शरीर में वास करते हैं नवग्रह, जानिए आपके किस अंग से है कौन-से ग्रह का गहरा संबंध!
Navgraha And Body Parts: क्या आप जानते हैं कि नवग्रहों का हमारे शरीर पर विशेष प्रभाव होता है, अलग-अलग अंगों से अलग-अलग ग्रह का संबंध है. जैसे सूर्य का संबंध सिर, दाहिनी आंख और हृदय से है. वहीं चंद्रमा का मन और बाईं आंख से संबंध है. सूर्य से शनि तक कौन-सा ग्रह किस अंग का कारक है, आइए विस्तार से समझें.
क्या आपने कभी ये सोचा है कि कैसे अचानक आप बीमार पड़ने लगते हैं या अचानक स्वास्थ्य में सुधार होने लगता है, कई बार ऐसा होता है कि आपका मन अचानक ही अस्थिर होने लगता है. क्या ऐसा होने के पीछे कोई बड़ा कारण हो सकता है? ज्योतिष में ऐसा माना जाता है कि हमारे शरीर में नवग्रह का वास होता है, ऐसा भी कह सकते हैं कि अलग-अलग ग्रह हमारे शरीर के अलग-अलग अंग के कारक हैं. ग्रह जब शुभ स्थिति में होते हैं तो उससे संबंधित अंग भी स्वस्थ रहते हैं और जब ग्रहों का प्रभाव बुरा होता है शरीर के अंगों से जुड़ी परेशानियों के बढ़ने की संभावना भी ज्यादा हो जाती है. आइए इस लेख में जानें कि कौन से ग्रह का किस अंग से संबंध है.
सूर्य किस अंग का कारक
सूर्य का प्रभाव सिर, दाईं आंख, हृदय, आत्मा, रक्त के प्रवाह और हड्डियों पर होता है. जब व्यक्ति का सूर्य कमजोर होता है तो व्यक्ति का आत्मविश्वास कम होने लगता है. सुबह सूर्योदय के समय अगर सूर्य देव को अर्घ्य दें और उनकी उपासना करें तो सूर्य की स्थिति मजबूत हो सकती है.
चंद्रमा किस अंग का कारक
चंद्रमा ग्रह व्यक्ति के मस्तिष्क और मन पर गहरा प्रभाव डालता है. रक्त, शरीर के जल तत्व, बाईं आंख और छाती का कारक भी चंद्रमा ही है. जब चंद्रमा कुंडली में कमजोर होता है तो व्यक्ति का मन स्थिर नहीं रहता है, मूड स्विंग होता है, नींद नहीं आती है, रक्त संबंधी दिक्कतें होने लगती हैं. सोमवार के दिन शिवलिंग पर जल अर्पित करें तो चंद्रमा की स्थिति मजबूत हो सकती है.
मंगल किस अंग का कारक
मंगल ग्रह शारीरिक शक्ति, रक्त, मांसपेशियों से लेकर कान के भीतरी हिस्से का कारक है. मंगल के कमजोर होने पर व्यक्ति बार-बार दुर्घटना का शिकार हो सकता है, रक्त संबंधी परेशानियां होने लगती है और गुस्सा बढ़ने लगता है. मंगल को संतुलित करने के लिए मंगलवार के दिन हनुमान जी की पूजा उपासना करें.
बुध किस अंग का कारक
बुध ग्रह का प्रभाव त्वचा, सोचने की शक्ति, याद करने की क्षमता, जीभ, गला और हाथ पर होता है. अशुभ बुध के कारण व्यक्ति की वाणी खराब हो सकती है और सोचने समझने की क्षमता कम हो सकती है. व्यक्ति निर्णय नहीं ले पाता है. ऐसी स्थिति में बुधवार के दिन गणेश जी की पूजा जरूर करें.
बृहस्पति किस अंग का कारक
बृहस्पति ग्रह का शरीर के यकृत पर गहरा प्रभाव होता है, मोटापा, कान और पचाने वाले अंगों का कारक भी बृहस्पति ग्रह ही है. ऐसे में जब मोटापा बढ़ने लगे तो गुरु को मजबूत करने के लिए उपाय करें. इसके लिए गुरुवार के दिन विष्णु जी की पूजा करें.
शुक्र किस अंग का कारक
शुक्र ग्रह का संबंध प्रजनन अंग, गुप्तांग से लेकर गला, त्वचा, चेहरे की सुंदरता, गाल व गुर्दे से हैं. शुक्र जब कमजोर स्थिति में होता है तो व्यक्ति की सुंदरता और चेहरे की चमक खत्म होने लगती है. शुक्रवार के दिन माता लक्ष्मी की उपासना करें.
शनि किस अंग का कारक
शनि ग्रह का प्रभाव शरीर की हड्डियां, दांत, नसों, पैरों से लेकर घुटने और त्वचा पर होता है. जब कुंडली में शनि अशुभ रूप से सक्रिय होता है तो व्यक्ति को मानसिक तनाव हो सकता है. ऐसे में शनि के शुभ प्रभाव बना रहे और इस ग्रह की स्थिति मजबूत रहे, शनिवार के दिन हनुमान जी की पूजा करें.
राहु किस अंग का कारक
राहु का प्रभाव फेफड़े, श्ववास लेने के अंग और त्वचा पर होता है. जब राहु अशुभ फलदायी हो तो व्यक्ति भ्रम में जीने लगता है और किसी बुरी लत में फंस सकता है. राहु को मजबूत करने के लिए शिव और सरस्वती की आराधना करें.
केतु किस अंग का कारक
केतु का प्रभाव शरीर की रीढ़ की हड्डी से लेकर नसों और पैर के तलवे पर होता है. जब केतु कमजोर या अशुभ रूप से जीवन पर प्रभावी होता है तो मानसिक अस्थिरता व भ्रम की दिक्कतें हो सकती हैं. केतु को मजबूत करने के लिए नियमित रूप से भगवान गणेश की पूजा करें.
नोट- हालांकि ये सभी ज्योतिषीय मान्यता हैं, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के होने पर तुरंत अपने डॉक्टर की सलाह लें.
(डिस्क्लेमर- यह लेख ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित है, इसका उद्देश्य केवल जानकारी देना है. इसे चिकित्सीय सलाह न समझें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या पर डॉक्टर से सलाह अवश्य लें और उपचार करें.)