देवी सीता, द्रौपदी से लेकर राजा प्रियवद तक, ये हैं छठ की 4 लोक कथाएं जो इस व्रत को बनाती हैं महापर्व!
Chhath Puja 2026 Chhathi Maiya Kath: लोक मान्यताओं में छठ पूजा से जुड़ी अनेक कथाएं आती हैं, ये कथाएं सूर्य देव और छठी मइया के प्रति भक्तों के त्याग, तपस्या और भक्ति को दर्शाती हैं. यहां हम आपको 4 कथाओं के बारे में बताएंगे जो देवी सीता, द्रौपदी और राजा प्रियवद से संबंधित है.
Chhath Puja Ki Kath: छठ महापर्व सिर्फ एक व्रत नहीं है बल्कि यह आस्था, संयम, कठिन व्रत और सूर्य उपासना का महाउत्सव है. सदियों से छठ व्रत रखा जा रहा है जिससे जुड़ी कई लोक कथाएं हैं जो इस व्रत को महापर्व बनाती हैं. एक कथा देवी सीता से जुड़ी है जब वे वनवास के बाद अयोध्या लौटती हैं और छठ व्रत का संकल्प करती हैं, एक कथा कर्ण से संबंधित है तो एक कथा द्रौपदी से जुड़ी है. राजा प्रियवद ने संतान प्राप्ति के लिए किस तरह पूरी श्रद्धा के साथ छठी मइया की उपासना की, छठ व्रत से जुड़ी ऐसी 4 व्रत कथाओं के बारे में आइए जानें, ऐसी कथाएं जो त्याग, तपस्या और भक्ति को दर्शाती हैं.
राम जी से जुड़ी छठ पूजा की कथा
छठ पूजा से जुड़ी एक पौराणिक लोककथा प्रचलित है. जिसके अनुसार लंका विजय के बाद चौदह वर्ष के वनवास के बाद श्रीराम अयोध्या लौटे तो घी के दीये जलाकर पूरी अयोध्या ने उनका स्वागत किया. इसके बाद श्रीराम का राज्याभिषेक किया गया. रामराज्य की स्थापना का संकल्प लेकर श्रीराम और मां सीता ने सूर्य देव की विधि-विधान से पूजा की. कार्तिक शुक्ल षष्ठी को उपवास रखा और फिर सप्तमी तिथि पर भगवान सूर्य की आराधना कर सूर्योदय के समय उन्हें अर्घ्य दिया गया. इस तरह अनुष्ठान पूर्ण हुआ और बिना किसी बाधा के रामराज्य की स्थापना हुई और राज्य के सभी लोग सुखी जीवन जीने लगे. तब से छठ पर्व मनाया जाने लगा.
राजा प्रियवद से जुड़ी छठ की कथा
छठ पूजा को लेकर एक पौराणिक कथा राजा प्रियवद से जुड़ी है. राजा प्रियवद को कोई संतान नहीं थी, तब पुत्रेष्टि यज्ञ कराकर उनकी पत्नी मालिनी को महर्षि कश्यप ने यज्ञाहुति के लिए बनाई खीर दी जिसके प्रभाव से उन्हें पुत्र की प्राप्ति हुई. पुत्र तो हुआ लेकिन वह मृत जन्मा था. प्रियवद अपने पुत्र का शव लेकर श्मशान गए, लेकिन वे इतने दुखी थे कि पुत्र वियोग में वे अपने ही प्राण त्यागने लगे. उसी समय भगवान ब्रह्मा की मानस पुत्री देवसेना प्रकट हुईं. देवसेना सृष्टि की मूल प्रवृत्ति के छठे अंश से उत्पन्न हुईं, जिसके कारण वे षष्ठी कहलाईं. देवी ने राजा से कहा कि हे राजन तुम मेरी पूजा करो और लोगों को भी इस पूजा के लिए प्रेरित करो. राजा ने पुत्र इच्छा के साथ देवी षष्ठी के व्रत का संकल्प किया जिससे उन्हें पुत्र रत्न प्राप्त हुआ. राजा ने इस पूजा को कार्तिक शुक्ल षष्ठी तिथि पर किया था. मां देवसेना ही छठी मइया हैं और उनकी पूजा को छठ पूजा पर्व के रूप में मनाया जाता है.
कर्ण से जुड़ी छठ की कथा
छठ पूजा की दो कथाओं का संबंध महाभारत काल से है. जिसमें से एक मान्यता यह है कि छठ पर्व की शुरुआत महाभारत काल में हुई जब सूर्य पुत्र कर्ण ने सूर्य देव की सबसे पहले उपासना की. कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त था और उनका पुत्र भी था. वह हर दिन सूर्योदय के समय घंटों कमर तक पानी में खड़े रहता था और फिर सूर्य देव को अर्घ्य देता था. इसके बाद जरूरतमंदों को दान देता था. सूर्य देव की कृपा से ही उसमें अपार शक्ति थी और उसके मुख पर तेज था. सूर्य देव की कृपा से ही उसने एक महान योद्धा के रूप में अपनी पहचान बनाई थी. आज भी सूर्य देव को अर्घ्य देने की परंपरा चली आ रही है.
द्रौपदी से जुड़ी छठ की कथा
कुछ कथाओं में उल्लेख आता है कि पांडवों की पत्नी द्रोपदी ने सूर्य देव की उपासना की थी. यह तब की बात है जब पांडव अपना सबकुछ हारकर द्रौपदी के साथ वनवास काट रहे थे. वन में रहकर वहां के आश्रम में रहने वाले ऋषि-मुनियों को भोजन करने की व्यवस्था करना पांडवों और द्रौपदी के लिए आसान नहीं था. ऐसे में द्रौपदी ने अपने पुरोहित धौम्य ऋषि से इसके लिए सुझाव मांगा. मान्यता है कि धौम्य ऋषि ने ही द्रौपदी को सूर्य देव की उपासना करने और रवि षष्ठी का व्रत रखने के लिए सुझाव दिया. इसके बाद द्रौपदी ने श्रद्धा भाव के साथ सूर्य देव की पूजा की और वहीं, युधिष्ठिर ने सूर्य देव के 108 नामों का जाप किया. जिससे प्रसन्न होकर सूर्य देव ने पांडवों को आशीर्वाद के रूप में अक्षय पात्र दिया जिससे कभी भी भोजन खत्म नहीं होता था. सूर्य देव के इस आशीर्वाद से पांडवों और द्रौपदी के भोजन की समस्या खत्म हो गई. तब से ही सूर्य देव की उपासना की प्रथा चली आ रही है.
(Disclaimer - यह लेख लोक कथाओं और धार्मिक मान्यताओं पर आधारित है इसे अंतिम सत्य न मानें कथा संस्करण स्थान अनुसार बदल सकते हैं निर्णय से पहले विद्वानों से सलाह अवश्य लें.)