टीमें हिस्सा ले रही हैं. सभी टीमों को एक ही ग्रुप में रखा गया है. टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल में जाएंगी और नीचे के दो टीमों के बीच पांचवें स्थान के लिए मैच होगा.

 

 

पहले क्वार्टर में भारत ने मारे 4 गोल

भारत ने मैच की शुरुआत ही धमाकेदार अंदाज में की. उसने पहले क्वार्टर में 4-0 की बढ़त हासिल कर ली. मैच के दूसरे मिनट में ही हरनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर एक शक्तिशाली गोल किया. इसके एक मिनट बाद मनदीप सिंह ने कप्तान हरमनप्रीत के पास पर गोल करके बढ़त दोगुनी कर दी. मनदीप ने 10वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया. पहले क्वार्टर के समाप्त होने से ठीक पहले शिलानंद लाकड़ा ने गोल करके मैच में भारत को 4-0 से आगे कर दिया.

 

 

दूसरे क्वार्टर में भी बरसे गोल

भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में आक्रामक खेल जारी रखा और 18वें मिनट में अभिषेक ने गोल कर दिया. 26वें मिनट में नीलकांत शर्मा ने एक गोल करके भारत को मैच में मजबूत स्थिति में ला दिया. बांग्लादेश के गोलकीपर अशरफुल शाद ने मैच के दौरान कुछ अच्छे बचाव किए. हाफटाइम तक भारत 6-0 से आगे हो गया.

ये भी पढ़ें: 'पता नहीं 2007 में कौन सी क्रिकेट खेलते थे', युवराज सिंह के 12 गेंदों वाले ताने पर अभिषेक शर्मा का मजेदार पलटवार

दूसरे हाफ में भारत ने किए और हमले

भारत ने तीसरे क्वार्टर में बांग्लादेश पर दबाव बनाते हुए एक मिनट में दो गोल मार दिए. दिलप्रीत सिंह ने पहला गोल रीबाउंड पर और दूसरा गोल तोमाहाक (Tomahawk) शॉट के जरिए किया. कप्तान हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर से अपना दूसरा गोल कर भारत को 9-0 से आगे कर दिया. चौथे और अंतिम क्वार्टर फाइनल में जुगराज ने भारत के लिए 10वां गोल किया. 54वें मिनट में मनदीप सिंह ने डाइविंग डिफ्लेक्शन के जरिए अपनी हैट्रिक पूरी की. मैच के अंतिम पलों में हार्दिक सिंह ने दो गोलकरके भारत को 13-0 से ऐतिहासिक जीत दिला दी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES