Bhai Dooj 2026: गोवर्धन पूजा के बाद भाई दूज की तारीख पर भी उलझन, भाई-बहन का पर्व आज मनेगा या कल?
दीपोत्सव पर्व का चौथा दिन गोवर्धन पूजा का और पांचवां दिन भाई दूज का होता है. साल 2026 में गोवधर्न पूजा और भाई दूज मनाने की तारीख को लेकर लोगों में खासी उलझन है. जानिए कब मनाया जाएगा भाई दूज?
8 नवंबर को दिवाली थी, तो गोवर्धन पूजा उसके अगले दिन 9 नवंबर को होती, लेकिन तिथियों के घालमेल के चलते 9 नवंबर का दिन खाली गया और 10 नवंबर 2026 यानी कि आज गोवर्धन पूजा और अन्नकूट पर्व मनाया जा रहा है. अब इसके बाद 11 नवंबर 2026 को भाई दूज मनाया जाएगा और इसी के साथ 5 दिन का दीपोत्सव पर्व समाप्त होगा. आइए पहले समझते हैं कि तिथियों में कहां मामला फंसा, जिसके चलते इस साल दीपोत्सव पर्व 5 की बजाय 6 दिन का हो गया.
ये है पूरा मामला
गोवधर्न पूजा कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि को की जाती है. इस साल यह तिथि दिवाली के अगले दिन 9 नवंबर को दोपहर 12:31 बजे से प्रारंभ होकर 10 नवंबर की दोपहर 2 बजे तक है. चूंकि गोवर्धन पूजा सुबह के समय की जाती है इसलिए यह पर्व 10 नवंबर 2026, मंगलवार यानी कि आज मनाया जा रहा है. इसके चलते 9 नवंबर का दिन खाली रहा.
भाई दूज 2026 कब है?
भाई दूज पर्व कार्तिक शुक्ल द्वितीया को मनाते हैं और इसे यम द्वितीया भी कहते हैं. द्रिक पंचांग के अनुसार, इस साल कार्तिक शुक्ल द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शुरू होकर 11 नवंबर को दोपहर 03:53 बजे समाप्त होगी. चूंकि उदयातिथि (सूर्योदय के समय द्वितीया तिथि) 11 नवंबर को है, इसलिए भाई दूज का पर्व 11 नवंबर 2026, बुधवार को मनाया जाएगा.
भाई दूज पर भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त
साल 2026 में भाई दूज पर भाई के माथे पर तिलक करने का सर्वश्रेष्ठ मुहूर्त दोपहर में है. मशहूर ज्योतिषाचार्य पंडित अजय भाम्बी के अनुसार इस साल भाई दूज मनाने का शुभ मुहूर्त : 11 नवंबर की दोपहर 01:10 बजे से 03:20 बजे तक है. बाकी राहुकाल को छोड़कर दिन के बाकी समय भी बहनें भाई को तिलक लगाकर उसकी लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी जीवन की कामना कर सकती हैं.
भाई दूज पर राहुकाल
प्रोकेरला पंचांग के अनुसार, 11 नवंबर को भाई दूज पर राहुकाल दोपहर 12:10 बजे से 01:33 बजे तक है. राहुकाल में शुभ कार्य नहीं किए जाते हैं. लिहाजा इस समय में बहन, भाई का तिलक करने से बचें. हालांकि कई पंचांगों के अनुसार शुभ मुहूर्त दोपहर 01:20 बजे से प्रारंभ हो रहा है. अच्छी बात यह है कि 11 नवंबर को भद्रा काल नहीं है, जिसमें यह पर्व मनाना वर्जित होता है.
मान्यता है कि भाई दूज के दिन भाई अपनी बहन के घर जाकर उससे तिलक लगवाए, उसके पैर छूकर आशीर्वाद ले, उसे भेंट दे, उसके घर पर भोजन करे तो अकाल मृत्यु का डर दूर होता है. इसी कारण इस दिन को यम द्वितीया भी कहते हैं.
(Disclaimer- यह सामग्री धार्मिक मान्यताओं, प्रचलित परंपराओं एवं उपलब्ध धार्मिक स्रोतों पर आधारित है. विभिन्न क्षेत्रों, समुदायों और परंपराओं के अनुसार व्रत-त्योहारों की तिथि, पूजा-विधि एवं मान्यताओं में अंतर संभव है. साथ ही पंचांगों में भेद और अलग-अलग स्थानों पर मुहूर्त में भी कुछ अंतर हो सकता है. पाठक इसे सामान्य धार्मिक जानकारी के रूप में देखें.)