दिवाली पर कैसे करें घर की लाइटिंग, टिमटिमाती लाइट लगाना शुभ या अशुभ? चाहते हैं नाराज न हों मां लक्ष्मी तो जानें वास्तु के नियम
दिवाली पर घर की लाइटिंग कैसे की जाए, मेन गेट पर टिमटिमाती लाइट लगाना चाहिए या नहीं और पूजा घर में लाइटिंग का सही वास्तु नियम क्या है? आइए इस बारे में विस्तार से इस लेख में जानें.
Diwali 2026 Vastu Tips Twinkling lights: दीपावली केवल पर्व नहीं है बल्कि अंधेरे पर उजाले की जीत का उत्सव है. इस पर्व पर घर की साफ-सफाई की जाती है और घर को सजाया जाता है. घर को रोशनी से सजाने से लेकर घर के कोने-कोने में दीपक जलाया जाता है. घर की साज-सज्जा, विशेषकर लाइटिंग अगर वास्तु अनुसार करें तो घर में सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है. वास्तु शास्त्र के अनुसार अगर घर की सही जगह और दिशा में अगर सही रंगों की लाइटिंग करें तो सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है. इसी तरह गलत लाइटिंग घर की ऊर्जा को खराब करती है. ऐसे में दीपक हो या लाइटिंग हो या फिर झालर लगाना हो, दिवाली आने से पहले जान लें कि इससे जुड़े वास्तु नियम क्या हैं? आइए जानें.
मेन गेट की लाइटिंग
दिवाली में मेन गेट पर लाइटिंग करते समय वास्तु नियमों का ध्यान जरूर रखें. मेन गेट से ही सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है ऐसे में मेन गेट पर सुंदर और शुभ रंगों वाली लाइट लगाएं. मेन गेट के चारों ओर लाइट तो लगाएं ही इसके साथ ही दीया भी जरूर जलाएं. मेन गेट के लिए वार्म व्हाइट लाइट शुभ होती है, गोल्डन लाइट भी मेन गेट के लिए सकारात्मक ऊर्जा को आकर्षित करती है. पूर्वमुखी गेट पर अगर सुनहरे पीले या हल्के सफेद रंग की लाइट लगाएं तो शुभ होगा.
उत्तर-पूर्व दिशा में लाइटिंग
दिवाली पर घर में वास्तु अनुसार ही लाइट लगानी चाहिए. ध्यान दें उत्तर-पूर्व दिशा में हल्की लाइट लगाएं. इससे धन की आवक बनी रहती है. इस दिशा में घी का दीपक जरूर लगाएं. इससे घर में सुख-शांति आती है.
घर के कोने में कौन सी लाइट लगाएं
वास्तु अनुसार अगर घर के कोनों में अंधेरा हो तो यह शुभ नहीं होता है. कोनों में छोटे-छोटे दीये रखें या फेयरी लाइट लगाएं. ऐसा करने से नकारात्मक ऊर्जा का नाश होगा और घर में सौभाग्य और समृद्धि आएगी. दक्षिण-पश्चिम कोने में लाइट जरूर लगाएं इससे घर की सुरक्षा होती है.
लाइटिंग के लिए सही रंगों को चुनें
दिवाली में टाइटिंग के रंगों का विशेष ध्यान रखें. वास्तु अनुसार पीला, लाल, हल्का नीला और नारंगी जैसे रंग को चुन सकते हैं. इन रंगों की लाइटिंग से घर में समृद्धि और उत्साह बना रहता है. घर के आंगन या बगीचे में अगर हरे और नीले रंग की लाइट लगाएं तो घर की शांति बनी रहती है.
टिमटिमाती लाइट लगाना शुभ या अशुभ?
घर में टिमटिमाती लाइट लगाना शुभ फलदायी होगा या अशुभ यह इस बात पर निर्भर करता है कि ऐसी लाइटिंग कहां पर लगाई गई है. आइए इस बारे में जानें.
घर के मेन गेट में टिमटिमाती लाइटें- शुभ
दिवाली के समय घर के बाहर, मेन गेट, बालकनी या बगीचे में रंग-बिरंगी और टिमटिमाती हुई लाइट लगाना शुभ माना जाता है. इससे घर में हमेशा सकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होता है. हालांकि, ऐसी टिमटिमाती लाइट को लगाते समय वास्तु के अनुसार सही दिशा का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. ऐसा करने से घर के सदस्यों का सौभाग्य बढ़ता है. छत पर भी चमकदार लाइट्स लगाएं. उत्तर या उत्तर-पूर्व में अगर सफेद या नीली लाइटें लगाएं तो शुभ होगा. दक्षिण या दक्षिण-पूर्व के हिस्से में लाल या नारंगी रंग की लाइटिंग से सजाएं. ऐसा करने से मां लक्ष्मी कभी रूठकर घर से नहीं जाएंगी.
पूजा घर में टिमटिमाती लाइटें- अशुभ
पूजा घर में टिमटिमाती लाइट लगाना शुभ नहीं माना जाता है और न तो पूजा वाली जगह पर बहुत तेज लाइट लगानी चाहिए. वास्तु और शास्त्रों के अनुसार, पूजा घर में हल्की रोशनी लगाएं. टिमटिमाती रोशनी घर में अस्थिरता ला सकती है. ऐसा करने से मां लक्ष्मी नाराज नहीं होंगी और घर में स्थिर रहेंगी.
बेडरूम के लिए टिमटिमाती लाइटें- अशुभ
दिवाली हो या सामान्य दिन घर के बेडरूम में कभी बहुत ज्यादा चमकने वाली लाइटिंग या टिमटिमाती लाइटिंग न लगाएं. इससे नींद में बाधा तो आएगी ही इसके साथ ही वैवाहिक जीवन में क्लेश बढ़ सकता है. वास्तु अनुसार ऐसी लाइटिंग जो जलते-बुझते हों, उसे बेडरूम में न लगाएं.
(डिस्क्लेमर- यह जानकारी पारंपरिक वास्तु एवं ज्योतिषीय मान्यताओं पर आधारित है. बताए गए उपायों के प्रभाव और परिणाम व्यक्ति विशेष की परिस्थितियों, आस्था, स्थान तथा अन्य कारकों के अनुसार अलग-अलग हो सकते हैं. इसे सामान्य सूचना के रूप में देखें और किसी भी प्रकार के निश्चित परिणाम या लाभ का दावा न मानें.)
और पढ़ें- घर के आगे लगा गुलाब का पौधा चूस न ले सारा धन, वास्तु अनुसार जानें क्या हैं इससे जुड़े जरूरी नियम