)
WiFi Router Vastu: आज इंटरनेट हमारे जीवन का एक अभिन्न हिस्सा बन गया है. वहीं, घरों में इंटरनेट के लिए वाई-फाई राउटर का इस्तेमाल बहुत तेजी से किया जाने लगा है. ऑनलाइन पढ़ाई हो या स्मार्ट टीवी चलाना हो, कई ऐसे काम हैं जिन्हें करने के लिए वाई-फाई राउटर की जरूरत पड़ती है. लेकिन क्या आपको यह पता है कि वाई-फाई राउटर को घर में रखने और लगाने के लिए कुछ वास्तु नियमों का ध्यान रखना कितना जरूरी है. अगर इससे जुड़े वास्तु नियमों को अनदेखा किया गया तो घर का वास्तु खराब हो सकता है, वास्तु दोष भी लग सकता है. वास्तु शास्त्र की मान्यता है कि घर में राउटर को सही दिशा में ही लगाना चाहिए. आइए राउटर से जुड़े वास्तु टिप्स के बारे में जानें.
उत्तर-पूर्व दिशा
राउटर लगाने के लिए दिशा का विशेष रूप से ध्यान रखें. वास्तु शास्त्र के अनुसार, उत्तर-पूर्व दिशा को राउटर लगवाने के लिए सबसे उत्तम माना जाता है. यह घर का ईशान कोण है जो ज्ञान, शांति और सकारात्मक ऊर्जा की दिशा है. इस ओर राउटर लगवाने से घर के लोगों की बुद्धि बढ़ेगी और सोच सकारात्मक होगी.
पूर्व दिशा
राउटर लगवाने के लिए पूर्व दिशा भी उत्तम माना गया है. यह दिशा नई शुरुआत व तरक्की का कारक है. इस दिशा में राउटर लगवाने से घर के लोगों के करियर और पढ़ाई में लगातार विकास होता है और लाभ ही लाभ होता है. दक्षिण-पश्चिम दिशा में भूल से भी राउटर न लगवाएं.
वास्तु शास्त्र के अनुसार बिजली से चलने वाली मशीन को जमीन पर न रखें, इसी तरह राउटर को भी हमेशा जमीन से थोड़ा ऊपर ही रखें. इसे दीवार, टेबल या रैक पर रखना सही होगा. इससे ऊर्जा का प्रवाह अच्छे से होगा और घर के वास्तु पर भी इसका बुरा प्रभाव नहीं पड़ेगा. राउटर के आसपास किसी भी तरह की गंदगी या भारी सामान न रखें.
राउटर को बेडरूम में भूल से भी न लगवाएं.
पूजा स्थान या इसके पास की किसी जगह पर राउटर को न लगवाएं.
रसोईघर में भी इंटरनेट राउटर को लगाने से घर का वास्तु खराब हो सकता है.
राउटर को जल रखने वाली जगह के पास न रखें.
भारी धातु की वस्तुओं के पास भी राउटर को न रखें.
(Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य जानकारी और मान्यताओं पर आधारित है, इसे अंतिम सत्य न मानें. वास्तु से जुड़ा कोई भी निर्णय लेने से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें.)