App

सिर्फ हनुमान जी ही नहीं, रावण ने भी उठा लिया था पूरा कैलाश पर्वत, घबरा गईं थीं मां पार्वती!

लंकापति रावण शिवजी का परम भक्‍त था, लेकिन एक बार उसने ऐसा काम किया कि पार्वती जी घबरा गईं और शिव जी क्रोधित हो गए थे. इसके बाद शिव जी की स्‍तुति करने पर ही रावण को अभयदान मिला था.

सिर्फ हनुमान जी ही नहीं, रावण ने भी उठा लिया था पूरा कैलाश पर्वत, घबरा गईं थीं मां पार्वती!
Image Credit: अहंकारी रावण ने कैलाश पर्वत उठाया तो शिव जी ने उसका घमंड तोड़ने उसे पर्वत के नीचे ही दबा दिया था. (Photo:AI)

दस सिर वाला रावण प्रकांड विद्वान, वेदों का ज्ञाता, महाशक्तिशाली और भगवान शिव का परम भक्‍त था. लेकिन अहंकार करने की बुराई के कारण उसका प्रभु राम के हाथों वध हुआ. हालांकि इसके पहले भी अहंकार के कारण रावण को मुंह की खानी पड़ी थी. इससे जुड़ी एक रोचक घटना है, जब उसने पूरा का पूरा कैलाश पर्वत उठा लिया था और फिर शिवजी ने उसका अहंकार तोड़ने के लिए लीला रची थी.

शिव जी को अर्पित किए 10 सिर

रावण ने भगवान शंकर को प्रसन्‍न करके मनचाहा वरदान पाने के लिए घोर तपस्‍या की. जब शिव जी प्रकट नहीं हुए तो उसने अपने शीश काट-काट कर उनके चरणों में अर्पित करने शुरू किए. हर बार वह शीश काटता तो उसके स्‍थान पर दूसरा सिर आ जाता. इस तरह उसने शिव जी को 9 शीश अर्पित किए और जब वह 10वां सिर काटने लगा तो शिव जी प्रकट हुए.

इसके बाद रावण ने शिव जी से सर्वशक्तिमान होने का वरदान मांगा कि वह ऐसा बलवान हो जाए कि उसकी किसी से तुलना ही न हो सके.

नारद जी ने बनाई योजना

रावण के अहंकार से सारे देवता परिचित थे, उस पर अब तो रावण शक्तिशाली भी हो गया था, ऐसे में उसका उत्‍पात मचाना तय था. तब देवताओं ने देवर्षि नारद से इस समस्या का समाधान पूछा. नारदजी ने उन्‍हें भरोसा दिलाया और इसका उपाय खोजने की बात कही.

इसके बाद नारद जी रावण के पास लंका पहुंचे और बोले, ''हे लंकापति! आपका यह अद्धभुत अट्टाहस साफ साफ यह बता रहा है कि आपको किसी मनवांछित वर की प्राप्ति हो गयी है.'' रावण ने गर्व से कहा, ''आपने सत्य कहा, देवर्षिः आज मैं बहुत प्रसन्न हूं, मैंने भगवान शिव से अतुल्य बल का वरदान प्राप्त किया है.''

इस पर नारदजी मुस्कुराते हुए बोले, ''राक्षसराज! आप इतने बुद्धिमान हैं फिर भी आप भांग खाकर हमेशा नशे में मस्त रहने वाले अघोरी की बातों में आ गए. उन्होंने नशे में वर दे दिया होगा और आप उसे सच मान बैठे. आप उस अघोरी के कहे पर यकीन ना करें और इस वरदान की सच्चाई जानने के लिए क्यों ना कैलाश को ही उठाकर देख लें…?''

रावण नारद जी की बातों में आ गया और उसने कैलाश पर्वत उठाने की सोची. वह कैलाश पर्वत के पास पहुंचा और उसे जमीन से उखाड़कर उठाने लगा. कैलाश को हिलते-डुलते देख मां पार्वती समेत वहां रहने वाले सभी जीव भयभीत हो गए. परंतु भगवान शिव सारी बात समझ गए. उन्‍होंने रावण को पर्वत उठाने दिया और इसके बाद उसे सबक सिखाने की सोची.

शिव जी अपने पैर के एक अगूंठे से कैलाश पर्वत को थोड़ा सा दबा दिया जिससे रावण कैलाश पर्वत के नीचे दबकर छटपटाने लगा. शिवजी के क्रोध से रावण डर गया और उनको शांत करने के लिए उनकी स्तुति करने लगा. इसके बाद शिव जी ने उसे अभयदान दिया.

(Disclaimer: यह लेख धार्मिक ग्रंथों और प्रचलित पौराणिक मान्यताओं में वर्णित कथा पर आधारित है. विभिन्न ग्रंथों और क्षेत्रीय परंपराओं में प्रसंगों के विवरण में अंतर हो सकता है.)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More