इस साल कब मनाई जाएगी काल भैरव जयंती, क्या है पूजा विधि और शुभ मुहूर्त? जानें
ऐसी धार्मिक मान्यता है कि मार्गशीर्ष महीने के कृष्ण अष्टमी तिथि पर काल भैरव देवता का प्राकट्य हुआ, ऐसे में इस तिथि पर उनकी जयंती मनाने का विधान है. आइए जानें भैरव जयंती इस साल कब है और पूजा के लिए शुभ मुहूर्त क्या बन रहे हैं.
हिंदू धर्म में भगवान काल भैरव की उपासना करने का विशेष महत्व है. महादेव के उग्र और महाशक्तिशाली स्वरूप भगवान काल भैरव की उपासना करने से जीवन की नकारात्मकता का नाश होता है. धार्मिक मान्यता है कि मार्गशीर्ष कृष्ण अष्टमी तिथि पर शिवजी के भयंकर क्रोध से भगवान काल भैरव प्रकट हुए. ऐसे में इस तिथि पर हर साल भैरव जयंती मनाई जाती है. आइए जानें साल 2026 में काल भैरव जयंती कब है, पूजा विधि और शुभ मुहूर्त क्या है.
काल भैरव जयंती 2026 की तारीख
मार्गशीर्ष कृष्ण अष्टमी तिथि 30 नवंबर-1 दिसंबर की मध्यरात्रि 12:11 बजे शुरू होगी और तिथि का समापन 1 दिसंबर की रात 11:13 बजे होगा. इस तरह निशिता काल को ध्यान में रखते हुए भगवान काल भैरव जयंती इस साल 1 दिसंबर 2026, मंगलवार को मनाई जाएगी. इस पर्व पर भगवान काल भैरव की पूजा निशिता काल में रात के समय की जाती है.
काल भैरव जयंती 2026 के शुभ मुहूर्त
काल भैरव जयंती पर वैसे तो पूरा दिन पूजा करने और धार्मिक कार्यों के लिए शुभ है.
स्नान और पूजा-व्रत संकल्प के लिए ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:08 बजे से लेकर 6:02 बजे तक.
पूजा और दान के लिए अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:49 बजे से लेकर दोपहर 12:31 बजे तक.
निशिता काल की पूजा के लिए निशिता मुहूर्त: रात 11:43 बजे से लेकर मध्य रात 12:38 बजे (2 दिसंबर 2026) तक.
भगवान काल भैरव की पूजा विधि
सुबह उठें और स्नान आदि कर काले या लाल वस्त्र धारण करें.
अब व्रत और पूजा का संकल्प करें.
भगवान काल भैरव की मूर्ति या तस्वीर को चौकी पर सजाएं.
चौकी के सामने आसन लगाकर बैठ जाएं.
गंगाजल से खुद को शुद्ध करें और स्थान को शुद्ध करें.
भैरव जी को कुमकुम, फूल और अक्षत अर्पित करें.
सरसों के तेल से दीया जलाएं. धूप दिखाएं.
इमरती, जलेबी और दही-बड़े का भोग चढ़ाएं.
अब काल भैरव की आरती कर पूजा को संपन्न करें.
इस दिन काले कुत्ते को रोटी खिलाएं या दूध पिलाएं.
कौन हैं भगवान काल भैरव?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान काल भैरव को समय का अधिपति माना गया है. जो भी भक्त भगवान काल भैरव की उपासना करता है उसके जीवन से सभी तरह के अंधकार भय और दुखों का नाश हो जाता है. काल भैरव का भगवान शिव से बहुत गहरा संबंध है. दरअसल, भगवान शिव के रौद्र से जो अवतार हुआ उसे काल भैरव कहा गया. यही काल भैरव काशी में नगर कोतवाल माने गए है जिनकी कृपा से भक्तों को सुरक्षा और साहस का आशीर्वाद मिलता है साथ ही उसके जीवन के सभी संकट दूर होते हैं. सभी तरह के नकारात्मक शक्तियों से मुक्ति मिलती है और मन का भय दूर होता है.
(Disclaimer: यह लेख केवल सामान्य धार्मिक जानकारी और आस्था पर आधारित है. इसमें दी गई तिथि मुहूर्त पंचांग के अनुसार है। किसी भी व्रत पूजा से पहले विद्वान से सलाह लें.)
और पढ़ें- मार्गशीर्ष माह में कब मनायी जाएगी विवाह पंचमी, जान लें पूजा का शुभ मुहूर्त और पर्व का महत्व