)
Raviwar Ke Upay: सनातन धर्म में सूर्य देव केवल ग्रहों के राजा नहीं हैं बल्कि पंचदेवों में शामिल हैं. जीवन, ऊर्जा, प्रकाश और आरोग्य के दाता सूर्य देव की स्तुति और उपासना करने से सम्मान प्राप्ति होती है और जीवन की बाधाओं का अंत होने लगता है. हालांकि रविवार के दिन सूर्य देव को प्रणाम करने से लेकर उन्हें जल का अर्घ्य देने और ‘आदित्य हृदय स्तोत्र’ का पाठ करने से व्यक्ति को अनेक लाभ होते हैं. इसके अलावा एक धार्मिक मान्यता यह भी है कि रविवार के दिन सूर्य देव के बारह दिव्य नामों का जाप करने से भी जीवन में सकारात्मक परिवर्तन होने लगते हैं, पिता के साथ संबंध अच्छा होने लगता है और सफलता पाने में आ रही बाधाएं दूर होती हैं.
रविवार के दिन सुबह सवेरे उठ जाएं और स्नान आदि कर लाल या केसरिया वस्त्र धारण करें. अब सूर्योदय होने पर सूर्य देव को नमस्कार करें व शुद्ध जल से अर्घ्य दें. अब सूर्य देव प्रणाम करते हुए उनके प्रभावशाली 12 नामों का जाप करें. रविवार ही नहीं, अगर कोई व्यक्ति इस उपाय को हर दिन सूर्योदय के समय करता है तो उसका पूरा दिन ऊर्जावान और शुभ फलदायी और सौभाग्य से भरा बीत सकता है. रोग, दरिद्रता, दुर्भाग्य और सभी ग्रहों के दोष दूर हो सकते हैं. आइए जानें रविवार के दिन सूर्य देव के किन 12 नामों का जाप करें ताकि जीवन में सकारात्मकता, आरोग्य, समृद्धि आ सके.
1. ॐ मित्राय नमः
इस नाम के जाप से व्यक्ति के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आते हैं और समाज में बड़े पद वाले लोगों से पहचान बढ़ती है. ऐसे लोगों के शत्रु भी उनके साथ अच्छा व्यवहार करते हैं.
2. ॐ रवये नमः
इस नाम के स्मरण से मन का अंधकार दूर होता है और जीवन को सही दिशा मिलती है. बुद्धि तेज होती है और सफलताएं मिलती हैं.
3. ॐ सूर्याय नमः
इस नाम के जाप से व्यक्ति का आत्मबल बढ़ता है और आत्मविश्वास व निर्णय लेने की क्षमता में भी सुधार होता है.
4. ॐ भानवे नमः
इस नाम के जाप से व्यक्ति का ज्ञान और विवेक बढ़ता है. सत्य को पहचानने की क्षमता में वृद्धि होती है.
5. ॐ खगाय नमः
इस नाम के जाप से व्यक्ति के विचार बड़े होते हैं. बाधाएं दूर होती हैं और समस्याओं से आगे बढ़ने की शक्ति मिलती है.
6. ॐ पूष्णे नमः
इस नाम के जाप से व्यक्ति की आय बढ़ती है, अन्न की कोई कमी नहीं होती है और जीवन समृद्ध होता है.
7. ॐ हिरण्यगर्भाय नमः
इस नाम का जाप करने से ध्यान और साधना में एकाग्रता और स्थिरता आती है. आध्यात्मिक विकास तेजी से होता है.
8. ॐ मरीचये नमः
इस नाम के जाप से शरीर को ऊर्जा और स्फूर्ति मिलती है. रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है.
9. ॐ आदित्याय नमः
इस नाम के जाप से कुल-परिवार के चारों ओर एक सुरक्षाकवच बना रहता है. घर में शांति बनी रहती है.
10. ॐ सवित्रे नमः
इस नाम के जाप से व्यक्ति की रचनात्मकता बढ़ती है और सोच में नयापन आता है.
11. ॐ अर्काय नमः
इस नाम के जाप से रोगों का नाश होता है और शरीर का तेज बढ़ता है.
12. ॐ भास्कराय नमः
इस नाम के जाप से समाज में सम्मान बढ़ता है और ऊंचा पद प्राप्त होता है. ऐसे लोगों के कदमों में सफलताएं होती हैं.
(डिस्क्लेमर: यह लेख धार्मिक मान्यताओं, ज्योतिष और लोक-आस्था पर आधारित है। दी गई जानकारी सामान्य मान्यता है. किसी विशेष उपाय हेतु विद्वान या ज्योतिषी से परामर्श अवश्य लें.)