SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

लक्ष्मी जी के दोनों तरफ हाथी क्यों खड़े होते हैं, जानिए धन-समृद्धि और भाग्य का क्या है गहरा कनेक्शन

लक्ष्मी जी की कई तस्वीर में उनके साथ दो हाथी दिखते हैं. माता के दोनों तरफ हाथी क्यों खड़े होते हैं और इसका धन-समृद्धि और भाग्य से क्या गहरा कनेक्शन है, आइए इस बारे में विस्तार से जानें.

Written By Padma Shree Shubham
Published: Nov 06, 2026, 03:19 PM IST | Updated: Nov 06, 2026, 03:27 PM IST
Join

हिंदू मान्यताओं में मां लक्ष्मी धन की देवी हैं जिनकी उपासना करने से घर-परिवार में धन-समृद्धि बनी रहती है. शुक्रवार का दिन और दिवाली पर्व मां लक्ष्मी के लिए समर्पित हैं. धन की देवी मां लक्ष्मी की पूजा करने से घर में बरकत होती है और कभी भी सुख-सुविधा का अभाव नहीं होता है. आपने अक्सर देखा होगा कि मां लक्ष्मी की कई तस्वीरों या मूर्तियों में उनके साथ दो हाथी भी खड़े होते हैं. जो अपनी सूंड से माता लक्ष्मी का अभिषेक करते हैं. कभी-कभी मां हाथी पर भी सवार होती हैं. अब सवाल यह उठता है कि आखिर हाथी से मां लक्ष्मी का क्या संबंध है और क्यों मां लक्ष्मी की तस्वीर में दो हाथी हमेशा दिखाई देते हैं. आइए जानें इसके पीछे का धार्मिक और आध्यात्मिक रहस्य क्या है?

मां के साथ हाथी क्यों रहते हैं

वैसे तो मां लक्ष्मी उल्लू की सवारी करती हैं पर कई बार उनके पीछे दो हाथी देखे जाते हैं. शास्त्रों के अनुसार मां लक्ष्मी के इस रूप को गजलक्ष्मी स्वरूप माना जाता है. मां के साथ हाथी का होना जल और जीवन दोनों का प्रतीक है. लक्ष्मी जी का संबंध जल से है जो जीवन है और कृष‌ि का आधार है. वहीं, हाथी बारिश का प्रतीक है. ऐसे में मां लक्ष्मी के साथ हमेशा हाथी दिखते हैं. हाथी समृद्धि का भी प्रतीक है. दरअसल, पुराने समय में हाथी धन, शक्ति और राजसी वैभव के रूप में देखा जाता था. जिस व्यक्ति के घर में हाथी होता था उसे महाधनवान माना जाता था.

अभिषेक करते हैं हाथी

देवी लक्ष्मी के साथ दिखने वाले दोनों हाथियों को लेकर धार्मिक मान्यता है कि ये दोनों ही हाथी अपनी सूंड से देवी लक्ष्मी पर जल अर्पित करके उनका अभिषेक करते हैं, एक मान्यता यह भी है कि ये हाथी अमृत से मां का अभिषेक करते हैं. मान्यता है कि जब समुद्र मंथन हुआ तो ऐरावत हाथी निकला जिसे इंद्रदेव को सौंप दिया गया. उसके बाद माता लक्ष्मी प्रकट हुईं. इस तरह ऐरावत हाथी ने मां लक्ष्मी के समुद्र से निकलने पर उन पर जल चढ़ाया था. माना जाता है कि मां लक्ष्मी के साथ जो हाथी हैं वे हमेशा मां लक्ष्मी की सेवा के लिए प्रस्तुत रहते हैं. उनका स्वागत, सम्मान और अभिषेक करते हैं.

हाथी और मां लक्ष्मी का संबंध

हाथी और मां लक्ष्मी का बहुत गहरा संबंध है. धार्मिक मान्यता है कि हाथी शक्ति, स्थिरता और सौभाग्य का चिह्न है. वहीं, मां लक्ष्मी तो धन की देवी हैं जिनकी उपासना करने से जीवन में सुख-समृद्धि और विलासिता आती है. ऐसे में जब मां लक्ष्मी के साथ हाथी दिखते हैं तो  समृद्धि और वैभव कई गुना बढ़ जाता है.

(यह लेख केवल धार्मिक मान्यताओं, शास्त्रों और लोक-परंपराओं पर आधारित है. इसका उद्देश्य केवल जानकारी देना है. किसी भी उपाय को अपनाने से पहले विद्वानों या विशेषज्ञों से सलाह अवश्य लें. हम किसी चमत्कार या धन लाभ का दावा नहीं करते.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES