App
Live Now

Rajasthan Panchayat Chunav Voting Live: गांव की सरकार चुनने के लिए दूसरे चरण की वोटिंग शुरू, 8,404 प्रत्याशी मैदान में

Rajasthan Panchayat Chunav Voting Live: राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में 22 जिलों की 124 पंचायत समितियों में मतदान हो रहा है. जिला परिषद और पंचायत समिति के 2,549 वार्डों के लिए 8,404 प्रत्याशी मैदान में हैं. कुल 1.06 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.

Rajasthan Panchayat Chunav Voting Live: गांव की सरकार चुनने के लिए दूसरे चरण की वोटिंग शुरू, 8,404 प्रत्याशी मैदान में
Image Credit: राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज.

Rajasthan Panchayat Chunav Voting Live Updates: राजस्थान के लिए आज का दिन बेहद खास है. राजस्थान में गांव की सरकार चुनने के लिए दूसरे चरण का चुनावी रण शुरू हो गया है. दूसरे चरण में प्रदेश के 22 जिलों में मतदान हो रहा है. इस चरण में 124 पंचायत समितियों में चुनावी मुकाबला है. जिला परिषद के 352 वार्डों में 1,086 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति के 2,197 वार्डों में 7,318 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के दोनों पदों के लिए कुल 8,404 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं.

इस चरण में 1 करोड़ 6 लाख 56 हजार 127 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे. इनमें 55 लाख 19 हजार 336 पुरुष मतदाता, 51 लाख 36 हजार 744 महिला मतदाता और 47 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. मतदान के लिए प्रदेश में कुल 11,799 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. आज जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए ईवीएम के जरिए वोटिंग हो रही है. वोटिंग से जुड़ी सभी खबरों से रूबरू रहने के लिए पढ़ते रहें ZEE Rajasthan लाइव ब्लॉग.

28 Oct 2026 09:40 IST (IST)

तिंवरी में मतदान प्रक्रिया शुरू होने में देरी

जोधपुर के तिंवरी में मतदान प्रक्रिया शुरू होने में आधे घंटे की देरी हुई. वार्ड नंबर दो के बूथ नंबर नौ पर ईवीएम में खराबी आने से मतदान प्रभावित हुआ. इसी तरह डऊकिया बास मुकाम नगर बूथ पर भी तकनीकी खराबी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा. ईवीएम में आई तकनीकी खराबी के चलते मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही. बाद में तकनीकी खराबी दूर होने और मशीन सही होने के बाद मतदान फिर से शुरू हुआ. इसके बाद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया.

 
 

28 Oct 2026 09:40 IST (IST)

ओसियां पंचायत क्षेत्र में पंचायत चुनाव अपडेट

जोधपुर के ओसियां पंचायत क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत मतदान शुरू हो गया है. जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं. चुनाव को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है. मतदान केंद्रों पर मतदाता पहुंचकर लोकतंत्र के इस पर्व में भाग ले रहे हैं. एक मतदाता को दो मत डालने होंगे. प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुचारु मतदान के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं. वहीं, प्रशासन मतदाताओं से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की अपील कर रहा है.

28 Oct 2026 09:30 IST (IST)

किसके सिर बंधेगा जीत का सेहरा

Jaipur: खोरा बिसल के बूथ पर देरी से शुरु हुआ मतदान, मतदाताओं को पंद्रह मिनट तक करना पड़ा इंतजार, EVM में गलत बटन दबने से मतदान प्रक्रिया हुई प्रभावित, गांव की सत्ता की जंग, किसके सिर बंधेगा जीत का सेहरा?

28 Oct 2026 09:29 IST (IST)

Udaipur गोगुंदा पंचायती राज चुनाव 2026

गोगुंदा के मतदान केंद्र संख्या 42 पर EVM हुई खराब, सुबह 7 बजे से मतदाताओं की लगी हुई है कतारें, पीठासीन अधिकारी उच्च अधिकारियों को दी जानकारी.
 

28 Oct 2026 09:28 IST (IST)

जयपुर पंचायत चुनाव अपडेट

Jaipur: पंचायत चुनाव में दूसरे चरण के लिए वोटिंग जारी, 22 जिलों की 124 पंचायत समितियों में मतदान जारी 
 

28 Oct 2026 09:17 IST (IST)

अलवर में पंचायत चुनाव में आज 5,77,407 मतदाता मतदान करेंगे

अलवर में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत उमरैण, मालाखेड़ा, लक्ष्मणगढ़, राजगढ़ और थानागाजी पंचायत समितियों में मतदान जारी है. जिला परिषद के 20 और पंचायत समिति के 109 वार्डों में 524 प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है. कुल 5,77,407 मतदाता मतदान करेंगे. इसके लिए 650 मतदान दल तैनात किए गए हैं. अगले चरण में 30 अक्टूबर को 185 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा.

28 Oct 2026 09:16 IST (IST)

करौली, मासलपुर और नादौती में मतदान जारी

करौली, मासलपुर और नादौती में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए आज मतदान होगा. तीनों पंचायत समितियों के 53 वार्डों और जिला परिषद के 10 वार्डों में वोट डाले जाएंगे. करौली पंचायत समिति के 15 वार्डों में 65 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जबकि मासलपुर पंचायत समिति के 15 वार्डों में 64 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा. वहीं, नादौती पंचायत समिति के 23 वार्डों में 135 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.

तीनों क्षेत्रों में कुल 2 लाख 64 हजार 819 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इनमें 1 लाख 37 हजार 257 पुरुष और 1 लाख 27 हजार 562 महिला मतदाता शामिल हैं. करौली में कुल 71,383 मतदाता हैं, जिनके लिए 76 मतदान बूथ बनाए गए हैं. मासलपुर में 68,899 मतदाता 73 मतदान बूथों पर वोट डालेंगे. वहीं, नादौती में 1,24,537 मतदाताओं के लिए 135 मतदान बूथों पर मतदान की व्यवस्था की गई है. इस तरह तीनों क्षेत्रों में कुल 284 मतदान बूथों पर वोट डाले जाएंगे.

28 Oct 2026 08:48 IST (IST)

अजमेर में पंचायत राज चुनाव की वोटिंग

अरांई, अजमेर में पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू हो गया है. अरांई क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान किया जा रहा है. मतदान को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से चाक-चौबंद है. वहीं, मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है. आज जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान किया जा रहा है.

 
28 Oct 2026 08:45 IST (IST)

पंचायत चुनाव-2026 के दूसरे चरण के लिए वोटिंग, सीएम ने की अपील

पंचायत चुनाव-2026 के दूसरे चरण के लिए आज मतदान होने जा रहा है. इसको लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रदेशवासियों से मतदान करने की अपील की है. उन्होंने लिखा, "पहले मतदान, फिर जलपान!" मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय सहभागिता निभाएं. उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की मजबूती और ग्रामीण स्वशासन को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर है. मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं से उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया. साथ ही, उन्होंने युवाओं से अपने परिवारजनों और परिचितों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की.

28 Oct 2026 08:44 IST (IST)

मतदान प्रतिशत और सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगी नजर

राजस्थान में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के दौरान प्रदेशभर के मतदान केंद्रों पर वोटिंग की स्थिति पर नजर रखी जाएगी. इसके साथ ही मतदाताओं के उत्साह, मतदान प्रतिशत और सुरक्षा व्यवस्था पर भी ध्यान रहेगा. मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनावी मुकाबलों के परिणामों को लेकर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की निगाहें टिकी रहेंगी.

 
 
28 Oct 2026 08:43 IST (IST)

झालावाड़ की 142 ग्राम पंचायतों के क्षेत्रों में मतदान

झालावाड़ जिले में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत झालरापाटन, सुनेल-पिड़ावा, खानपुर और बकानी पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाली 142 ग्राम पंचायतों के क्षेत्रों में मतदान होगा. इस दौरान मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे.

28 Oct 2026 08:43 IST (IST)

दौसा में 3.73 लाख से ज्यादा मतदाता डालेंगे वोट

दौसा जिले की बांदीकुई, बसवा, बैजूपाड़ा, महवा, मंडावर और मनोहरपुर खेड़ला पंचायत समितियों में 28 अक्टूबर को मतदान होगा. इस चरण में कुल 3 लाख 73 हजार 482 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे. मतदान के लिए जिले में 419 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां पंचायत समिति के 98 और जिला परिषद के 13 सदस्य पदों के लिए वोटिंग होगी.

28 Oct 2026 08:42 IST (IST)

कोटपूतली-बानसूर में 442 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग

पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में कोटपूतली, पावटा, नारायणपुर और बानसूर पंचायत समितियों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा. इन क्षेत्रों में मतदान के लिए कुल 442 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी. निर्वाचन विभाग ने मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं.

28 Oct 2026 08:42 IST (IST)

कोलायत में सियासी वर्चस्व की लड़ाई, दिग्गजों की सक्रियता बढ़ी

श्रीकोलायत क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी और विधायक अंशुमान सिंह भाटी की सक्रियता के बीच कांग्रेस के पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी भी अपने समर्थकों के साथ चुनावी मैदान में जुटे हुए हैं. ऐसे में क्षेत्र में राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई के बीच मतदान के दौरान सभी की नजरें चुनावी गतिविधियों पर रहेंगी.

28 Oct 2026 08:38 IST (IST)

बीकानेर जिले की कोलायत, बीठनोक, बज्जू खालसा, हदां और बीकानेर पंचायत समितियों में मतदान

राजस्थान पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में बीकानेर जिले की कोलायत, बीठनोक, बज्जू खालसा, हदां और बीकानेर पंचायत समितियों में मतदान होगा. इन क्षेत्रों की 137 ग्राम पंचायतों में कुल 382 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. यहां करीब 3 लाख 35 हजार मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इसके साथ ही जिला परिषद के 11 वार्डों के लिए भी मतदान होगा.

 

28 Oct 2026 08:36 IST (IST)

डूंगरपुर में 5.16 लाख से ज्यादा मतदाता

डूंगरपुर जिले की सात पंचायत समितियों के 115 वार्डों और जिला परिषद के 17 वार्डों में मतदान होगा. डूंगरपुर, बिछीवाड़ा, पाल देवल, गामड़ी अहाड़ा, दोवड़ा, साबला और आसपुर क्षेत्रों के कुल 5 लाख 16 हजार 532 मतदाता वोट डाल सकेंगे. यहां पंचायत समिति के 376 और जिला परिषद के 58 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. मतदान के दौरान मतदाताओं की भागीदारी और चुनावी गतिविधियों पर नजर रहेगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sandhya Yadav

Sandhya Yadav

लखनऊ यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने वाली संध्या ने Zee News से पहले Newstrack और ETV Bharat जैसे प्रतिष्ठित डिजिटल न्यूज़ संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. जमीनी खबरों की गहरी समझ रखने वाली संध्या ने राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, गहलोत-पायलट राजनीतिक संकट और कोविड-19 महामारी समेत कई बड़े और जटिल घटनाक्रमों की बेहतरीन कवरेज की है.आप संध्या यादव से सीधे SANDHYA.YADAV@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा राजस्थान की खबरों के रियल-टाइम अपडेट्स के लिए आप उनसे लिंक्डइन (https://in.linkedin.com/in/sandhya-yadav-5734ba144) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More