100 फीट ऊंची पहाड़ी पर बना 'तांत्रिकों का गढ़'... जानिए उस रहस्यमयी मंदिर का सच, जिसे देखकर बना पुराना संसद भवन!
मध्य प्रदेश के मुरैना में स्थित चौसठ योगिनी मंदिर भारत का सबसे रहस्यमयी तांत्रिक केंद्र माना जाता है. इस खबर में इसके 700 साल पुराने इतिहास और संसद भवन के डिजाइन से इसके जुड़े पूरी कहानी के बारे में डिटेल से जानेंगे.
भारत में ऐसे बहुत से मंदिर हैं जो अपने-अपने खासियतों के लिए जाने जाते हैं. आज हम ऐसे ही एक कमाल के रहस्यमयी मंदिर के बारे में आपको बताएंगे. ये मंदिर लगभग 100 फीट ऊंची पहाड़ी पर बना हुआ है.
वहां के लोगों का कहना है कि इस मंदिर को दूर से देखने पर इसकी बनावट किसी उड़न तश्तरी जैसी दिखाई देती है. अगर आप यहां जाना चाहते हैं तो आपको लगभग 200 सीढ़ियां चढ़नी होंगी.
दरअसल इस मंदिर का नाम योगिनी मंदिर है. ये मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के मितावली गांव में स्थित है.
कितना पुराना है और किसने बनवाया है?
मुरैना का ये प्राचीन मंदिर लगभग 700 साल पुराना है. इस मंदिर को कच्छप राजा देवपाल ने 1323 ईस्वी में करवाया था. इस मंदिर का नाम पड़ने के पीछे भी एक वजह है. दरअसल इसका नाम 64 कमरों की वजह से पड़ा है.
कहा जाता है कि प्राचीन समय में हर एक कमरे में एक-एक शिवलिंग और देवी योगिनी की मूर्ति स्थापित थी. ये मंदिर इकंतेश्वर महादेव मंदिर के नाम से भी दुनिया भर में जाना जाता है.
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने इसे एक बहुत पुरानी और ऐतिहासिक इमारत का दर्जा दिया है.
तंत्र-मंत्र की तांत्रिक यूनिवर्सिटी और गणित की शिक्षा
पहले के समय में ये मंदिर तंत्र-मंत्र और कूटविद्या सीखने का एक बहुत बड़ा केंद्र हुआ करता था. इसे दुनिया की पहली तांत्रिक यूनिवर्सिटी भी कहा जाता था.
यहां देश-विदेश से लाखों तांत्रिक तंत्र साधना सीखने आते थे. इसके अलावा ये मंदिर ज्योतिष और गणित की शिक्षा का भी प्रमुख केंद्र था.
यहां सूर्य की चाल और उसके गोचर के आधार पर ज्योतिष की गणनाएं सिखाई जाती थीं. लोग भगवान शिव और योगिनियों की कृपा पाने के लिए यहां घंटों साधना करते थे.
संसद भवन की डिजाइन से मंदिर का हैरान करने वाला जुड़ाव
इस मंदिर से जुड़ी एक सबसे चर्चित बात इसकी बनावट है. ऐसा माना जाता है कि ब्रिटिश वास्तुकार एडविन लुटियंस ने इसी मंदिर के डिजाइन से प्रेरित होकर दिल्ली के पुराने संसद भवन का निर्माण कराया था.
भारतीय संसद की गोलाकार आकृति और बाहर लगे खंभे बिल्कुल इस मंदिर जैसे दिखते हैं. मंदिर में कुल 101 खंभे हैं जो संसद भवन के खंभों की याद दिलाते हैं. इस बात का कोई लिखित सरकारी रिकॉर्ड या प्रमाण मौजूद नहीं है.
मां काली का अवतार और योगिनियों की पौराणिक कथा
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार चौसठ योगिनियों को माता आदिशक्ति काली का ही रूप माना जाता है. कथाओं के अनुसार घोर नाम के राक्षस से युद्ध करते समय माता काली ने इन योगिनियों का अवतार लिया था.
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार आज भी यह मंदिर भगवान शिव की तंत्र साधना के एक मजबूत कवच से ढका हुआ है. इसी वजह से मंदिर में रात के समय किसी को भी रुकने की अनुमति नहीं दी जाती है.
चोरी हुई मूर्तियां और दिल्ली संग्रहालय का सफर
समय के साथ इस ऐतिहासिक मंदिर से कई कीमती मूर्तियां चोरी हो गईं. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर में बची हुई योगिनियों की मूर्तियों को दिल्ली के संग्रहालय में सुरक्षित रखवा दिया गया है.
आज मंदिर के 64 कमरों में शिवलिंग ही स्थापित हैं. मंदिर के ठीक बीच में एक खुला मंडप बना है, जिसमें एक विशाल शिवलिंग मौजूद है. इस मंदिर का रहस्य और सुंदरता आज भी देश-दुनिया के पर्यटकों को अपनी ओर खींचती है.
ये भी पढ़ें: उम्मीद की नई किरण: 34 साल बाद खुला ऐतिहासिक शीतलनाथ मंदिर, कश्मीरी पंडितों की घर वापसी की जगी आस
(Disclaimer): यह लेख पौराणिक मान्यताओं, स्थानीय जनश्रुतियों और ऐतिहासिक संदर्भों पर आधारित है.