App

डेब्यू मैच में 4 गेंद पर झटके 4 विकेट, 13 साल की उम्र में 2500 रुपये लेकर घर से भागा, भावुक कर देगी जमशेद आलम की कहानी

23 साल के तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में डेब्यू करते हुए लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेकर इतिहास रच दिया.

डेब्यू मैच में 4 गेंद पर झटके 4 विकेट, 13 साल की उम्र में 2500 रुपये लेकर घर से भागा, भावुक कर देगी जमशेद आलम की कहानी
Image Credit: Jamshed Alam

रेलवे के तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने कभी महज 13 साल की उम्र में 2500 रुपये लेकर घर छोड़ दिया था और आज वह रातोंरात सुर्खियों में आ गए हैं. इंदौर के डेली कॉलेज मैदान पर सौराष्ट्र के खिलाफ सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के मैच में डेब्यू करते हुए जमशेद आलम ने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट झटके. खास बात यह रही कि यह प्रदर्शन उनके डेब्यू मैच में आया है. जमशेद आलम ने दस साल तक जिस मौके का इंतजार किया, वह मिला तो उन्होंने इतिहास रच दिया.

बता दें कि रेलवे के लिए खेलने वाले उत्तर प्रदेश के तेज गेंदबाज जमशेद आलम ने रविवार को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ एक मैच में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट चटकाए. जमशेद आलम ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. जमशेद आलम ने केवल 9 गेंदों में अपना पांच विकेट हॉल पूरा किया. जमशेद आलम से बेहतर गेंदबाजी प्रदर्शन केवल दो बार ही हुआ है. जमशेद आलम इसके अलावा पुरुषों के टी20 क्रिकेट में अपने डेब्यू मैच में पांच विकेट लेने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं.

डेब्यू मैच में 4 गेंद पर झटके 4 विकेट

इंदौर में खेले गए इस मैच में रेलवे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 182/5 का स्कोर बनाया. इसके जवाब में, सौराष्ट्र की पारी के चौथे ओवर में जमशेद ने चार विकेट झटके. उन्होंने हार्विक देसाई, प्रेरक मांकड़, रुचित अहीर और सम्मर गज्जर को आउट किया. इसके बाद, अपने अगले ओवर में सिद्धांत राणा को आउट करके जमशेद आलम ने अपने पांच विकेट पूरे किए, जिससे सौराष्ट्र की टीम 30/6 के स्कोर पर लड़खड़ा गई. हार्विक देसाई को जुबैर अली ने कैच आउट किया, जबकि जमशेद आलम ने प्रेरक मांकड़ को बोल्ड किया. इसके अलावा जमशेद आलम ने सम्मर गज्जर और सिद्धांत राणा को LBW आउट किया और रुचित को विकेट के पीछे कैच आउट कराया. 

सौराष्ट्र की टीम 29 रनों से मैच हार गई

सौराष्ट्र की टीम 153/8 तक ही पहुंच सकी और उसे 29 रनों से हार का सामना करना पड़ा. जमशेद आलम ने अपने आखिरी ओवर में 17 रन दिए, लेकिन कुल मिलाकर उन्होंने 5/38 के आंकड़े के साथ अपना स्पेल पूरा किया. जमशेद आलम से पहले केवल दो भारतीय खिलाड़ियों ने यह कारनामा किया था. नवंबर 2019 में कर्नाटक के अभिमन्यु मिथुन ने हरियाणा के खिलाफ 20वें ओवर में चार विकेट लिए थे, जबकि नवंबर 2021 में विदर्भ के दर्शन नालकांडे ने कर्नाटक के खिलाफ ऐसा ही प्रदर्शन किया था. ये दोनों ही घटनाएं अपनी-अपनी पारियों के 20वें ओवर में घटी थीं.

जमशेद आलम से भी कम गेंदों में पांच विकेट लेने वाले गेंदबाज

भारत के बाहर, पुरुषों के T20 क्रिकेट में केवल दो ऐसे गेंदबाज हैं, जिन्होंने जमशेद आलम से भी कम गेंदों में पांच विकेट लिए हैं. इंडोनेशिया के गेडे प्रियांदाना ने कंबोडिया के खिलाफ केवल छह गेंदों में पांच विकेट लिए थे, जबकि फिनलैंड के महेश तांबे ने एस्टोनिया के खिलाफ आठ गेंदों में पांच विकेट लिए थे. ये दोनों कारनामे 2025 में हुए.

दुनिया भर में,अफाक अफरीदी इकलौते ऐसे दूसरे गेंदबाज हैं जिन्होंने अपने T20 डेब्यू मैच में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लिए हैं. उन्होंने यह कारनामा दिसंबर 2024 में पाकिस्तान के घरेलू 'चैंपियंस T20 कप' के दौरान किया था. जमशेद उत्तर प्रदेश T20 लीग में 'मेरठ मेवरिक्स' के लिए खेल चुके हैं और घरेलू U-23 प्रतियोगिता 'सीके नायडू ट्रॉफी' में रेलवे की टीम का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं.

भावुक कर देगी जमशेद आलम की कहानी

जमशेद आलम ने 'द इंडियन एक्सप्रेस' को बताया, 'मैं पिछले 10 सालों से सब्र के साथ इस पल का इंतजार कर रहा था.आज जो कुछ भी हुआ, वह उस मेहनत का नतीजा है, जो मैंने पिछले एक दशक में की है.' जमशेद आलम का सफर उत्तर प्रदेश के एक सुदूर गांव से शुरू हुआ. जमशेद आलम ने कहा, 'गांव का नाम फाजिलनगर है, जिसे अब पवनगढ़ कहा जाता है. मेरे गांव में एक बहुत मशहूर क्रिकेट टूर्नामेंट होता है, जिसका नाम भी संयोग से शहीद मेजर अमिया त्रिपाठी टूर्नामेंट (SMAT) है. मेरे बड़े भाई, अबरार अहमद, टेनिस-बॉल क्रिकेट खेलते थे और वे अक्सर SMAT के ये मैच देखने जाते थे. एक दिन मैंने उनसे पूछा कि क्या मैं भी उनके साथ चल सकता हूं, और वे मान गए. वहां का खेल देखकर मैं इतना प्रभावित हुआ कि मैंने उसी पल तय कर लिया कि मैं क्रिकेटर बनूंगा.'

13 साल की उम्र में 2500 रुपये लेकर घर से भागा

13 साल के जमशेद आलम के सपनों के सामने घर की आर्थिक तंगी एक बड़ी चुनौती थी. जमशेद आलम ने कहा, 'मैं घर वापस गया और अपने पिता से कहा कि मैं क्रिकेट खेलना चाहता हूं. वे हैरान रह गए. हमारे पास क्रिकेट जैसे महंगे खेल को आगे बढ़ाने के लिए साधन नहीं थे.' हालांकि, पिता की हिचकिचाहट भी जमशेद आलम के पक्के इरादे को कम नहीं कर सकी. इसके बाद उन्होंने एक ऐसा रास्ता चुना, जिसके बारे में 13 साल का कोई आम बच्चा शायद ही सोच पाता. जमशेद आलम ने कहा, 'मेरे पिता ने मुझे साफ-साफ कह दिया कि उस दिन के बाद घर में ‘क्रिकेट’ शब्द का जिक्र भी नहीं होना चाहिए, लेकिन मैंने ठान लिया था. या तो क्रिकेट, या फिर कुछ नहीं. उस समय मेरे पास 2,500 रुपये थे. मैंने वे सारे पैसे लिए और घर से निकल गया.'

रेलवे में नौकरी मिल गई

एक महीने तक घर से दूर रहने के बाद जमशेद आलम अपने लौटे. जमशेद आलम ने कहा, 'मेरे भाई ने मेरे पिता से कहा कि मुझे दो साल का समय दें. अगर मैं कोई तरक्की नहीं कर पाया, तो मैं कभी गेंद को हाथ नहीं लगाऊंगा और अपना पूरा ध्यान पढ़ाई-लिखाई पर लगा दूंगा. मेरे पिता मान गए. दो साल के अंदर, मैं उत्तर प्रदेश की अंडर-19 टीम में जगह बनाने में कामयाब हो गया. अंडर-19 के अलावा, मैंने यूपी टी20 लीग में भी खेला है, लेकिन मुझे बहुत कम मौके मिले. मेरे मौजूदा कोच अनुरीत सिंह, जो खुद भी रेलवे के लिए खेलते थे, उन्होंने पिछले साल मुझे रेलवे में आने की सलाह दी. मुझे स्पोर्ट्स कोटे के जरिए TTE (ट्रैवलिंग टिकट एग्जामिनर) की नौकरी मिल गई.'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More