बिना 1 रुपया खर्च किए मजबूत होंगे सभी ग्रह, युवाओं के लिए बेहद खास हैं ये उपाय
कुंडली में ग्रह दोष है सुनते ही मन में रत्न, पूजा-पाठ, ग्रह शांति के खर्चीले उपाय जेहन में आ जाते हैं. जबकि ज्योतिष में ही ग्रहों को मजबूत करने के कुछ ऐसे उपाय बताए गए हैं, जिन्हें करने के लिए पैसे खर्च करने की जरूरत नहीं है.
जिंदगी में ढेरों टेंशन हैं, इसके पीछे कुंडली के ग्रह, गलत आदतें, मिस-मैनेजमेंट, स्थितियां आदि जिम्मेदार होती हैं. इसलिए लोग अपने जीवन को बेहतर करने के लिए ऐस्ट्रोलॉजर, लाइफ कोच आदि एक्सपर्ट्स की मदद लेते हैं. मामला जब ज्योतिष का आता है तो कुंडली के ग्रहों की पड़ताल की जाती है और कमजोर ग्रहों को मजबूत करके उनसे शुभ फल पाने की सलाह ज्योतिषाचार्य देते हैं. अक्सर ये उपाय काफी महंगे या खर्चीले साबित होते हैं. आज हम इसका ऐसा तरीका जानते हैं कि ग्रह भी मजबूत हो जाए और आपकी जेब भी ढीली न हो.
आदतें बदलने से मजबूत होंगे ग्रह
ग्रह मजबूत करने का बिना पैसों का ये उपाय है, अपनी आदतों में बदलाव करना. जी हां, हर ग्रह का हमारे जीवन के किसी न किसी क्षेत्र, आदतों, शरीर के अंगों से संबंध होता है. जब हम उस ग्रह से संबंधित आदत में सकारात्मक बदलाव करते हैं, तो वह ग्रह मजबूत होकर शुभ फल देता है, वहीं नकारात्मक आदत ग्रह को कमजोर करती है और वह ग्रह जीवन के संबंधित क्षेत्र पर बुरा प्रभाव डालने लगता है. यदि युवा सही आदतें अपनाएं तो ग्रह भी मजबूत होंगे और जीवन में कई सकारात्मक बदलाव आएंगे, जो उन्हें तरक्की, पैसा, असली सुख, अच्छे रिश्ते, दमदार पर्सनैलिटी पाने में मदद करेंगे.
किस आदत से कौन-सा ग्रह होगा मजबूत?
1. सूर्य देव: कुंडली में सूर्य को मान-सम्मान, आत्मविश्वास और करियर में तरक्की का कारक माना गया है. सूर्य को मजबूत करने के लिए रोज सुबह सूर्योदय से पहले उठें और कुछ देर सूर्य की रोशनी में बैठें. यदि स्नान करके उगते हुए सूर्य को तांबे के लोटे से अर्घ्य दें, तो यह अतिउत्तम उपाय है. यह आपकी पर्सनैलिटी में अलग ही निखार लाता है.
2. चंद्रमा: चंद्रमा मन और मानसिक शांति का स्वामी है. आजकल लोग देर रात तक जागते हैं, जिससे चंद्रमा कमजोर होता है और तनाव बढ़ता है. रात 10 बजे तक सोने की कोशिश करें. पूर्णिमा और इसके आसपास जब चंद्रमा बड़ा होता है, तब कुछ देर चंद्रमा की रोशनी में बिताएं.
3. मंगल ग्रह: मंगल साहस, ऊर्जा और पराक्रम का प्रतीक है. रोजाना 3-4 किलोमीटर की सैर या कुछ देर का वर्कआउट मंगल को मजबूत करता है. साथ ही शरीर को स्वस्थ रखता है.
4. बुध ग्रह: बुध ग्रह बुद्धि, वाणी और कम्युनिकेशन के कारक हैं. बेवजह बोलना, कड़वा बोलना और दूसरों की आलोचना करना बुध को कमजोर करता है. बुध को मजबूत करने का अच्छा तरीका है, मौन रहना, सोच-समझकर बोलना और अच्छा बोलना. इससे आपकी निर्णय क्षमता बेहतर होती है, दिमाग भी तेज चलता है.
(यह भी पढ़ें: क्या सच में उल्टी चाल चलते हैं ग्रह? समझें वक्री-मार्गी और अस्त होने का मतलब, आपकी नौकरी और किस्मत से है सीधा कनेक्शन)
5. देवगुरु बृहस्पति: गुरु ग्रह ज्ञान, सुख, भाग्य और सफलता के कारक हैं. गुरु को मजबूत करने के लिए कुछ देर किताबें पढ़ने की आदत डालें. अपने माता-पिता, शिक्षकों और गुणी लोगों के संपर्क में रहें और उनका सम्मान करें.
6. शुक्र ग्रह: शुक्र भौतिक सुख, आकर्षण, प्रेम और संपन्नता देने वाले ग्रह हैं. शुक्र को मजबूत करने के लिए घर में ताजे फूल रख सकते हैं. ताजे फल खाएं. खुद को हमेशा साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखें.
7. शनि : शनि न्याय और कर्म के देवता हैं. यदि आप खुद को अनुशासित रखें, आलस न करें, बुजुर्गों, अपने से कमजोर लोगों, मजदूरों, सफाईकर्मियों आदि की मदद करें, उनसे अच्छा व्यवहार करें, तो शनि प्रसन्न होते हैं. ऐसे लोगों पर शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या भी बुरा असर नहीं डालती है.
8. राहु: राहु ग्रह भ्रम और ओवरथिंकिंग का कारक है. अपने बिस्तर, स्टडी टेबल, बाथरूम को हमेशा साफ व व्यवस्थित रखें. रात को सोने से 1 घंटा पहले मोबाइल और लैपटॉप से दूरी बना लें. इससे राहु का अशुभ प्रभाव कम होता है और काम में फोकस बढ़ता है, कंफ्यूजन दूर होता है.
9. केतु: केतु आध्यात्मिकता और मानसिक स्थिरता से संबंधित हैं. रोजाना 10 से 15 मिनट मेडिटेशन करें, छोटी बातों पर चिड़चिड़ाने से बचें. जीवन में जो मिला है उसके प्रति आभार जताएं. बेजुबान जानवरों को खाना खिलाने से भी केतु शांत होता है.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और ज्योतिषीय उपायों पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)