क्यों शुभ माने जा रहे अक्टूबर के पंचक? दशहरे के कुछ घंटे बाद ही होंगे शुरू, पर दिवाली की सफाई में आएगी अड़चन!
अक्टूबर के पंचक बेहद खास हैं. एक तो इनके शुरू होने का समय और दिन विशेष है. हालांकि पंचक के चलते कई लोगों को दिवाली से पहले किए जाने जरूरी काम करने में समस्या आ सकती है. लिहाजा पहले से तैयारी कर लें.
हर महीने पंचक के 5 अशुभ दिन आते हैं, जिनमें कोई भी शुभ कार्य नहीं किया जाता है. लेकिन अक्टूबर महीने के पंचक खास हैं और इन्हें काफी हद तक शुभ कहा जा सकता है. ये पंचक दशहरा पर्व के तुरंत बाद शुरू हो रहे हैं. पौराणिक कथाओं के अनुसार, रावण का वध पंचक काल में ही हुआ था. साथ ही उसके पूरे कुटुंब का भी नाश हो गया था. इसलिए पंचक में किसी की मृत्यु होने पर उसका अंतिम संस्कार विशेष विधि से करने की परंपरा कई जगह है. अक्टूबर में पंचक कब से कब तक हैं और ये क्यों खास हैं?
अक्टूबर 2026 में राज पंचक
द्रिक पंचांग के अनुसार, पंचक 21 अक्टूबर 2026 की सुबह 7 बजे से प्रारंभ होंगे और 25 अक्टूबर की शाम 07:22 बजे समाप्त होंगे. ये पंचक 21 अक्टूबर, बुधवार से शुरू हो रहे हैं, जिन्हें राज पंचक कहा जाता है.
वहीं 20 अक्टूबर 2026 को दशहरा महापर्व मनाया जाएगा. बल्कि मशहूर मैसूर का दशहरा और बंगाल विजयादशमी 21 अक्टूबर को ही मनाई जाएगी. जबकि देश में ज्यादातर स्थानों पर रावण दहन 20 अक्टूबर को होगा और इसी दिन दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन होगा.
इन कामों के लिए राज पंचक शुभ
धर्म-शास्त्रों के अनुसार, बुधवार और गुरुवार से शुरू होने वाले पंचक को राजपंचक कहा जाता है. ये पंचक अन्य पंचकों की तुलना में कम अशुभ माने जाते हैं. बल्कि इन्हें कुछ कामों के लिए तो उत्तम माना गया है. जैसे -
- इन पंचक में सरकारी काम या सत्ता-प्रशासन से जुड़े काम करना सफलतादायी माना गया है.
- इसके लिए यह राजनीति से जुड़े लोगों के लिए भी अच्छे माने गए हैं.
- इन पंचकों में जमीन-संपत्ति, कारोबारी लेन-देन किए जा सकते हैं.
- राजपंचक मान-सम्मान दिलाने वाले माने गए हैं.
हालांकि इन पंचकों में भी लकड़ी, फर्नीचर, ज्वलनशील सामान, पलंग, बिस्तर लेना अशुभ होता है. साथ ही नए घर के निर्माण की शुरुआत, घर की छत डलवाना भी वर्जित होता है.
पंचक से पहले निपटा लें दिवाली के ये काम
कई जगहों पर पंचक में दीपावली की सफाई, पेंट आदि की शुरुआत करना अशुभ माना जाता है. लिहाजा 21 अक्टूबर से 25 अक्टूबर के बीच सफाई की शुरुआत न करें. इसके लिए आप 21 अक्टूबर से पहले प्रतीकात्मक तौर पर घर की किसी दीवार पर थोड़ा सा पेंट कर दें, ताकि आप फिर पंचक में भी अपना काम जारी रख सकते हैं.
वहीं जो लोग दीपावली के मौके पर घर के लिए नया फर्नीचर लेना चाहते हैं, वे पंचक के पहले यह काम कर लें, वरना 25 अक्टूबर को पंचक खत्म होने के बाद खरीदारी करें.
(Disclaimer: यह जानकारी धार्मिक मान्यताओं और पंचांग पर आधारित है. अलग-अलग परंपराओं में मतभेद संभव हैं.पंचांग के समय स्थानीय गणना के अनुसार बदल सकते हैं. इसे वैज्ञानिक सलाह या अनिवार्य प्रतिबंध के रूप में न लें.)