SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कार्तिक पूर्णिमा पर त्रिपुरासुर के वध के बाद देवों ने मनाई थी देव दिवाली, जानिए इस तिथि कैसे करें शिव जी की पूजा

इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर पूजा और दीपदान करने का शुभ मुहूर्त क्या है, दान-स्नान कब किया जाएगा और किस विधि से भगवान शिव और विष्णु जी की पूजा की जाएगी? आइए इस लेख में जानें इन सभी के बारे में विस्तार से.

Written By Padma Shree Shubham
Published: Nov 13, 2026, 19:12 IST | Updated: Nov 13, 2026, 20:07 IST
Join

Kartik Purnima 2026 Date and Time: हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व है. कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदी में स्नान करने के साथ ही दान-दक्षिणा देने और सतकर्म करने का नियम है. ऐसी मान्यता है कि इस तिथि पर नदियों और मंदिरों में दीप दान करने से पुण्य फलों की प्राप्ति होती है और जीवन के पाप कटने लगते हैं. मान्यता है कि जब शिव जी ने त्रिपुरासुर का वध कर दिया तब उसके बाद देवों की दिवाली मनाई गई. आइए जानें इस साल कार्तिक पूर्णिमा कब है और इस दिन पूजा करने से लेकर दीपदान करने का शुभ मुहूर्त क्या है, किस विधि से इस तिथि पर पूजा करें.

कार्तिक पूर्णिमा का शुभ मुहूर्त

कार्तिक पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर 2026 को रात के 11:42 बजे से शुरू होकर 24 नवंबर 2026 की रात 08:23 बजे समाप्त हो जाएगी. इस तरह उदया तिथि में इस साल कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर 2026, मंगलवार को है. स्नान और दान इसी दिन किया जाएगा और शुभ मुहूर्त में शिव जी और भगवान विष्णु की पूजा की जाएगी. शाम को दीपदान भी किया जाएगा. दीपदान के लिए शुभ मुहूर्त शाम 05:08 बजे से शुरू होकर शाम के 07:47 बजे तक होगा. इस दिन चंद्रोदय शाम 05:01 बजे होगा. इस बार कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान-दान के लिए सुबह 05:03 बजे से लेकर सुबह 05:57 बजे का समय शुभ होगा क्योंकि यह ब्रह्म मुहूर्त होगा. सुबह 07:47 बजे तक पूजा की जा सकेगी.

कार्तिक पूर्णिमा 2026 पूजा विधि

इस दिन गंगा नदी में या पास के ही किसी पवित्र नदी में स्नान करें.
घर में भी स्नान कर सकते हैं इसके लिए नहाने के पानी में गंगाजल मिला लें.
स्नान के बाद पूजा का संकल्प लें और मंदिर की साफ-सफाई कर लें.
एक चौकी पर लाल कपड़ा बिछाकर उस पर शिव जी और विष्णु जी की प्रतिमा स्थापित करें.
पूजा के समय भगवान विष्णु को तुलसी के पत्ते अर्पित करें.
धूप, दीप, चंदन, रोली, अक्षत, फूल चढ़ाएं.
पंचामृत, फल और नैवेद्य का भोग चढ़ाएं.
वहीं भगवान शिव को सबसे पहले जल, दूध चढ़ाएं.
इसके बाद बेलपत्र और धतूरा अर्पित करें.
अंत में भगवान की आरती कर पूजा को संपन्न करें.
जरूरतमंदों को भोजन कराएं, वस्त्र और धन का दान दें.
शाम को शुभ मुहूर्त में दीपदान करें और घर के अलग-अलग जगहों पर दीपक जलाएं.

कार्तिक पूर्णिमा पर होती है देव दीपावली

कार्तिक पूर्णिमा को देव दिवाली पर्व के रूप में भी मनाया जाता है. इस दिन शाम को विशेष रूप से वाराणसी समेत देश के अनेक हिस्सों में पवित्र नदियों के घाटों पर दीया जलाकर देव दिवाली मनाने का विधान है. इस तरह देवताओं के नाम लाखों दीप जलाए जाते हैं. धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा तिथि पर देवी-देवता धरती पर उतरते हैं और धूमधाम से दिवाली पर्व मनाते हैं.

त्रिपुरासुर के वध के बाद देवों की दिवाली

पौराणिक कथा है कि तारकासुर के तीन पुत्र तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युनमाली थे. जब तारकासुर का अंत हो गया तो तीनों भाइयों ने ब्रह्मा जी को अपने कठोर तप से प्रसन्न किया. वरदान में तीनों भाइयों ने ब्रह्मा जी से अमर होने का वरदान मांगा लेकिन भगवान ने मना कर दिया. तब तीनों ने तीन अलग-अलग नगर वरदान में मांग लिए. एक ने सोने का, एक ने चांदी का और एक ने लोहे का नगर मांगा जो हजार साल में केवल एक बार ही एक सीध में आ सकते थे. तीनों भाइयों ने वारदान में मांगा कि एक ही बाण से इन तीनों को जब भेदा जाए तभी उनका अंत हो. तीनों नगरों को मय दानव ने बनाया. सोने का नगर तारकाक्ष का था, चांदी का नगर कमलाक्ष का था और लोहे का नगर विद्युनमाली का था. इनको एक साथ त्रिपुर कहा गया. शुरू में तीनों असुर धार्मिक बने रहे लेकिन धीरे-धीरे तीनों घमंड में चूर होकर देवताओं और ऋषियों को सताने लगे. तीनों लोकों में आतंक मचा दिया. तब सभी देवता शिव जी के पास गए और त्रिपुर के अंत का समाधान पूछने लगे. तभी निर्णय लिया गया कि शिव जी त्रिपुर का अंत करेंगे. एक दिव्य रथ तैयार किया गया जिसका आधार पृथ्वी बनी, सूर्य-चंद्रमा रथ के पहिए और चारों वेद रथ के घोड़े बने. इस रथ के सारथी ब्रह्मा जी थे. सुमेरु पर्वत धनुष और बाण विष्णु जी बने थे. हजार साल बाद एक ऐसा दिन आया जब तीनों नगर एक सीध में आए और इसी अवसर पर शिव जी ने एक बाण चलाकर तीनों नगर को भस्म कर दिया. धार्मिक मान्यता है कि यह घटना कार्तिक पूर्णिमा तिथि पर हुई थी और इसी घटना के बाद शिव जी को त्रिपुरारी और त्रिपुरांतक कहा गया. त्रिपुरासुर के आतंक से तीनों लोक जब मुक्त हो गए तो सभी शिव जी की नगरी वाराणसी पहुंचकर सभी देवी-देवताओं ने गंगा तट पर लाखों दीये जलाकर शिव जी का आभार व्यक्त किया, इसी उत्सव को देव दिवाली कहा गया.

(Disclaimer- यह लेख सामान्य धार्मिक जानकारी के लिए है कृपया पूजा से पहले अपने पुरोहित या पंचांग से मुहूर्त की पुष्टि अवश्य करें हम किसी दावे की गारंटी नहीं देते हैं.)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पद्मा श्री शुभम् को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव. मॉस कम्‍युनिकेशन ग्रेजुएट और हिंदी लिटरेचर से पोस्‍ट ग्रेजुएट. मीडिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म से करियर शुरू करने के बाद कई संस्थाओं में काम किया. Nedrick News, TFI Post जैसी संस्थाओं में कार्यरत रहीं. इसके बाद Zee News जॉइन किया. समाचार और वर्तमान घटनाओं पर लिखने पढ़ने में रुचि. धर्म और ज्योतिष में अधिक रुचि. वर्तमान में धर्म और ज्योतिष संबंधी लेख लिखने में कार्यरत. पद्मा से आप padma.shubham@India.com मेल के जरिए सीधे संपर्क कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES