Tulsi Vivah 2026: घर में नहीं हैं भगवान शालिग्राम तो कैसे रचाएं तुलसी विवाह? इनको बनाएं दूल्हा
घर में तुलसी विवाह कराने से सुख-समृद्धि आती है. धार्मिक मान्यता है कि भगवान शालिग्राम और तुलसी जी का विवाह कराने से कन्यादान करने के बराबर पुण्य मिलता है. लेकिन घर में भगवान शालिग्राम न हों तो क्या करें?
तुलसी विवाह 21 नवंबर 2026, शनिवार को है. इस दिन कार्तिक शुक्ल द्वादशी तिथि होती है. सुबह देवउठनी एकादशी का पारण होता है और फिर दोपहर या शाम को धूमधाम से भगवान विष्णु के अवतार शालिग्राम व तुलसी जी का विवाह कराया जाता है. मान्यता है कि इससे बेटी का कन्यादान करने जितना पुण्य मिलता है. लिहाजा तुलसी विवाह के दिन अपने घर में विधि-विधान से शालिग्राम-तुलसी कराएं. लेकिन अब सवाल ये है कि जिन लोगों के घर में भगवान शालिग्राम न हों, वे कैसे यह विवाह करवांए. इस विवाह में भगवान शालिग्राम दूल्हा बनते हैं और तुलसी का पौधा दुल्हन.
बिना शालिग्राम करें पूजा
भगवान विष्णु का शालिग्राम अवतार काले पत्थर के रूप में होता है. यदि आपके घर में शालिग्राम भगवान नहीं हैं, तो भी आप तुलसी विवाह करा सकते हैं, इसके लिए धर्म-शास्त्रों में कुछ विकल्प बताए गए हैं. ध्यान रखें कि भगवान भक्त के भाव देखते हैं.
किनको बनाएं दूल्हा?
तुलसी विवाह में भगवान शालिग्राम दूल्हा बनते हैं और तुलसी जी दुल्हन. यदि भगवान शालिग्राम न हों तो विकल्प के तौर किनको दूल्हा बना सकते हैं, जानिए.
भगवान विष्णु या भगवान कृष्ण की मूर्ति/तस्वीर: आपके घर के मंदिर में भगवान विष्णु या भगवान कृष्ण की मूर्ति या फोटो है तो आप उनका तुलसी जी के साथ विवाह करवा सकते हैं.
आंवले की टहनी: कई राज्यों में तुलसी विवाह का मंडप सजाते समय आंवले की टहनी भी लगाते हैं. दरअसल, आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास माना जाता है. यदि भगवान शालिग्राम न हो तो तुलसी जी के गमले में आंवले की टहनी लगाकर उससे भी तुलसी जी का विवाह करवा सकते हैं.
(यह भी पढ़ें: नवंबर में तुलसी विवाह पर अग्नि पंचक का साया, क्या टल जाएंगे सभी मांगलिक कार्य?)
तुलसी विवाह की विधि
- तुलसी विवाह की रस्में कुछ दिन पहले से भी शुरू हो जाती हैं, जैसे हल्दी, गोदभराई आदि. वहीं तुलसी विवाह के दिन सुबह से ही तैयारियां कर लें.
- आंगन, बालकनी, पूजा घर या जहां भी तुलसी का पौधा रखा हो, जिस जगह भी आप तुलसी विवाह आयोजित करना हो वहां की अच्छे से सफाई कर लें.
- फिर तुलसी के गमले को अच्छी तरह सजा लें. तुलसी माता का श्रृंगार करें, उन्हें लाल चुनरी ओढ़ाएं, मंगलसूत्र पहनाएं, चूड़ी आदि पहनाएं. बिंदी अर्पित करें.
- फिर तुलसी के पौधे के पास चौकी पर पीला वस्त्र बिछाकर दूल्हे को स्थापित करें. भगवान शालिग्राम या भगवान विष्णु या श्रीकृष्ण की मूर्ति (या तस्वीर) स्थापित करें और उन्हें पीले फूल व वस्त्र चढ़ाएं. उनका श्रृंगार करें.
- गन्ने से मंडप बनाएं. आम का तोरण और फूल लगाएं.
- फिर भगवान शालिग्राम और तुलसी जी का कलावे या चुनरी से गठबंधन करें.
- देसी घी का दीपक जलाएं, हल्दी, कुमकुम, अक्षत, फूल, मिठाई, पंचामृत आदि अर्पित करें.
- मंत्र जाप करें, भगवान विष्णु और तुलसी माता की आरती गाएं.
इस दौरान ध्यान रखें कि तुलसी के पौधे को नुकसान न हो.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है. किसी भी पूजा या अनुष्ठान को करने से पहले योग्य पुरोहित या ज्योतिषाचार्य की सलाह अवश्य लें.)