पिता के मित्र को श्रीराम ने दिया पिता जितना सम्मान, इस नदी के तट पर जटायु का अंतिम संस्कार कर निभाया पुत्रधर्म
श्रीराम ने अपने पिता राजा दशरथ के परम मित्र जटायु का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया था, उनका श्राद्ध-तर्पण किया था. आइए इस लेख में विस्तार से जानें कि जटायु कौन थे और कहां पर श्रीराम ने उनका अंतिम संस्कार किया.
Jatayu Katha: रामायण में गिद्धराज जटायु का वर्णन आते ही दिमाग में जो सबसे पहला ध्यान आता है वो है प्राणों का बलिदान और अदम्य साहस. जब पुष्पक विमान से रावण माता सीता को हर कर ले जा रहा था तब जटायु ने सीता जी के रक्षण के लिए रावण से घमासान युद्ध किया और बुरी तरह घायल होकर भूमि पर गिर पड़े और श्रीराम को सीता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी. इस तरह रामायण के जटायु पात्र को चाहकर भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है. श्रीराम ने जटायु का अंतिम संस्कार किया और श्राद्ध-तर्पण भी किया. आइए इस लेख में जानें कि जटायु कौन थे, उनका श्रीराम से क्या संबंध था और उनका अंतिम संस्कार कहां किया गया.
जटायु कौन थे
जटायु केवल एक साधारण पक्षी नहीं थे बल्कि एक महान और बलवान योद्धा थे. गरुड़ वंश के जटायु अरुण देव के पुत्र थे. वही अरुण देव जो सूर्यदेव के सारथी हैं और गरुड़ देव के बड़े भाई हैं. जटायु में अपार बल था और उनके उड़ने की गति का कोई दूसरा मेल नहीं था. वे एक धर्मात्मा थे और उनके अंदर त्याग की भावना भरी हुई थी. तभी तो उन्होंने माता सीता के रक्षण के लिए रावण से युद्ध कर अपने प्राणों को बलिदान कर दिया. श्रीराम के साथ जटायु का पुत्रवत प्रेम था क्योंकि श्रीराम के पिता राजा दशरथ और जटायु में बहुत गहरी मित्रता थी. राम जी उन्हें पिता समान ही सम्मान देते थे.
जटायु-रावण युद्ध
कथा के अनुसार, जब लंकापति रावण ने सीता जी का हरण किया और फिर उन्हें पुष्पक विमान पर बैठाकर लंका लेकर जाने लगा. लेकिन गिद्धराज जटायु ने आकाश में उड़ते हुए देखा कि रावण माता सीता को हर कर ले जा रहा है तो उन्होंने सीता जी को बचाने के लिए रावण के साथ घनघोर युद्ध किया और रावण को अपने वार से जबरदस्त टक्कर दी. लेकिन वृद्ध जटायु को रावण ने बुरी तरह घायल कर दिया जिससे वे भूमि पर गिर पड़े. जटायु की मृत्यु सर्वतीर्थ नाम की एक जगह पर हुई जो आज नासिक के ताकेड गांव में पड़ता है. इस स्थान को सर्वतीर्थ नाम इसलिए पड़ा क्योंकि मरणासन्न जटायु ने यहीं पर माता सीता के बारे में भगवान राम को जानकारी दी थी.
श्रीराम ने किया विधिवत अंतिम संस्कार
गिद्धराज जटायु और राम जी जब मिले तो जटायु बुरी तरह से घायल थे. भगवान श्रीराम ने उन्हें अपनी गोद में रखा. तब जटायु ने भगवान श्रीराम को बताया कि हे राम आपके महाप्रतापी पिता अयोध्या के राजा दशरथ मेरे परम मित्र थे. इसके बाद जटायु ने आगे बताया कि लंकापति रावण ने देवी सीता को हर कर दक्षिण की ओर गया है. रावण से युद्ध करने के कारण ही मेरी यह स्थिति हुई है. मैं पृथ्वी पर पड़ा आपकी ही प्रतीक्षा कर रहा था. इतना कहते ही जटायु ने प्राण त्याग दिए. फिर क्या था श्रीराम विलाप करने लगे और पिता के मित्र जटायु को पिता समान सम्मान देते हुए गोदावरी के तट पर उनका विधिवत अंतिम संस्कार किया और श्राद्ध-तर्पण भी किया.
(Disclaimer - यह लेख लोक कथाओं और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है इसे अंतिम सत्य न मानें कथा संस्करण स्थान अनुसार बदल सकते हैं निर्णय से पहले विद्वानों से सलाह अवश्य लें.)