घर की सीढ़ी कहीं बढ़ा न दे वास्तु दोष! जानें सही दिशा और उल्टी सीढ़ियों को ठीक करने के 2 आसान उपाय
वास्तु के अनुसार घर की सीढ़ियां दक्षिण-पश्चिम दिशा में क्लॉकवाइज होनी चाहिए और एंटी-क्लॉकवाइज सीढ़ियों के दोष को शीशा व पौधे लगाकर दूर किया जा सकता है.
हम सब अपना घर बनाते समय छोटी से छोटी चीजों का ध्यान रखते हैं. लेकिन जब सीढ़ियों की बात आती है, तो उस पर उतना ध्यान नहीं दिया जाता, जितना दिया जाना चाहिए. वास्तु शास्त्र के मुताबिक, घर में सीढ़ियों का बहुत बड़ा योगदान होता है.
वास्तु एक्सपर्ट्स की मानें तो सीढ़ियों का काम सिर्फ ऊपर या नीचे जाने का रास्ता देना ही नहीं है, बल्कि इनका असर घर की सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा पर भी पड़ता है. अगर आपके घर की सीढ़ी गलत दिशा या गलत जगह पर बनी है, तो इससे घर में तनाव और आर्थिक परेशानियां बढ़ सकती हैं. इसलिए जब भी आप घर बनवाएं, तो सीढ़ियों के लिए सही दिशा की जानकारी जरूर लेनी चाहिए.
इस खबर में हम आपको डिटेल से बताएंगे कि वास्तु के हिसाब से घर की सीढ़ियां किस दिशा में होनी चाहिए.
घर के अंदर सीढ़ियां बनाने की सबसे सही दिशा
घर में सीढ़ियां बनाते समय उसकी दिशा हमेशा दक्षिण-पश्चिम यानी नैऋत्य कोण वाले हिस्से में होना चाहिए. इस दिशा में बनी सीढ़ी सबसे शुभ मानी जाती है. कहा जाता है ऐसा करने से आपके घर में बहुत सुख-शांति रहती है और पैसे की कमी नहीं होती है.
इतना ही नहीं आपको इस बात का भी ख्याल रखना पड़ेगा कि जहां से भी सीढ़ी शुरू हो रही हो और जहां खत्म हो रही हो, वो जगह भी बिलकुल परफेक्ट हो. जिससे आपके तरक्की में और चार चांद लग जाए.
भूलकर भी इस दिशा में न बनवाएं सीढ़ी
घर के उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण वाले हिस्से में कभी भी सीढ़ियां नहीं बनानी चाहिए. वास्तु के हिसाब से उत्तर-पूर्व का कोना हमेशा हल्का, साफ और खाली होना चाहिए.
अगर आप वहां भारी सीढ़ियां बनवा देंगे तो ये जगह भारी हो जाएगी, जिसे बड़ा वास्तु दोष माना जाता है. इससे घर के सदस्यों का मन अशांत रह सकता है और बनते काम बिगड़ सकते हैं. अगर नया मकान बनवा रहे हैं, तो इस बात को गांठ बांध लें.
सीढ़ी का घुमाव किस तरफ होना चाहिए?
सीढ़ियां चढ़ते समय उनका घुमाव हमेशा घड़ी की सुई की दिशा में यानी क्लॉकवाइज होना चाहिए. जब आप ऊपर चढ़ें तो आपको दाएं हाथ की तरफ मुड़ना चाहिए. अगर आपके घर की सीढ़ियां एंटी-क्लॉकवाइज घूमती हैं, तो इससे घर का माहौल भारी हो जाता है. इसका असर घर के लोगों की सेहत और काम-धंधे पर पड़ सकता है.
बिना तोड़फोड़ पहला उपाय: मोड़ पर लगा दें शीशा
अगर आपके घर में सीढ़ियां पहले से ही एंटी-क्लॉकवाइज बनी हुई हैं, तो घबराने या सीढ़ियां तोड़ने की जरूरत बिलकुल नहीं है. इसे बिना किसी तोड़फोड़ के ठीक किया जा सकता है.
जहां-जहां सीढ़ी मुड़ती है, उस दीवार पर एक शीशा लगा दें. वास्तु के मुताबिक, शीशा लगाने से उल्टी दिशा से आने वाला वास्तु दोष दूर हो जाता है और घर में सकारात्मकता बनी रहती है.
बिना तोड़फोड़ दूसरा उपाय: पौधे लगाएं और उजाला रखें
उल्टी सीढ़ियों के असर को कम करने का दूसरा तरीका है वहां सही रोशनी और हरियाली रखना. सीढ़ियों वाले हिस्से में कभी अंधेरा न रहने दें, वहां अच्छी लाइट लगाएं.
इसके अलावा, सीढ़ियों के मोड़ पर या कोनों में छोटे-छोटे इनडोर पौधे जैसे मनी प्लांट आदि रख दें. हरे पौधे आसपास की हवा को तो साफ रखते ही हैं, साथ ही घर में अच्छी और पॉजिटिव वाइब्स भी लाते हैं.
डिस्क्लेमर: इस लेख में दिए गए वास्तु सुझाव और उपाय सामान्य मान्यताओं और वास्तु शास्त्र के सिद्धांतों पर आधारित हैं. हमारा उद्देश्य केवल पाठकों तक पारंपरिक जानकारी और विचार पहुंचाना है. हर घर की बनावट और दिशाएं अलग हो सकती हैं, इसलिए किसी भी बड़े बदलाव या निर्माण से पहले अपने वास्तु विशेषज्ञ या विशेषज्ञ सलाहकार की सलाह जरूर लें.