SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language
LIVE NOW

Rajasthan Panchayat Chunav Voting Live: गांव की सरकार चुनने के लिए दूसरे चरण की वोटिंग शुरू, 8,404 प्रत्याशी मैदान में

Rajasthan Panchayat Chunav Voting Live: राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 22 जिलों की 124 पंचायत समितियों में मतदान हो रहा है. जिला परिषद और पंचायत समिति के 2,549 वार्डों के लिए 8,404 प्रत्याशी मैदान में हैं. कुल 1.06 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.

Reported By Sandhya Yadav
Published: Oct 28, 2026, 08:35 AM IST | Updated: Oct 28, 2026, 10:54 AM IST
Image Credit: राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज.
Join

Rajasthan Panchayat Chunav Voting Live Updates: राजस्थान के लिए आज का दिन बेहद खास है. राजस्थान में गांव की सरकार चुनने के लिए दूसरे चरण का चुनावी रण शुरू हो गया है. दूसरे चरण में प्रदेश के 22 जिलों में मतदान हो रहा है. इस चरण में 124 पंचायत समितियों में चुनावी मुकाबला है. जिला परिषद के 352 वार्डों में 1,086 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति के 2,197 वार्डों में 7,318 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के दोनों पदों के लिए कुल 8,404 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं.

इस चरण में 1 करोड़ 6 लाख 56 हजार 127 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. इनमें 55 लाख 19 हजार 336 पुरुष मतदाता, 51 लाख 36 हजार 744 महिला मतदाता और 47 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. मतदान के लिए प्रदेश में कुल 11,799 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. आज जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए ईवीएम के जरिए वोटिंग हो रही है. वोटिंग से जुड़ी सभी खबरों से रूबरू रहने के लिए पढ़ते रहें ZEE Rajasthan लाइव ब्लॉग.

28 Oct 2026, 10:53 AM

Kota: पंचायत राज चुनाव-2026

दूसरे चरण का मतदान हुआ शुरू, जिला परिषद के 6 और पंचायत समिति के 34 वार्डों के लिए हो रहा मतदान, आज प्रत्येक मतदाता डालेंगे वोट, खेराबाद एवं चेचट क्षेत्र में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य की वोटिंग जारी, 181 मतदान केंद्रों पर 1.47 लाख मतदाता करेंगे वोट, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर SP, ASP सहित 16 गश्त दल, 8 विजिलेंस ऑफिसर टीम केंद्रों की करेगी निगरानी, SP, ASP लगातार फील्ड में कर रहे मॉनिटरिंग, मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण व्यवस्थाओं का लिया जायजा, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव प्रशासन की पहली प्राथमिकता. 
 

28 Oct 2026, 10:53 AM

Dungarpur: पंचायतीराज चुनाव का दूसरा चरण

दिन चढ़ने के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे मतदाता, मतदान केंद्रों पर अब दिखने लगी मतदाताओं की कतारे, शहीद कालिया मनात स्कूल पाल देवल मतदान केंद्र लगी कतार, बूथ के बाहर कतार में बैठकर महिलाएं अपनी बारी का कर रही इंतजार

28 Oct 2026, 10:31 AM

विधायक गणेश घोगरा ने डाला अपना मत

डूंगरपुर जिले में पंचायतीराज चुनाव के तहत डूंगरपुर, बिछीवाड़ा, पाल देवल, गामड़ी अहाड़ा, दोवड़ा, आसपुर और साबला पंचायत समिति के 115 वार्ड व जिला परिषद की 17 सीटो पर मतदान शांतिपूर्ण चल रहा है. इधर डूंगरपुर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मझोला बूथ पर कांग्रेस से डूंगरपुर विधायक गणेश घोगरा ने कतार लगते हुए अपना वोट डाला.

28 Oct 2026, 10:30 AM

भीलवाड़ा पंचायत चुनाव की वोटिंग शुरू, मतदान केंद्रों पर लगी कतारें

सहाड़ा पंचायत आम चुनाव 2026 के दूसरे चरण में बुधवार सुबह 7 बजे से 19 पंचायत समिति सदस्य व जिला परिषद सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया. मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा. सुबह मतदान शुरू होते ही कई स्थानों पर मतदाताओं की कतारें लगने की जानकारी सामने आई है. गांवों की सरकार चुनने के लिए मतदाताओं में उत्साह नजर आ रहा है.
 

28 Oct 2026, 10:28 AM

बांसवाड़ा में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण का मतदान शुरू

बांसवाड़ा जिले में पंचायतीराज चुनाव के तहत दूसरे चरण का मतदान आज सुबह से शुरू हो चुका है. बांसवाड़ा जिले की चार प्रमुख पंचायत समितियों गनोड़ा, तलवाड़ा, घाटोल और छोटी सरवन में मतदाता सुबह से ही अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं. ​प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, इस चरण में कुल 3,56,506 मतदाता मतदान में भाग लेंगे. मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुचारू और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी 379 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. ​आज हो रहे मतदान से जिला परिषद के 11 वार्डों और चारों पंचायत समितियों के कुल 74 वार्डों के प्रत्याशियों का चुनावी भविष्य तय होगा.
 

28 Oct 2026, 10:13 AM

राजगढ़ पंचायत समिति में 23 वार्डों के लिए मतदान जारी

पंचायती राज आम चुनाव 2026 के द्वितीय चरण के तहत राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र में गांव की सरकार चुनने के लिए आज मतदान हो रहा है. पंचायत समिति सदस्य के 23 वार्डों और जिला परिषद सदस्य के चार निर्वाचन क्षेत्रों के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. राजगढ़ पंचायत समिति के 23 वार्डों में पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 93 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. मतदान के लिए कुल 128 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,25,086 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 66,111 पुरुष और 58,975 महिला मतदाता शामिल हैं. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. राजगढ़ डीएसपी देशराज कुलदीप ने बताया कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है. वहीं, संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है. क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल पुलिस पार्टियां भी तैनात की गई हैं, जो प्रत्येक बूथ पर हर पांच से दस मिनट में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगी.

28 Oct 2026, 10:12 AM

झालावाड़ जिले में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान जारी

झालावाड़ जिले की चार पंचायत समिति क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान जारी है. जिले की खानपुर, बकानी, झालरापाटन तथा पिड़ावा सुनेल पंचायत समिति क्षेत्र की 142 ग्राम पंचायत में मतदाता जिला परिषद तथा पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान कर रहे हैं. जी मीडिया ने जायजा लिया ग्राम पंचायत मंडावर का जहां मतदान केंद्र पर सुबह से ही लंबी कतारे नजर आई. युवा और महिलाओं सहित बुजुर्ग लोगों ने भी मतदान में हिस्सा लिया और अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं ने बताया कि गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर वह इस बार ऐसे उम्मीदवार को चुनना चाहेंगे जो गांव का सर्वांगीण विकास करवा ये. बिजली पानी सफाई के मुद्दे इस बार चुनाव में प्रमुख रूप से सामने आए हैं.
 

28 Oct 2026, 9:40 AM

तिंवरी में मतदान प्रक्रिया शुरू होने में देरी

जोधपुर के तिंवरी में मतदान प्रक्रिया शुरू होने में आधे घंटे की देरी हुई. वार्ड नंबर दो के बूथ नंबर नौ पर ईवीएम में खराबी आने से मतदान प्रभावित हुआ. इसी तरह डऊकिया बास मुकाम नगर बूथ पर भी तकनीकी खराबी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा. ईवीएम में आई तकनीकी खराबी के चलते मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही. बाद में तकनीकी खराबी दूर होने और मशीन सही होने के बाद मतदान फिर से शुरू हुआ. इसके बाद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

 
 
28 Oct 2026, 9:40 AM

ओसियां पंचायत क्षेत्र में पंचायत चुनाव अपडेट

जोधपुर के ओसियां पंचायत क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान शुरू हो गया है. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. चुनाव को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. मतदान केंद्रों पर मतदाता पहुंचकर लोकतंत्र के इस पर्व में भाग ले रहे हैं. एक मतदाता को दो मत डालने होंगे. प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुचारु मतदान के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं. वहीं, प्रशासन मतदाताओं से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की अपील कर रहा है.

28 Oct 2026, 9:30 AM

किसके सिर बंधेगा जीत का सेहरा

Jaipur: खोरा बिसल के बूथ पर देरी से शुरु हुआ मतदान, मतदाताओं को पंद्रह मिनट तक करना पड़ा इंतजार, EVM में गलत बटन दबने से मतदान प्रक्रिया हुई प्रभावित, गांव की सत्ता की जंग, किसके सिर बंधेगा जीत का सेहरा?

28 Oct 2026, 9:29 AM

Udaipur गोगुंदा पंचायती राज चुनाव 2026

गोगुंदा के मतदान केंद्र संख्या 42 पर EVM हुई खराब, सुबह 7 बजे से मतदाताओं की लगी हुई है कतारें, पीठासीन अधिकारी उच्च अधिकारियों को दी जानकारी.
 

28 Oct 2026, 9:28 AM

जयपुर पंचायत चुनाव अपडेट

Jaipur: पंचायत चुनाव में दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी, 22 जिलों की 124 पंचायत समितियों में मतदान जारी 
 

28 Oct 2026, 9:17 AM

अलवर में पंचायत चुनाव में आज 5,77,407 मतदाता मतदान करेंगे

अलवर में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत उमरैण, मालाखेड़ा, लक्ष्मणगढ़, राजगढ़ और थानागाजी पंचायत समितियों में मतदान जारी है. जिला परिषद के 20 और पंचायत समिति के 109 वार्डों में 524 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है. कुल 5,77,407 मतदाता मतदान करेंगे. इसके लिए 650 मतदान दल तैनात किए गए हैं. अगले चरण में 30 अक्टूबर को 185 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा.

28 Oct 2026, 9:16 AM

करौली, मासलपुर और नादौती में मतदान जारी

करौली, मासलपुर और नादौती में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए आज मतदान होगा. तीनों पंचायत समितियों के 53 वार्डों और जिला परिषद के 10 वार्डों में वोट डाले जाएंगे. करौली पंचायत समिति के 15 वार्डों में 65 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जबकि मासलपुर पंचायत समिति के 15 वार्डों में 64 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा. वहीं, नादौती पंचायत समिति के 23 वार्डों में 135 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.

तीनों क्षेत्रों में कुल 2 लाख 64 हजार 819 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इनमें 1 लाख 37 हजार 257 पुरुष और 1 लाख 27 हजार 562 महिला मतदाता शामिल हैं. करौली में कुल 71,383 मतदाता हैं, जिनके लिए 76 मतदान बूथ बनाए गए हैं. मासलपुर में 68,899 मतदाता 73 मतदान बूथों पर वोट डालेंगे. वहीं, नादौती में 1,24,537 मतदाताओं के लिए 135 मतदान बूथों पर मतदान की व्यवस्था की गई है. इस तरह तीनों क्षेत्रों में कुल 284 मतदान बूथों पर वोट डाले जाएंगे.

28 Oct 2026, 8:48 AM

अजमेर में पंचायत राज चुनाव की वोटिंग

अरांई, अजमेर में पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है. अरांई क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान किया जा रहा है. मतदान को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से चाक-चौबंद है. वहीं, मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है. आज जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान किया जा रहा है.

 
28 Oct 2026, 8:45 AM

पंचायत चुनाव-2026 के दूसरे चरण के लिए वोटिंग, सीएम ने की अपील

पंचायत चुनाव-2026 के दूसरे चरण के लिए आज मतदान होने जा रहा है. इसको लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रदेशवासियों से मतदान करने की अपील की है. उन्होंने लिखा, "पहले मतदान, फिर जलपान!" मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय सहभागिता निभाएं. उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की मजबूती और ग्रामीण स्वशासन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है. मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं से उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया. साथ ही, उन्होंने युवाओं से अपने परिवारजनों और परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की.

28 Oct 2026, 8:44 AM

मतदान प्रतिशत और सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगी नजर

राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के दौरान प्रदेशभर के मतदान केंद्रों पर वोटिंग की स्थिति पर नजर रखी जाएगी. इसके साथ ही मतदाताओं के उत्साह, मतदान प्रतिशत और सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान रहेगा. मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मुकाबलों के परिणामों को लेकर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की निगाहें टिकी रहेंगी.

 
 
28 Oct 2026, 8:43 AM

झालावाड़ की 142 ग्राम पंचायतों के क्षेत्रों में मतदान

झालावाड़ जिले में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत झालरापाटन, सुनेल-पिड़ावा, खानपुर और बकानी पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाली 142 ग्राम पंचायतों के क्षेत्रों में मतदान होगा. इस दौरान मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे.

28 Oct 2026, 8:43 AM

दौसा में 3.73 लाख से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट

दौसा जिले की बांदीकुई, बसवा, बैजूपाड़ा, महवा, मंडावर और मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समितियों में 28 अक्टूबर को मतदान होगा. इस चरण में कुल 3 लाख 73 हजार 482 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे. मतदान के लिए जिले में 419 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां पंचायत समिति के 98 और जिला परिषद के 13 सदस्य पदों के लिए वोटिंग होगी.

28 Oct 2026, 8:42 AM

कोटपूतली-बानसूर में 442 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग

पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में कोटपूतली, पावटा, नारायणपुर और बानसूर पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा. इन क्षेत्रों में मतदान के लिए कुल 442 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी. निर्वाचन विभाग ने मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES