SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कार्तिक पूर्णिमा पर पुष्कर में महास्नान, पर ब्रह्माजी के मंदिर के भीतर नहीं जा सकते शादीशुदा पुरुष! क्यों है यह नियम?

कार्तिक पूर्णिमा के दिन पुष्‍कर में स्‍नान करना अत्‍यंत पुण्‍यदायी माना गया है. साथ ही श्रद्धालु यहां स्थित दुनिया के इकलौते ब्रह्मा मंदिर के दर्शन करते हैं. लेकिन क्‍या आप जानते हैं इस मंदिर के अंदर जाने के लिए पुरुषों को लेकर एक खास नियम है.

Written By Shraddha Jain
Published: Nov 23, 2026, 08:33 IST | Updated: Nov 23, 2026, 08:50 IST
Image Credit: कार्तिक पूर्णिमा पर स्‍नान का शुभ समय और पुष्‍कर के ब्रह्मा मंदिर से जुड़ी खास मान्‍यताएं. (Photo:AI)
Join

कार्तिक पूर्णिमा के साथ भगवान विष्‍णु और माता लक्ष्‍मी के प्रिय कार्तिक मास का समापन होता है. इस दिन गंगा समेत विभिन्‍न पवित्र नदियों में स्‍नान किया जाता है लेकिन राजस्‍थान के अजमेर जिले के पुष्‍कर में स्थित पवित्र सरोवर में डुबकी लगाने का महत्‍व सबसे ज्‍यादा है. पुष्‍कर को हिंदू धर्म में तीर्थराज कहा गया है और मान्‍यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन यहां स्‍नान करने से ही चारधाम यात्रा का पूरा पुण्‍य मिलता है. इस दिन पुष्‍कर में स्थित भगवान ब्रह्मा जी के मंदिर में दर्शन किए जाते हैं. इस साल 24 नवंबर 2026 को कार्तिक पूर्णिमा है. 

दुनिया का इकलौता ब्रह्मा मंदिर

पुष्‍कर में भगवान ब्रह्मा जी का प्रसिद्ध मंदिर है और कमाल की बात यह है कि यह ब्रह्मा जी का पूरी दुनिया में एकमात्र मंदिर है. सृष्टि के रचयिता ब्रह्मा जी को मिले शाप के कारण ऐसा है कि कहीं भी उनका अकेले का मंदिर नहीं है.

(यह भी पढ़ें: वैकुंठ चतुर्दशी पर आज पलट जाएंगे पूजा के नियम, शिव को तुलसी और विष्णु को चढ़ेगा बेलपत्र क्यों?) 

गर्भगृह में नहीं जाते शादीशुदा पुरुष

इतना ही नहीं पुष्‍कर स्थित ब्रह्माजी के इस मंदिर को लेकर एक खास नियम है कि इसके गर्भगृह में कोई भी शादीशुदा पुरुष न तो प्रवेश कर सकता है और न ही विशेष पूजा-अर्चना कर सकता है. वह केवल बाहर से दर्शन कर सकता है. केवल संन्यासी या अविवाहित पुरुषों को ही गर्भगृह के अंदर जाकर पूजा करने की अनुमति है.

ब्रह्माजी को पत्‍नी सावित्री ने दिया था श्राप

इसके पीछे धार्मिक मान्‍यता है कि एक बार ब्रह्मा जी सृष्टि के कल्याण के लिए पुष्कर में एक महायज्ञ कर रहे थे. वे यज्ञ के लिए वेदी पर बैठ चुके थे लेकिन उनकी पत्‍नी सावित्री समय पर नहीं पहुंच पाईं. ऐसे में शुभ मुहूर्त का समय बीतते देख ब्रह्मा जी ने इंद्र की सलाह पर एक स्थानीय ग्वालिन 'गायत्री' से विवाह कर लिया और उन्हें यज्ञ में अपने साथ बिठा लिया. क्‍योंकि हिंदू धर्म में विवाहित पुरुष पत्‍नी के बिना धार्मिक अनुष्‍ठान नहीं कर सकता है, वरना उसे अनुष्‍ठान का पूरा फल नहीं मिलता है.

ऐसे में जब माता सावित्री वहां पहुंचीं और अपनी जगह किसी अन्य स्त्री को बैठा देखा, तो वे अत्यंत क्रोधित हो गईं. उन्‍होंने गुस्‍से में अपने पति ब्रह्मा जी को शाप दिया कि पूरी सृष्टि रचने के बावजूद धरती पर कहीं भी उनकी पूजा नहीं होगी, केवल पुष्कर में ही उनका मंदिर रहेगा. इसके बाद से ही शादीशुदा पुरुष ब्रह्माजी के मंदिर के गर्भगृह में नहीं जाते हैं. मान्‍यता है कि यह नियम तोड़ने से संबंधित पुरुष के वैवाहिक जीवन में तनाव, अशांति बढ़ती है.

कार्तिक पूर्णिमा कब है और स्‍नान मुहूर्त

द्रिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर 2026 की देर रात 11:42 बजे प्रारंभ होगी और 24 नवंबर 2026 की रात 08:23 बजे समाप्‍त होगी. इस मौके पर स्‍नान के लिए 2 शुभ मुहूर्त हैं और शाम को देव दीपावली का दीपदान किया जाएगा.

कार्तिक पूर्णिमा स्‍नान ब्रह्म मुहूर्त : सुबह 05:03 बजे से 05:57 बजे तक 
अभिजीत मुहूर्त : सुबह 11:51 बजे से दोपहर 12:34 बजे तक
शाम को दीपदान का समय : शाम 05:08 बजे से 07:47 बजे तक 

ये मुहूर्त मोटे तौर पर दिल्‍ली-एनसीआर के लिए हैं, स्‍थान के अनुसार शुभ मुहूर्त के समय में कुछ अंतर हो सकता है.

(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं पर आधारित है. Zee News इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 15 वर्षों का व्यापक अनुभव रखने वाली श्रद्धा जैन वर्तमान में Zee News की नेशनल डिजिटल टीम में बतौर असिस्‍टेंट न्‍यूज एडिटर सक्रिय हैं. जहाँ वे धर्म, ज्योतिष, ग्रह गोचर, अंक शास्‍त्र और वास्तु शास्त्र जैसे विषयों पर अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन और सिम्बॉयसिस इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी से क्रिएटिव राइटिंग की पढ़ाई की है. बतौर फोटो जर्नलिस्ट करियर शुरू करने वाली श्रद्धा ने दूरदर्शन, दैनिक भास्कर और चौथी दुनिया जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं.12 वर्षों की फील्ड रिपोर्टिंग के दौरान राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर गहरी पकड़ बनाने के बाद, उन्होंने डिजिटल मीडिया की ओर रुख किया और देश 24*7 जैसे पोर्टल्स में नेतृत्व की भूमिका निभाई. वर्तमान में धर्म, ज्योतिष, वास्तु और हस्तरेखा जैसे विषयों पर गहन अध्ययन और लेखन करते हुए जटिल विषयों को सरल और रोचक भाषा में पाठकों के सामने पेश कर रही हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES