करवा चौथ पर क्या करें और क्या न करें? जानिए सुहाग के इस पावन व्रत से जुड़े जरूरी नियम और सावधानियां
करवा चौथ के दिन सुहागिन महिलाएं निर्जला व्रत रखती हैं. इस पावन पर्व पर सरगी खाने, सोलह श्रृंगार करने और चंद्रमा की पूजा के साथ कुछ खास नियमों का पालन करना बहुत जरूरी होता है.
इस साल करवा चौथ का त्योहार 29 अक्टूबर को मनाया जा रहा है. इस दिन सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए निर्जला व्रत रखती हैं.
करवा चौथ के व्रत को रखना बहुत कठिन माना जाता है. जो भी इस व्रत को रखता है उसके लिए पूजा-पाठ और नियमों का खास ध्यान रखना जरूरी होता है.
अगर आप भी इस व्रत को रखने वाली हैं, तो कुछ ऐसी बाते हैं जिनका आपको ध्यान रखना चाहिए.
इस खबर में जानेंगे कि करवा चौथ के दिन क्या करना चाहिए और किन गलतियों को करने से बचना बहुत जरूरी होता है.
सुबह उठकर सबसे पहले सरगी खाएं
अगर आपने व्रत रखने का फैसला कर लिया है, तो आपको सूरज निकलने से पहले उठ जाना चाहिए.
उठने के बाद सबसे पहले आपको नहाना चाहिए, फिर साफ-सुथरे कपड़े पहनने चाहिए. फिर आपके लिए आपके सास ने सरगी बनाई होगी, जिसका आपको सेवन कर लेना चाहिए.
सरगी खाने के बाद ही पूरे दिन के निर्जला व्रत का संकल्प लिया जाता है. लेकिन आपको सरगी में ऐसी चीजें खानी चाहिए जो आपको दिनभर एनर्जी दें.
इसके बाद पूरा दिन बिना पानी पिए व्रत को पूरी निष्ठा के साथ निभाना चाहिए.
सोलह श्रृंगार करें और विधि-विधान से करें पूजा
करवा चौथ के दिन सोलह श्रृंगार करना बहुत शुभ माना जाता है. अब आपके मन में सवाल आएगा कि किस रंग के कपड़े पहनना शुभ होता है.
तो इस दिन आपको लाल या पीले रंग के कपड़े पहनना चाहिए. साथ ही अपने घर के मंदिर में शाम के समय करवा माता की मूर्ति को स्थापित करना चाहिए.
फिर आपको उनकी विधि-विधान से पूजा करना चाहिए. पूजा के समय करवा चौथ की कथा सुनना न भूलें. क्योंकि कथा सुनने के बाद ही व्रत का पूरा फल मिलता है.
छलनी से देखें चांद और पति के हाथों से पानी पीकर खोलें व्रत
पूरे दिन व्रत रखने के बाद आपको शाम में चांद निकलने का इंतजार करना चाहिए. चांद दिखने के बाद उनकी पूजा करें.
फिर छलनी से पहले चांद के दर्शन करें, फिर उसी छलनी से अपने पति का चेहरा देखें. इसके बाद अपने पति के हाथों से पानी पीके अपना व्रत खोल लेना चाहिए.
व्रत खोलने से पहले पति की लंबी उम्र की कामना करें और उनका आशीर्वाद लें. ये पल पति-पत्नी के रिश्ते में प्यार और विश्वास को और ज्यादा गहरा कर देता है.
बिल्कुल न करें ये गलती
इस दिन कुछ ऐसी भी चीजें होती हैं जिन्हें करने से मना किया जाता है.
1- सबसे पहली बात तो सरगी खाने के बाद भूलकर भी पानी और खाने का सेवन नहीं करना चाहिए.
2- अगर आपने व्रत रखा है तो किसी से भी इस दौरान झूठ न बोलें और न तो किसी के बारे में बुरा-भला बोलें.
3- साथ ही बड़े बुजुर्गों और अपने पति का भूलकर भी अनादर नहीं करना चाहिए.
4- मन में कभी नेगेटिव ख्याल नहीं आने देना चाहिए.
5- काले या सफेद कपड़े पहनने से बचें और गुस्से पर रखें कंट्रोल
6- घर में किसी भी तरह का वाद-विवाद या क्लेश न होने दें.
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं, लोक परंपराओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. हमारा उद्देश्य पाठकों तक सही और प्रामाणिक बातें पहुंचाना है.
ये भी पढे़ं: Bhava Brihaspati: जानिए उस महान आचार्य की कहानी, जिन्होंने सोमनाथ मंदिर को बनाया था अमर