सिर्फ पैसा कमाने से कोई अमीर नहीं बनता, कुबेर देव की निकली तोंद और छोटे कद में छिपा है महाधनवान बने रहने का राज!
क्या आपको भी लगता है कि कोई व्यक्ति केवल पैसा कमाने भर से अमीर बन सकता है? कैसे लंबे समय तक धनवान बने रहें, इस बारे में जानने के लिए कुबेर देव की निकली तोंद और छोटे कद के पीछे छिपे रहस्य को जानना होगा.
हिंदू धर्म में धनतेरस पर्व का बड़ा महत्व है. धन और सुख-समृद्धि के देवता को समर्पित पर्व धनतेरस का त्योहार इस साल 6 नवंबर 2026, शुक्रवार के दिन मनाया जाएगा. सनातन धर्म में कुबेर देव धन के देवता हैं जिनकी पूजा करने से घर में धन की आवक कभी नहीं रुकती है और आर्थिक संकट दूर होता है. कुबेर देवता का रूप अन्य देवता से अलग है. उनकी बड़ी निकली हुई तोंद है और उनका कद छोटा है. धन के देवता कुबेर देव शास्त्रों में यक्षों के राजा बताए गए हैं और धन-संपत्ति का संरक्षक हैं. हिंदू पौराणिक कथाओं व मूर्तिकला में देखा जा सकता है कि उनका रूप अनोखा है. उनकी निकली हुई तोंद और छोटा कद अपने भीतर गहरे रहस्य समाए हुए है. आइए इस धनतेरस के मौके पर जानें कि कुबेर देव कौन हैं और उनके शरीर की संरचना क्या बताती है.
कौन हैं कुबेर देवता
पौराणिक मान्यता है कि लंकापति रावण के सौतेले भाई कुबेर देव हैं. जब रावण का वध हुआ तब कुबेर देव को असुरों का नया सम्राट बना दिया गया. कुबेर देव ही यक्षों के राजा भी हैं और उत्तर दिशा के दिक्पाल और लोकपाल भी वही हैं. कुबेर देव के पिता महर्षि विश्रवा हैं और देववर्णिणी उनकी माता हैं. कुबेर देव भगवान शिव के परम भक्त हैं जिनके पास नौ निधियां हैं. कुबेर देव धन के देवता के रूप में पुराने समय से ही पूजे जाते हैं.
कुबेर देव की बड़ी तोंद क्या दर्शाती है?
कुबेर देव की निकली हुई तोंद केवल उनकी शारीरिक संरचना नहीं है बल्कि सुख-समृद्धि, धन व संतुष्टि को दर्शाती है. पेट पाचन का प्रतीक है ऐसे में कुबेर देव का बड़ा पेट बताता है कि अगर धन कमा लिया है तो उसे पचाएं कैसे. बड़ा पेट धैर्य पूर्वक पैसे कमाने, उसे गुप्त रखने और फिर उसे जमा करने की सीख देता है. कुबेर देव धन के देवता हैं जिनका पेट दर्शाता है कि वे दुनिया भर के धन, रत्न और वैभव को अपने भीतर सुरक्षित रखते हैं और बढ़ा हुआ पेट धन का उपयोग सही दिशा में करने की उनमें असीम क्षमता है. आज के समय की बात करें तो बैंक अकाउंट में पैसा होना तो ठीक है लेकिन गुप्त रूप से धन का निवेश करके और एक-एक धन को जोड़कर महाधनवान बना जा सकता है. बुरे समय के लिए भरपूर गुप्त धन हो.
कुबेर देव के छोटे कद में गहरी सीख
कुबेर देव के छोटे कद में गहरा रहस्य छिपा हुआ है. यह बताता है कि व्यक्ति के पास अथाह धन आ जाए, वह सफल हो जाए, सम्मान पा ले लेकिन अगर वह विनम्र नहीं है और जमीन से जुड़ा नहीं रहता है तो उसके धनवान होने का कोई मतलब नहीं है. कुबेर देव के छोटे कद से गहरी सीख मिलती है कि धन तो आ सकता है लेकिन धन को पाकर अगर मन में घमंड आता है तो ऐसा मनुष्य कभी बड़ा नहीं बनता है. छोटा कद स्थिरता का प्रतीक है. धन पाकर भी जीवन को संतुलित बनाए रखने का संदेश मिलता है. कुबेर देव का छोटा कद आर्थिक मोर्चे पर व्यक्ति के ताकतवर बने रहने की सीख देता है. साधारण कद-काठी बताती है कि आर्थिक रूप से मजबूत होने के बाद भी अपने आपको साधारण बनाए रखना चाहिए.
(डिस्क्लेमर- यह लेख केवल धार्मिक मान्यताओं, पौराणिक कथाओं और सामान्य जानकारी पर आधारित है. इसका उद्देश्य किसी अंधविश्वास को बढ़ावा देना नहीं है. आर्थिक या धार्मिक निर्णय लेने से पहले विशेषज्ञों, विद्वानों और वित्तीय सलाहकारों से सलाह अवश्य लें. पाठक अपने विवेक से ही इसे समझें.)