)
Aries Zodiac sign people Personality: राशिचक्र की पहली राशि मेष है जिसका स्वामी ग्रह मंगल है जोकि पराक्रम, शारीरिक शक्ति और उत्साह का कारक ग्रह है. मेष राशि के जातक सुंदर और आकर्षक व्यक्तित्व वाले होते हैं. ये लोग किसी भी मुद्दे पर स्वतंत्र विचार और एक अलग नजरिया रखते हैं. आइए जानें मेष राशि के लोग कैसे होते हैं, उनका व्यक्तित्व कैसा होता है और उनकी अच्छी-बुरी बातें क्या हैं.
मेष राशि का स्वभाव और व्यक्तित्व
मंगल ग्रह के प्रभाव के कारण मेष राशि के लोगों में गजब का आत्मविश्वास होता है. ये लोग अपने जीवन के लक्ष्य और उसे पाने का रास्ता खुद ही तय करते हैं. ये लोग ऊर्जावान और ताकतवर होते हैं. मंगल ग्रहों के सेनापति है ऐसे में मंगल के प्रभाव के कारण मेष राशि वालों में गजब की नेतृत्व क्षमता होती है. चाहे परिस्थिति कोई भी हो, ये जातक कभी भी किसी से भी नहीं डरते हैं. मेष राशि वालों को दूसरों का आदेश सुनना या किसी के आगे झुकना पसंद नहीं, चाहे आदेश देना वाला व्यक्ति उनकी बॉस ही क्यों न हो. हालांकि इनमें आक्रामकता बहुत अधिक होती है लेकिन मन से ये लोग दयालु स्वभाव के होते हैं और कई बार तो प्यार से इन जातकों से अपनी बात भी मनवाई जा सकती है. कई बार मेष राशि के लोग जिद्दी हो जाते हैं और अचानक गुस्सा करने लगते हैं. इस कारण कई बार लोग इनके स्वाभाव को समझ नहीं पाते हैं. ये लोग कला के बड़े प्रशंसक होते हैं और आशावादी व विश्वसनीय होते हैं. इन लोगों को आसानी से नजरअंदाज करना मुश्किल है. मेष राशि की महिलाएं हमेशा अपने किसी भी रिश्ते में सामने वाले पर हावी रहती हैं. वहीं पुरुष सीधी और स्पष्ट बात करने पर विश्वास रखते हैं. ये लोग अपने फैसलों को लेकर स्पष्टता रखते हैं.
मेष राशि वालों की नकारात्मक बातें
मेष राशि के लोग कभी-कभी अपनी सोच को लेकर संशय में रहते हैं. कई बार इनका गुस्सा और इनकी आक्रात्मकता इनके साथ के लोगों को परेशान करती है. हालांकि, इन जातकों की सबसे बड़ी कमी ये है कि ये लोग गुस्से के तेज और आक्रामक स्वभाव के होते हैं. धैर्य खोने में इन्हें एक पल भी नहीं लगता है. कई बार तो ये लोग झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं और सामने वाले को दबाने की कोशिश करते हैं. इन जातकों का गुस्सा ही इनका सबसे बड़ा दुश्मन है.
मेष राशि की शारीरिक बनावट
मेष राशि के लोग आकर्षक शरीर वाले होते हैं. इनकी नाक सुंदर होती है और स्पष्ट ठोड़ी होती है. औसत ऊंचाई वाले इन जातकों के बाल घुंघराले या भूरे हो सकते हैं. इनकी नसें स्पष्ट दिखती हैं और शरीर पर चोटों के निशान भी हो सकते हैं. हालांकि चेहरे पर चोट या किसी और तरह के निशान नहीं होते हैं.
मेष राशि की लव लाइफ कैसी होती है
मेष राशि के लोग केयरिंग, प्यार करने वाले, वफादार और स्वतंत्र विचार रखने वाले होते हैं. अपने साथी के साथ जीवन बिताने को लेकर इनका इरादा मजबूत होता है. ये लोग अपने साथी के लिए पूरी तरह से समर्पित होते हैं. प्रेम में ये लोग भावुक और गंभीर भी होते हैं. पार्टनर के साथ क्वालिटी टाइम बिताना की हमेशा कोशिश करते हैं. मेष राशि के जातकों के प्रेम के रिश्ते में इंटीमेसी बनी रहती है. ये लोग प्यार में बहुत पॉजेसिव होते हैं. मेष राशि वालों के लिए सिंह, धनु, मिथुन, कुंभ और मेष राशि के लोग जीवनसाथी के रूप में सही सिद्ध होते हैं. कर्क मकर और वृश्चिक राशि के लोगों के साथ प्रेम संबंध और वैवाहिक जीवन में संघर्ष करने पड़ सकते हैं.
मेष राशि वालों की सेहत
मेष राशि के जातकों की सेहत में उतार-चढ़ाव बना रहता है. सेहत से जुड़ी इनकी सबसे बड़ी परेशानी है दर्द होना, जैसे- पेट दर्द, सिर दर्द, कमर दर्द, जोड़ों का दर्द और ऐसे ही कई शारीरिक दर्द की दिक्कत. हालांकि, ये जातक दुर्घटना के शिकार भी जल्दी होते हैं और शरीर में चोट लगती रहती है. हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत भी इन्हें होती है.
(डिस्क्लेमर- यह सामग्री पारंपरिक ज्योतिषीय मान्यताओं की व्याख्याओं पर आधारित है. इसे सामान्य सूचना के रूप में देखें, न कि किसी निश्चित परिणाम या भविष्यवाणी के दावे के रूप में. किसी भी व्यक्ति की राशि से जुड़ी जानकारियां उसकी जन्म कुंडली में ग्रहों की स्थिति, दशा, अंतर्दशा तथा अन्य ज्योतिषीय कारकों के आधार पर अलग-अलग हो सकता है.)