App

करवा चौथ पर 'अर्नब' का ग्रहण! दिल्‍ली-यूपी समेत दर्जन भर राज्‍यों में नहीं दिखेगा चांद, कैसे खुलेगा व्रत?

Arnab Toofan Karwa Chauth Moon: इस साल करवा चौथ के चांद पर ग्रहण लगाने के लिए अर्नब साइक्‍लोन सक्रिय हो गया है. जिसके चलते दिल्ली-UP समेत कई राज्‍यों में चांद के न दिखने की स्थिति बन सकती है. ऐसे में सुहागिनें व्रत कैसे खोलेंगी?

करवा चौथ पर 'अर्नब' का ग्रहण! दिल्‍ली-यूपी समेत दर्जन भर राज्‍यों में नहीं दिखेगा चांद, कैसे खुलेगा व्रत?
Image Credit: करवा चौथ पर चांद न दिखे तो कुछ उपाय करके व्रत खोल सकते हैं. (Photo: AI)

करवा चौथ का व्रत 29 अक्‍टूबर 2026, गुरुवार को रखा जाएगा और शाम को पूजा होगी. फिर रात में चांद देखकर उसे अर्घ्‍य देकर व्रत खोला जाएगा. लेकिन ये सारी पूजा विधि और नियम शायद इस साल फॉलो न हो पाएं. वजह है अर्नब तूफान. जो आंध्र प्रदेश और ओडिशा में तबाही मचा रहा है लेकिन इसका असर देश के अलग-अलग हिस्‍सों में हो रहा है. अर्नब तूफान के चलते कल कई राज्‍यों में बारिश होने और बादल छाए रहने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है. ऐसे में कई जगहों पर करवा चौथ की रात चांद दिखने की संभावना कम है, तब व्रती महिलाएं बिना चांद देखे व्रत कैसे खोलेंगी, ये चिंता का विषय है.  

इन राज्‍यों में चांद देखने में होगी मुश्किल

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, अर्नब तूफान के कारण 29 अक्‍टूबर को भी आंध्र प्रदेश, ओडिशा, केरल, पश्चिम बंगाल  बारिश होने की पूरी संभावना है. तटीय इलाकों में तो भारी बारिश हो रही है जो जारी रह सकती है. वहीं अर्नब तूफान के चलते दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, बिहार, बंगाल, मराठवाड़ा, महाराष्ट्र, रायलसीमा, कर्नाटक, असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मणिपुर में भी बारिश का येलो अलर्ट है. लिहाजा इन राज्‍यों के कई स्‍थानों पर चांद के न दिखने से समस्‍या हो सकती है.

प्रमुख शहर में करवा चौथ का चांद दिखने का समय

दिल्ली: रात 8:17 बजे
नोएडा: रात 8:16 बजे के आसपास
गुरुग्राम: रात 8:18 बजे के आसपास
चंडीगढ़: रात 8:12 बजे
लखनऊ: रात 8:06 बजे
पटना: रात 7:52 बजे
प्रयागराज- रात 08:06 बजे
गया- रात 07:55 बजे
जयपुर: रात 8:28 बजे
कोलकाता: रात 7:47 बजे
भोपाल: रात 8:31 बजे
इंदौर: रात 8:39 बजे
अहमदाबाद: रात 8:52 बजे
मुंबई: रात 9:00 बजे
पुणे: रात 8:58 बजे
हैदराबाद: रात 8:41 बजे
बेंगलुरु: रात 8:55 बजे
चेन्नई: रात 8:44 बजे
नागपुर: रात 8:29 बजे
रायपुर: रात 8:18 बजे
कानपुर: रात 8:05 बजे
रीवा- रात 08:11 बजे
जम्मू- रात 08:14 बजे
अमृतसर- रात 08:18 बजे
हरिद्वार- रात 08:09 बजे
वडोदरा- रात 08:51 बजे
राजकोट- रात 09:01 बजे
कन्या कुमारी- रात 09:07 बजे
अमृतसर: 8:13 बजे से 8:18 बजे 
(मौसम के चलते चांद दिखने के समय में अंतर हो सकता है, साथ ही स्‍थानीय पंचांगों में भी समय को लेकर भेद संभव है.)

घने बादलों में छिपेगा चांद, कैसे खोलें व्रत?

ऐसे में चांद घने बादलों के बीच छिप जाए या बारिश के कारण नजर न आए तो सुहागिनें अपना व्रत कैसे खोलेंगी? क्या बिना चांद देखे व्रत पूरा माना जाएगा? इसे लेकर कुछ ज्‍योतिषियों का कहना है कि करवा चौथ पर चांद देखना प्रतीक है, मजबूरी नहीं. अगर बादलों के कारण चांद नहीं दिख रहा तो घबराने की जरूरत नहीं. चंद्रोदय समय के बाद चांद निकलने की दिशा की ओर मुख करके चंद्र देव को अर्ध्‍य दें, मंत्र पढ़ें, पूजा आरती करें. फिर पति और परिवार के बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर व्रत का पारण करें.

यदि चांद देख कर ही व्रत का पारण करना चाहती हैं तो अन्‍य जगहों पर रह रहे अपने रिश्‍तेदारों, दोस्‍तों से वीडियो कॉल के जरिए वहां के चांद के दर्शन कर सकती हैं. लेकिन ध्‍यान रखें कि शाम की पूजा में कोई कमी न होने दें. करवा माता, भगवान गणेश, गौरी-शंकर की पूजा पूरे विधि-विधान से करें, कथा पढ़ें, आरती करें. इसके साथ-साथ भगवान शिव के मस्‍तक पर विराजमान चांद के दर्शन करके भी व्रत खोल सकते हैं.

(Disclaimer: यह खबर मौसम विभाग की फोरकास्ट और ज्योतिषाचार्यों से बातचीत पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता. चंद्रोदय का समय स्थानीय पंचांग और भौगोलिक स्थिति के अनुसार बदल सकता है. व्रत-त्योहार से जुड़े किसी भी नियम को मानने से पहले अपने स्थानीय पंडित से सलाह जरूर लें. ) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shraddha Jain

Shraddha Jain

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More