देव दिवाली पर सूर्यास्त के बाद इतने मिनट खास, ये 3 गलतियां फेर देंगी पूजा-दीपदान पर पानी
24 नवंबर यानी कि आज देव दीपावली है यानी कि देवी-देवताओं की दिवाली. इस खास मौके पर दीपदान के लिए शाम को कुछ ही देर का शुभ मुहूर्त है. इस दौरान कुछ गलतियां करने से बचें.
दिवाली के बाद देव दिवाली का इंतजार शुरू हो जाता है. मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा की रात देवता धरती पर आकर दिवाली मनाते हैं. इसलिए लोग उनकी कृपा पाने के लिए घाटों, मंदिरों, घरों में ढेर सारे दीप जलाते हैं, विशेष पूजा करते हैं. खासतौर पर देव दिवाली की असली रौनक काशी के घाटों पर देखने को मिलती है. इस साल देव दीपावली 24 नवंबर 2026, मंगलवार यानी कि आज है. सूर्यास्त के बाद दीपदान के लिए सबसे शुभ मुहूर्त क्या है और दीपदान करने की सही विधि क्या है, आइए जानते हैं सारे जवाब.
दीपदान के लिए शुभ मुहूर्त
द्रिक पंचांग के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा तिथि रात 08:23 बजे तक रहेगी, ऐसे में इस समय तक दीपदान किया जा सकता है. लेकिन दीपदान के लिए सबसे शुभ समय सूर्यास्त के बाद प्रदोष काल में माना गया है.
कार्तिक पूर्णिमा पर प्रदोष काल : शाम 05:08 बजे से रात 07:47 बजे तक रहेगा. यानी कि करीब 2 घंटे 39 मिनट का समय रहेगा.
हालांकि, ये मुहूर्त मोटे तौर पर दिल्ली-एनसीआर के लिए हैं, स्थान के अनुसार शुभ मुहूर्त के समय में कुछ अंतर हो सकता है.
(यह भी पढ़ें- कार्तिक पूर्णिमा पर उच्च राशि वृष में चंद्र गोचर, 5 राशि वाले लोग लेंगे बड़े फैसले, होगा लाभ)
दीपदान करने की सही विधि
मिट्टी के नए दीये लें और उन्हें पानी में कुछ देर रखकर सुखा लें. फिर उनमें से कुछ दीपकों में देसी घी डालें. ये दीपक मंदिर, घर के मंदिर, नदी के घाट, तुलसी कोट के पास और मुख्य द्वार पर रखें (हर जगह कम से कम एक-एक). देव दिवाली के दिन आमतौर पर 5,7,11, 21, 51 जैसी विषम संख्या में दीपक जलाना अच्छा माना जाता है. इसके बाद भगवान शिव, भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का स्मरण करें, पूजन करें और अपनी व परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करें.
(यह भी पढ़ें- देव दीपावली और गुरु नानक जयंती की शुभकामना: भक्तिमय मैसेज और फोटो से अपनों को दें प्रकाश पर्व की बधाई)
न करें ये गलतियां
1. हर दीपक का मुख उत्तर या पूर्व दिशा की ओर हो. गलती से भी दक्षिण दिशा की ओर बाती करके दीपक न जलाएं, यह यम की दिशा होती है.
2. मंदिर, मुख्य द्वार, तुलसी के पास जलाए गए दीयों के अलावा बाकी दीपक तेल से जला सकते हैं लेकिन ध्यान रखें कि सरसों के तेल का उपयोग न करें. बेहतर होगा घी, मूंगफली या तिल के तेल का इस्तेमाल करें.
3. दीपदान करते समय प्लास्टिक के दीए नदी में न बहाएं. इससे प्रदूषण बढ़ेगा. मिट्टी या आटे के दीए ही इस्तेमाल करें.
(Disclaimer- यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. ZEE NEWS इसकी पुष्टि नहीं करता है.)