अयोध्या की दिवाली के 15 दिन बाद काशी में क्यों मनाते हैं देव दीपावली? पढ़ें रोचक कथा
कार्तिक पूर्णिमा पर आज देश भर में देव दीपावली मनाई जा रही है और इसकी असली रौनक शाम को सूर्यास्त के बाद काशी के घाटों पर नजर आती है. जानिए काशी में देवताओं के दिवाली मनाने की कथा.
आज 24 नवंबर 2026 को कार्तिक पूर्णिमा है, इसी दिन देव दिवाली मनाते हैं. वैसे तो देव दीपावली देश के कई हिस्सों में मनाते हैं, लेकिन इसका मुख्य आयोजन भगवान शिव की नगरी काशी (वाराणसी) में होता है. इसके पीछे वजह है कि देव दिवाली का संबंध काशी से ही है. धार्मिक मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा की रात काशी में गंगा नदी के तटों पर देवता आते हैं और दिवाली मनाते हैं. इसके पीछे वजह युगों पुरानी एक पौराणिक कथा है, जिसके कारण कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहते हैं.
त्रिपुरासुर का हुआ था वध
शिव पुराण के अनुसार, ताड़कासुर राक्षस के 3 बेटे थे - तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली. इन तीनों की सामूहिक शक्ति को त्रिपुरासुर कहा गया. वहीं कुछ कथाओं के अनुसार त्रिपुरासुर नाम का राक्षस था. जिसने तीन शक्तिशाली नगर बसाए थे. त्रिपुरासुर ने कठोर तपस्या से ब्रह्मा जी से ऐसा वरदान प्राप्त किया था कि उसे सिर्फ वही मार सकेगा, जो एक साथ उसके तीनों नगरों को भी नष्ट करेगा. इस वरदान के बाद त्रिपुरासुर निरंकुश हो गया, उसे लगा कि उसे कोई नहीं मार पाएगा.
इसके बाद त्रिपुरासुर ने ऐसा आतंक मचाया कि देवता भी परेशान हो गए. वे भगवान शिव की शरण में पहुंचे. तब भगवान शिव ने अपने दिव्य धनुष पर एक अद्भुत बाण चढ़ाया और तीनों नगरों को एक साथ नष्ट कर दिया. जिससे त्रिपुरासुर का अंत हुआ.
(यह भी पढ़ें: देव दिवाली पर सूर्यास्त के बाद इतने मिनट खास, ये 3 गलतियां फेर देंगी पूजा-दीपदान पर पानी)
देवताओं ने मनाई दिवाली
त्रिपुरासुर के अंत से देवता प्रसन्न हुए और उन्होंने शिव की नगरी काशी में दीप जलाकर दिवाली मनाई. भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की. इस दिन कार्तिक पूर्णिमा थी, जो कि कार्तिक अमावस्या पर दिवाली मनाए जाने के ठीक 15 दिन बाद पड़ती है. चूंकि इस दिन देवताओं ने दिवाली मनाई थी, इसलिए इस दिन हर साल देव दिवाली मनाते हैं. साथ ही त्रिपुरासुर राक्षस का वध हुआ था, इसलिए इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा कहते हैं.
यही वजह है कि भगवान राम के आगमन की खुशी में कार्तिक अमावस्या पर अयोध्या में दिवाली मनाई जाती है और त्रिपुरासुर राक्षस के वध की खुशी में 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा पर काशी में देव दिवाली मनाई जाती है.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और पौराणिक कथाओं पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)